कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर ज्यादातर लोगाें के बाल गोपाल की झांकी सजाई जाती है। इस दौरान घर में भोग तैयार करना हर कृष्ण भक्त के लिए खास होता है। इस दिन लोग अपनी पसंद के हिसाब से तरह-तरह की चीजें बनाकर भगवान कृष्ण को भोग लगाते हैं। ऐसे में अगर इस बार आप कुछ ऐसा बनाना चाहती हैं जो थोड़ा अलग भी हो और घर की आम चीजों से आसानी से बन जाए, तो ऑर्गेनिक भोग थाली का आइडिया बेस्ट रहेगा।
जन्माष्टमी पर भोग की थाली में क्या-क्या रखें?
इसमें बहुत ज्यादा ऑयली या कोई लग्जरी फूड आइटम रखने की जरूरत नहीं है। आप घर में मिलने वाली चीजों से ही बाल गोपाल के लिए स्वादिष्ट भोग तैयार कर सकती हैं। मखाने की खीर, नारियल-शक्कर का माखन और बाजरा या रागी से बनी पंजीरी इस थाली को खास बना सकती है। इसके साथ कुछ और चीजें भी रखकर आप एक सुंदर सी भोग की थाली तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैं-
मखाने की खीर से करें शुरुआत
बाल गोपाल के भोग में मीठा जरूर रखा जाता है। इसके लिए आप मखाने की खीर से शुरुआत कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए पहले मखानों को थोड़ा सा भून लें। अब इसे दूध में पकाएं। जब तक दूध खीर जैसी गाढ़ी न हो जाए। जब मखाने नरम हो जाएं और दूध थोड़ा गाढ़ा लगे तो इसमें शक्कर डालें। अगर आप भोग को थोड़ा अलग स्वाद देना चाहती हैं तो खीर में इलायची के साथ दो चम्मच केसर वाला दूध भी डाल सकती हैं। ऊपर से थोड़े कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डाल दें। आपकी मखाने की खीर तैयार है।
यह भी पढ़ें- Janmashtami Bhog 2026: न मावा, न चाशनी! सिर्फ 1 कप गेहूं के आटे और गोंद से बनाएं लजीज बर्फी
नारियल और शक्कर का बनाएं माखन
इस बार भोग की थाली में साधारण माखन की जगह नारियल-शक्कर का माखन रख सकती हैं। इसके लिए नारियल और शक्कर को अच्छी तरह मिलाकर माखन के साथ तैयार करें। यह भोग थाली में देखने में भी अच्छा लगेगा और बाकी चीजों से थोड़ा अलग भी होगा। इसे छोटी कटोरी में रखकर बाल गोपाल को भोग लगा सकती हैं।
मिलेट्स से तैयार करें पंजीरी
पंजीरी तो हमेशा से ही जन्माष्टमी के भोग में रखी जाने वाली पॉपुलर चीजों में से एक है। तो क्यों न इस बार गेहूं के आटे की जगह बाजरा या रागी जैसे मिलेट्स से पंजीरी तैयार करें। इसके लिए बाजरा या रागी के आटे को थोड़ा सा भून लें, ताकि इसका कच्चापन खत्म हो जाए। अब इसमें जरूरत के हिसाब से घी और शक्कर मिला दें। चाहें तो थोड़े कटे हुए मेवे भी डाल सकती हैं। पंजीरी को अच्छी तरह मिलाने के बाद ठंडा होने दें और फिर भोग की थाली में रखें।
यह भी पढ़ें- Janmashtami Bhog: जन्माष्टमी पर दूध से बनीं इन 2 चीजों का लगाएं भोग, जानें आसान-सी रेसिपी
पंचामृत बनेगा थाली की शान
कृष्ण जन्माष्टमी पर लोग बाल गोपाल को पंचामृत का भी भोग जरूर लगाते हैं। इसके लिए गाढ़ी दही में कच्चा दूध, चीनी, घी, शहद, गंगाजल, ड्राई फ्रूट्स डाल कर अच्छे से मिला लें। ध्यान रहे तुलसी का पत्ता जरूर डालें। क्योंकि भगवान कृष्ण बिना तुलसी के भोग गृहण नहीं करते हैं। पंचामृत से भोग के थाली की शान और ज्यादा बढ़ जाएगी।
भोग की थाली में इन चीजों को भी कर सकती हैं शामिल
अगर आप ऊपर बताई गई चीजों के अलावा भी भोग की थाली में कुछ रखना चाहती हैं, तो ये चीजें सही रहेंगी-
- केले, सेब या दूसरे पसंदीदा फलों को कटोरी में रख सकती हैं।
- कुछ भुने हुए मखाने अलग से भी रख सकती हैं।
- बादाम, काजू, किशमिश या पिस्ता भी थाली में रखी जा सकती है।
- बाल गोपाल के भोग में मिश्री भी जरूर रखें।
यह भी पढ़ें- जन्माष्टमी के दिन राशि अनुसार भगवान कृष्ण को लगाएं ये भोग, सभी परेशानियां हो सकती हैं दूर
भोग थाली सजाने का आसान तरीका
भोग की थाली में सभी चीजें बहुत ज्यादा मात्रा में रखने की जरूरत नहीं है। छोटी-छोटी कटोरियों में अलग-अलग चीजें आप रख दें। बीच में मखाने की खीर की कटोरी रख सकती हैं। इसके आसपास पंजीरी, नारियल-शक्कर का माखन, दही और फल रखें। थाली को ज्यादा भरने की बजाय साफ-सुथरे तरीके से सजाना ही सही रहता है। इसके बाद बाल गोपाल की छोटी सी मूर्ति या तस्वीर के सामने इसे रखकर भोग लगा दें।
भोग बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आपका फोकस भोग पर है तो जितना संभव हो, साफ और अच्छी क्वालिटी वाली सामग्री ही इस्तेमाल करें। खासकर अनाज, मिलेट्स, दूध, फल और शक्कर जैसी चीजों को अच्छी तरह देखकर ही लें।
- मिलेट्स का आटा ताजा रखें।
- मखानों को इस्तेमाल करने से पहले साफ कर लें।
- दूध और दही ताजा इस्तेमाल करें।
- फलों को अच्छी तरह धोकर ही काटें।
- भोग की सभी चीजें ताजा बनाकर रखें।
तो इस तरह इस जन्माष्टमी आप बाल गोपाल के लिए एक ऐसी भोग थाली तैयार कर सकती हैं जिसमें स्वाद के साथ ऑर्गेनिक चीजें शामिल हों। सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए बहुत लंबी तैयारी की जरूरत नहीं पड़ेगी और घर पर ही एक सुंदर सी जन्माष्टमी भोग थाली तैयार हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- इस विधि से लगाएं लड्डू गोपाल को भोग, मिलेंगे अद्भुत फल
साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik/AI
