Pressure Cooker Kadhi Recipe:भारतीय खाने में कढ़ी-चावल का अपना अलग ही महत्व है। दही और बेसन से तैयार होने वाली यह डिश दोपहर के खाने से लेकर हल्के डिनर तक के लिए काफी पसंद की जाती है। पारंपरिक तरीके से कढ़ी बनाने में काफी समय लगता है। इसे धीमी आंच पर पकाने और लगातार चलाने की जरूरत पड़ती है, ताकि दही फटे नहीं और बेसन अच्छी तरह पक जाए, लेकिन अगर आपके पास समय कम है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप प्रेशर कुकर की मदद से भी स्वादिष्ट कढ़ी तैयार कर सकती हैं। खास बात यह है कि इसके लिए आपको बहुत ज्यादा बर्तनों की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। आइए जानते हैं, कुकर में कढ़ी बनाने की आसान रेसिपी और कुछ जरूरी टिप्स।
कुकर में कढ़ी बनाने के लिए जरूरी सामग्री (Kadhi Ingredients)
कढ़ी का स्वाद उसकी सामग्री के सही अनुपात और मसालों पर निर्भर करता है। इसे बनाने के लिए आपको ये चीजें चाहिए:
- दही या लस्सी – डेढ़ कप (हल्का खट्टा दही बेहतर रहेगा)
- बेसन – 3 से 4 बड़े चम्मच
- पानी – 3 से 4 कप
- हल्दी पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- घी या तेल – 1 से 2 बड़े चम्मच
- जीरा – आधा छोटा चम्मच
- राई – आधा छोटा चम्मच
- मेथी दाना – एक चुटकी
- हींग – एक चुटकी
- करी पत्ता – 7 से 8
- अदरक और हरी मिर्च – बारीक कटी हुई या पेस्ट
कुकर में कढ़ी बनाने का आसान तरीका (Cooker Recipe)
कुकर में कढ़ी बनाने के लिए आपको नीचे दिए गए तरीकों को अपनाने की जरूरत है।
1. सबसे पहले तैयार करें दही और बेसन का घोल
एक बड़े बर्तन में दही और बेसन डालकर अच्छी तरह फेंट लें। ध्यान रखें कि इसमें बेसन की गांठें बिल्कुल न रहें। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च और नमक मिलाएं। धीरे-धीरे पानी डालते हुए मिश्रण को लगातार चलाएं। घोल इतना पतला होना चाहिए कि वह आसानी से कुकर में डाला जा सके।
image credit- pinterest (Nina Nayyar)
2. कुकर में लगाएं मसालेदार तड़का
अब प्रेशर कुकर को गैस पर रखें और उसमें घी या तेल गर्म करें। इसमें राई, जीरा और मेथी दाना डालें। जब मसाले चटकने लगें, तो हींग, करी पत्ता, अदरक और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकेंड तक भूनें। इससे कढ़ी में अच्छी खुशबू और स्वाद आएगा।
3. तैयार घोल को कुकर में डालें
अब दही और बेसन से तैयार घोल को कुकर में डालें। इसे डालते समय लगातार चलाते रहें। मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण में हल्का उबाल न आ जाए। इस दौरान कढ़ी को चलाना जरूरी है, ताकि बेसन नीचे न बैठे और दही फटने की आशंका कम हो।
4. अब कुकर में लगाएं सीटी
जब कढ़ी में पहला उबाल आ जाए, तो कुकर का ढक्कन बंद कर दें। मध्यम से धीमी आंच पर कुकर के अनुसार 1 से 3 सीटी आने तक पकाएं। इसमें लगभग 5 से 10 मिनट लग सकते हैं। इसके बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें। जब तक प्रेशर पूरी तरह खत्म न हो जाए, ढक्कन खोलने की कोशिश न करें।
image credit- pinterest (Home bake and cook classes)
5. तैयार कढ़ी को दें फाइनल टच
कुकर खोलने के बाद कढ़ी को अच्छी तरह चलाएं। अगर यह ज्यादा गाढ़ी लग रही है, तो थोड़ा गर्म पानी डालकर बिना ढक्कन के 2 मिनट तक उबाल लें। ऊपर से घी में कश्मीरी लाल मिर्च और हरा धनिया डालकर कढ़ी में हल्का तड़का लगाएं। बस तैयार है आपकी स्वादिष्ट कढ़ी। इसे गरमा-गरम चावल या खिचड़ी के साथ परोसें।
कुकर में कढ़ी बनाते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान
कुकर में कढ़ी बनाते समय नीचे बताई गई बातों का जरूर ध्यान रखें।
- दही में बेसन डालने के बाद अच्छी तरह फेंटना जरूरी है। गांठें रहने पर कढ़ी का टेक्सचर अच्छा नहीं बनेगा।
- बहुत ठंडा दही सीधे गर्म तड़के में डालने से बचें। घोल तैयार करके सामान्य तापमान पर इस्तेमाल करें।
- कढ़ी को कुकर बंद करने से पहले उबालना जरूरी है। इससे दही के फटने और बेसन के नीचे बैठने की आशंका कम होती है।
- कढ़ी में उबाल आने पर झाग बन सकता है। इसलिए कुकर को आधे से ज्यादा न भरें और प्रेशर रिलीज वाल्व को साफ रखें। अपने कुकर के निर्देशों का पालन करें।
- हर कुकर का प्रेशर और क्षमता अलग होती है। इसलिए सीटी की संख्या को तय नियम न मानें। कढ़ी को अच्छी तरह पकाना जरूरी है।
अगर आप कम समय में घर पर स्वादिष्ट और पारंपरिक स्वाद वाली कढ़ी बनाना चाहती हैं, तो प्रेशर कुकर का यह तरीका आजमा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- ai
