रेस्टोरेंट जैसा क्रिस्पी और फूला-फूला आलू कुलचा खाने का मन लगभग सभी का करता है। मगर जब इसे घर पर बनाने की बारी आती है, तो लोग पीछे हट जाते हैं। हम सभी को यह लगता है कि इसे बनाने के लिए तंदूर की जरूरत होगी, लेकिन ऐसा नहीं है। आज के इस लेख में हम आपको घर पर आलू कुलचा बनाने की आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं। इसकी खास बात यह है कि इसे आप आसानी से बिना किसी झंझट के तवे पर बना सकती हैं। तो फिर देर किस बात की फटाफट पढ़ें तरीका।
आलू कुलचा बनाने की आसान विधि
घर पर बिना तंदूर के रेस्टोरेंट जैसा क्रिस्पी और फूला-फूला आलू कुलचा बनाने के लिए मैदे के खमीरी आटे में चटपटी आलू की स्टफिंग भरकर सीधे तवे पर आसानी से सेंका जाता है। नीचे जानें स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस-
कुलचे का आटा तैयार करें
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा, चीनी और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें दही और तेल डालकर हल्के हाथों से मिलाएं।
- इसके बाद गुनगुने पानी का इस्तेमाल करते हुए पूरी या परांठे जैसा नरम आटा गूंथ लें। फिर आटे को ढककर किसी गर्म जगह पर 2 से 3 घंटे के लिए फर्मेंट होने के लिए रख दें।
आलू की स्टफिंग तैयार करें
- आटा गूंथने के बाद आलू की स्टाफिंग तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होती है। इसके लिए एक मिक्सिंग बाउल में उबले हुए मैश किए आलू लें।
- अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर या चाट मसाला, गरम मसाला और नमक मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करके स्टफिंग की समान आकार की छोटी-छोटी लोइयां बना लें।
कुलचा बेलें और स्टफ करें
- तैयार की गई स्टफिंग को किनारे रखें। फिर गूंथे हुए आटे को निकालकर हल्के हाथ से मसल लें। इसके बाद बराबर आकार की लोइयां बनाएं। सभी लोइंया बनने के लिए एक-एक लोई को उठाकर हथेलियों से चपटा करें और कटोरी का आकार दें।
- इसके बाद लोई के बीच में आलू की स्टफिंग की बॉल बनाकर रखें और फिर आटे को चारों तरफ से समेटते हुए बंद कर दें। अब इसे सूखे मैदे की मदद से हल्के हाथों से बेल लें।
- ध्यान रखें कि इसे बहुत ज्यादा पतला न करें, थोड़ा मोटा ही रखें। इसके बाद कुलचे के ऊपर थोड़ी सी कलौंजी या तिल और हरा धनिया छिड़क दें। फिर बेलन की मदद से हल्के हाथ से थोड़ा सा बेलें।
कुलचा सेंकने का तरीका
- कुलचा बेलने के बाद इसकी उल्टी तरफ से थोड़ा सा पानी लगाएं। फिर एक लोहे या नॉन-स्टिक तवे को गैस पर गर्म करें। याद रखें कि तवे पर पहले घी या तेल नहीं लगाना है, तवा सूखा और तेज गर्म होना चाहिए।
- इसके बाद जिस तरफ पानी लगाया था, उस तरफ से कुलचे को तवे पर चिपका दें। गैस की फ्लेम को मीडियम फ्लेम पर करके कुछ सेकेंड तक पकने दें। इसके बाद आप देखेंगी कि कुलचे पर बुलबुले उठने लगे हैं और वह ऊपर से फूल रहा है।
- अब तवे को उल्टा करके सीधे गैस की आंच के ऊपर घुमाते हुए कुलचे को तब तक सेकें जब तक उसपर बढ़िया गोल्डन-ब्राउनी चित्तियां न आ जाएं। इसके बाद तवे को वापस सीधा करें और स्पैचुला की मदद से कुलचे को खुरच कर बाहर निकाल लें।
कुलचे पर बटर लगाकर सर्व करें
गरमा-गरम आलू कुलचे के ऊपर दोनों तरफ से भरपूर मात्रा में मक्खन या घी लगाएं। इसे छोले, पनीर की सब्जी या अपनी मनपसंद चटनी और प्याज के साथ गरमा-गरम सर्व करें।
इसे भी पढ़ें- बर्फी-पेड़ा सब लगेगा फीका! घर पर 30 मिनट में बनाएं उत्तराखंड की मशहूर सिंगोड़ी मिठाई
अगर आपको आलू कुलचा बनाना मुश्किल काम लगता है, तो यहां बताई गई रेसिपी काम आ सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit- Shutterstock
