सर्दियों के मौसम में बाजार में ताजी हरी मेथी और मटर की भरमार देखने को मिलती है। इस दौरान लोग इन दोनों चीजों से बनने वाली अलग-अलग डिशेज तैयार करते हैं। इसी में से एक है मेथी मटर मलाई रेसिपी। हालांकि, कई बार महिलाओं की शिकायत रहती हैं, कि कितनी भी कोशिश कर लो लेकिन इसका स्वाद ढाबे जैसा नहीं आता है। मगर आपको बता दें कि अगर आप इसे बनाते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखती हैं, तो आप घर पर ही रेस्टोरेंट और ढाबे जैसी मेथी मटर मलाई बना सकती हैं। नीचे लेख में पढ़ें इसे बनाने आसान रेसिपी और परफेक्ट ग्रेवी बनाने का तरीका।

मेथी मटर मलाई बनाने के लिए सामग्री

मेथी मटर मलाई बनाने के लिए कुछ चीजों की जरूरत होगी। नीचे पढ़ें जरूरी सामग्री और रेसिपी-

Image Credit-ai

  • 1 कप- ताजी मेथी की पत्तियां
  • 1 कप- हरी मटर
  • 1 बड़ा- प्याज
  • 1- टमाटर
  • 10-12- काजू
  • 2- हरी मिर्च
  • 1 चम्मच- अदरक-लहसुन का पेस्ट,
  • आधा कप- दूध
  • 3-4 चम्मच- ताजी मलाई
  • 2 चम्मच- तेल,
  • 1 चम्मच- घी और स्वादानुसार नमक
  • 1/2 चम्मच- जीरा
  • 1/2 चम्मच- लाल मिर्च पाउडर,
  • 1/2 चम्मच- धनिया पाउडर
  • थोड़ी सी- कसूरी मेथी
  • एक चुटकी- गरम मसाला

मेथी मटर मलाई बनाने का तरीका

मेथी मटर मलाई बनाने के लिए आप नीचे बताए गए तरीके से इसे आसानी से बना सकती हैं। इसमें मेथी का कड़वापन निकालने, पकाने से लेकर सर्व करने का पूरा प्रोसेस बताया गया है।

मेथी का कड़वापन दूर करना जरूरी

मेथी मटर मलाई का स्वाद अच्छा बनाने के लिए सबसे जरूरी है कि मेथी का कड़वापन ज्यादा न रहे। इसके लिए मेथी की पत्तियों को डंठल से अलग करके अच्छी तरह धो लें। अब इन्हें बारीक काटकर थोड़ा नमक मिलाएं और 10 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद मेथी को हल्के हाथों से निचोड़ लें। इससे इसका अतिरिक्त पानी और कड़वापन कम करने में मदद मिलेगी। ध्यान रखें कि मेथी को बहुत ज्यादा न निचोड़ें, वरना इसका नेचुरल टेस्ट कम हो सकता है।

Image Credit-ai

ढाबे जैसी मलाईदार ग्रेवी तैयार करने की प्रक्रिया

ग्रेवी को गाढ़ा और मलाईदार बनाने के लिए सबसे पहले काजू को 10 मिनट गर्म पानी में भिगो दें। अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर भूनें। इसमें भीगे हुए काजू डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह पकाएं। मिश्रण ठंडा होने पर इसे मिक्सर में डालकर बारीक पेस्ट बना लें। यही पेस्ट आपकी सब्जी को ढाबे जैसी गाढ़ी और रिच ग्रेवी देगा।

मेथी और मटर पकाने का प्रोसेस

अब कड़ाही में घी और तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और चटकने दें। इसके बाद तैयार ग्रेवी का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक भूनें। अब धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मिलाएं। इसके बाद हरी मटर डालें और थोड़ा पानी डालकर ढक दें। मटर के हल्का नरम होने पर इसमें कटी हुई मेथी डालें। अब दूध डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं और 5 मिनट तक पकने दें।

Image Credit-ai

मलाई डालने का समय

जब मटर और मेथी अच्छी तरह पक जाएं, तब गैस धीमी कर दें। अब इसमें ताजी मलाई और एक चुटकी गरम मसाला डालें। ऊपर से कसूरी मेथी को हथेलियों के बीच मसलकर डालें। इसे 2 मिनट तक पकाएं और गैस बंद कर दें। ध्यान रखें कि मलाई डालने के बाद सब्जी को तेज आंच पर ज्यादा देर तक न पकाएं, इससे ग्रेवी का टेक्सचर खराब हो सकता है।

रोटी और पराठे के साथ परोंसे

आपकी स्वादिष्ट ढाबा स्टाइल मेथी मटर मलाई तैयार है। इसे ऊपर से थोड़ी मलाई और हरे धनिये से सजाएं। इस सब्जी को गरमा-गरम तंदूरी रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ परोस सकती हैं। अगर आपको ग्रेवी थोड़ी पतली पसंद है, तो इसमें जरूरत के हिसाब से गर्म दूध या पानी मिला सकती हैं।

Image Credit-ai

इस प्रकार से आप आसानी से परफेक्ट मेथी मटर मलाई रेसिपी बनाकर तैयार कर सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-ai