सावन के पवित्र महीने में व्रत के दौरान अक्सर यह दुविधा रहती है कि क्या नया और स्वादिष्ट बनाया जाए। आमतौर पर लोग सिंघाड़े के आटे का हलवा, पकौड़ी, पूड़ी या फिर साबूदाना और कुट्टू के व्यंजनों का सेवन करते हैं, जिनसे बार-बार एक ही जैसा स्वाद मिलने पर बोरियत होने लगती है। यदि आप इस व्रत में कुछ हटकर और पौष्टिक ट्राई करना चाहती हैं, तो राजगिरा चीला बेहतरीन विकल्प है। यह न केवल स्वाद में लाजवाब होता है बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। नीचे दिए गए लेख में पढ़ें रेस्टोरेंट स्टाइल राजगिरा चीला बनाने की विधि।

राजगिरा आटा से चीला बनाने की विधि

राजगिरा में आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। इसे खाने से व्रत के दौरान शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। घर पर रेस्टोरेंट जैसी खुशबू और स्वाद वाला क्रिस्पी राजगिरा चीला बनाना बेहद आसान है। इसमें उबले हुए आलू, हरी मिर्च, धनिया और सेंधा नमक मिलाकर इसका बैटर तैयार किया जाता है। नोट करें स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।

बैटर बनाना

  • चीला बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़ा बर्तन लें और इसमें राजगिरा आटा लें। इसके बाद इसमें मैश किए हुए आलू, बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक और हरा धनिया डालें।
  • अब इसमें सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, जीरा और नींबू का रस मिलाएं। फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक चिकना और मध्यम गाढ़ा घोल तैयार करें।

तवा गर्म करें और चीला फैलाएं

  • घोल बनाने के बाद नॉन-स्टिक तवे या लोहे के तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें। फिर तवे पर थोड़ा सा घी या मूंगफली का तेल लगाकर इसे चिकना कर लें।
  • इसके बाद घोल को चम्मच से चलाएं। अब एक बड़ा चमचा भरकर बैटर तवे के बीच में डालें। फिर इसे हल्के हाथों से गोल आकार में बाहर की तरफ फैलाएं।

चीला सेंकने का तरीका

इसके बाद चीले के किनारों और ऊपर थोड़ा सा घी लगाएं। फिर मीडियम फ्लेम पर तब तक सेकें जब तक कि नीचे की सतह सुनहरी और क्रिस्पी न हो जाए। इसके बाद इसे सावधानी से पलट दें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेक लें।

चीला परोसने का तरीका

चीला सेंकने के बाद इसे प्लेट में निकाले। अब राजगीरा का चीला बनकर तैयार है। अब गरमा-गरम इसे व्रत वाली हरी धनिया-पुदीने की चटनी या ताजे दही के साथ परोसें।

इसे भी पढ़ें- घर पर बनाएं एकदम खस्ता कचौड़ी, इस आसान रेसिपी से मिलेगा हलवाई जैसा स्‍वाद

सावन सोमवार व्रत के दौरान आप इस चीला को बनाकर खा सकती हैं। अगर आपको यह आर्टिकल पसंद आया है तो इसे शेयर करें। ऐसे आर्टिकल को पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ।

Image Credit- Herzindagi, Shutterstock