Crispy Moong Dal Tikki Recipe: शाम की चाय हो और साथ में कुछ क्रिस्पी न हो, तो मजा अधूरा लगता है, लेकिन रोज-रोज तला-भुना खाना सेहत के लिए ठीक नहीं। ऐसे में मूंग दाल टिक्की बेस्ट ऑप्शन है। यह ऊपर से एकदम कुरकुरी, अंदर से नरम और प्रोटीन से भरी होती है।

खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान नहीं चाहिए। घर में रखी मूंग दाल, प्याज और मसालों से ही यह झटपट बन जाती है। बच्चे हों या बड़े, सब इसे चटपटे चटनी के साथ चाव से खाते हैं।

मूंग दाल टिक्की बनाने के लिए क्या चाहिए?

घर पर मूंग दाल की टिक्की बनाने के लिए सबसे पहले आप इन सामान को निकाल कर रख लें।

  • पीली मूंग दाल - 1 कप (2-3 घंटे भिगोई हुई)
  • प्याज - 1 छोटा, बारीक कटा हुआ
  • हरी मिर्च - 2, बारीक कटी हुई
  • अदरक - 1 इंच, कद्दूकस किया हुआ
  • लहसुन - 1 छोटा चम्मच, कद्दूकस (ऑप्शनल)
  • जीरा पाउडर - 1 छोटा चम्मच
  • हल्दी - आधा छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च - पाउडर आधा छोटा चम्मच
  • बेसन या कॉर्नफ्लोर - 2 से 3 बड़े चम्मच
  • हरा धनिया - 2 बड़े चम्मच, कटा हुआ
  • नमक - स्वादानुसार
  • तेल- तलने के लिए

image credit- pinterest (withmanoo)

बनाने का आसान तरीका

चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन कर रहा है, लेकिन समोसा-पकौड़ा खाने का मन नहीं है तो यह मूंग दाल टिक्की आपके लिए ही है। आइए जानते हैं बनाने का तरीका।

  • सबसे पहले मूंग दाल को अच्छे से धोकर 2-3 घंटे के लिए भिगो दें।
  • दाल का सारा पानी निकाल दें और छलनी में 15-20 मिनट रख दें। यह स्टेप सबसे जरूरी है, वरना टिक्की नरम बनेगी।
  • अब दाल को मिक्सी में डालकर हल्का दरदरा पीस लें। इसे बिल्कुल चिकना पेस्ट मत बनाएं।
  • पिसी दाल को एक बाउल में निकालें। इसमें प्याज, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, सारे मसाले, हरा धनिया, नमक और बेसन डालकर अच्छे से मिला लें।
  • हाथ पर थोड़ा पानी लगाएं, थोड़ा मिक्सचर लें और गोल करके हल्के हाथ से दबाकर टिक्की का शेप दें।
  • नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा तेल गर्म करें और टिक्की को मीडियम आंच पर सेंकें। जब दोनों तरफ से सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो निकाल लें।
  • गरम-गरम टिक्की को हरी पुदीना चटनी, इमली की चटनी या टोमैटो केचप के साथ सर्व करें।

image credit-pinterest (Dinaz Lakdaw)

टिक्की बनाते समय ध्यान रखने वाली बातें

घर में मूंग दाल टिक्की बनाते वक्त आप नीचे दी गई इन बातों का जरूर ध्यान रखें।

  • दाल में जरा भी पानी रह गया तो टिक्की टूट जाएगी। इसलिए दाल को अच्छे से सुखाएं।
  • बेबाइंडिंग के लिए बेसन ज्यादा मत डालें, वरना टिक्की सख्त हो जाएगी। 2 चम्मच काफी है।
  • तेज आंच पर टिक्की बाहर से जल जाएगी और अंदर से कच्ची रहेगी। हमेशा मीडियम आंच पर सेंकें।
  • प्याज को काटने के बाद उसका पानी निचोड़ लें, इससे मिक्सचर गीला नहीं होगा।
  • टिक्की हेल्दी बनानी है तो एयर फ्रायर में 180 डिग्री पर 12 मिनट बेक करें।

मूंग दाल टिक्की वो नाश्ता है जो स्वाद और सेहत दोनों का बैलेंस रखता है। कम तेल, ज्यादा प्रोटीन और क्रिस्पी स्वाद, यही इसे खास बनाता है। अगली बार जब चाय के साथ कुछ अच्छा खाने का मन करे, तो बाजार से लाने की बजाय घर पर ही ये टिक्की ट्राई करें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit- ai