दाल-चावल और दाल-रोटी हम भारतीयों का कंफर्ट फूड होता है है। दाल हर रोज हमारे घरों में बनती है, लेक‍िन कई बार ऐसा होता है क‍ि अचानक कुकर खराब हो जाता है या कोई और द‍िक्‍कत हो जाती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो आप सामान्‍य बर्तन या पैन में भी दाल बना सकती हैं। बस इसमें कुकर से थोड़ा ज्‍यादा समय लग सकता है।

हालांक‍ि, इस दौरान आपको कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्‍यान भी रखना होगा। इससे दाल अच्‍छी तरह से गल जाएगी। आज का हमारा लेख भी इसी वि‍षय पर है। हम आपको ब‍िना प्रेशर कुकर के दाल बनाने का आसान तरीका बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

image credit- magnific

ब‍िना प्रशेर कुकर के दाल कैसे बनाएं?

अगर आप ब‍िना प्रेशर कुकर के दाल बनाना चाह रही हैं, तो कुछ स्‍टेप्स आपको फॉलाे करने होंगे। जैसे-

  • बिना कुकर के दाल बनाने में सबसे काम की ट्रिक है उसे पहले पानी में भिगो देना। इसके ल‍िए दाल को अच्छी तरह धोकर करीब 30 मिनट से 1 घंटे तक भिगो दें। इससे दाल थोड़ी नरम हो जाएगी और बर्तन में पकने में कम समय लगेगा।
  • अब दाल पकाने के लिए ऐसा बर्तन लें जिसका तला थोड़ा भारी हो। इससे गर्मी ज्यादा बराबर तरीके से फैलेगी और दाल नीचे च‍िपकेगी भी नहीं। बहुत पतले बर्तन में दाल बनाएंगी तो आपको बार-बार चलाना पड़ सकता है।

बिना कुकर दाल बनाने का आसान तरीका

सबसे पहले दाल को दो-तीन बार पानी से धो लें। इसके बाद उसे कुछ देर के लिए भिगो दें। अब भीगी हुई दाल का पानी निकालकर उसे बर्तन में डालें। दाल में जरूरत के हिसाब से पानी, नमक और थोड़ी हल्दी डालें। अब गैस पर दाल मीड‍ियम फ्लेम पर पकने दें। जब पानी में उबाल आने लगे, तो आंच थोड़ी कम कर दें। अब बर्तन को ढककर दाल को पकने दें। बीच-बीच में ढक्कन हटाकर दाल को चलाती रहें। अगर पानी कम हो रहा है लेकिन दाल अभी कच्ची है, तो थोड़ा गर्म पानी डाल सकती हैं।

दाल पकाते समय इन बातों का रखें ध्यान

ब‍िना प्रेशर कुकर के दाल बनाते समय हम कुछ गलत‍ियां कर देते हैं, ज‍िससे दाल ठीक तरह से पक नहीं पाती है। इसलि‍ए आपको इन बातों का ध्‍यान रखना चाह‍िए। जैसे-

  • दाल को पहले भिगोएं जरूर।
  • भारी तले का बर्तन इस्तेमाल करें।
  • उबाल आने के बाद आंच कम कर दें।
  • दाल को बीच-बीच में चलाती रहें।
  • पानी कम लगे तो थोड़ा गर्म पानी डालें।
  • दाल को तब तक पकाएं जब तक वह आसानी से दबकर नरम न हो जाए।
 
image credit- magnific

कैसे पता चलेगा कि दाल पक गई है?

इसके लिए आपको कोई खास तरीका अपनाने की जरूरत नहीं है। चम्मच से थोड़ी दाल निकालकर देख लें। अगर दाल के दाने आसानी से दब रहे हैं और अच्छी तरह नरम हो गए हैं, तो समझिए दाल पक चुकी है।

दाल पकने के बाद लगाएं तड़का

जब यह अच्छी तरह से पक जाए तो दाल का स्वाद बढ़ाने के लिए तड़का लगा दें। इसके लिए छोटे पैन में थोड़ा घी या तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और उसके चटकने के बाद अपनी पसंद के हिसाब से हरी मिर्च, लहसुन, प्‍याज या टमाटर डाल सकती हैं। तड़का तैयार होने के बाद इसे दाल के ऊपर डाल दें। आखिर में हरा धनिया डाल दें।

कौन सी दाल जल्दी पक सकती है?

बिना कुकर दाल बनाने का समय दाल पर निर्भर करता है। आमतौर पर मसूर और धुली मूंग जैसी दालें जल्दी पक जाती हैं, जबकि अरहर दाल या साबुत दाल को ज्यादा समय लगता है।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI