अक्टूबर के सुहावने मौसम में हर कोई अपनी फैमिली या दोस्तों के साथ किसी न किसी ट्रिप का प्लान जरूर बना लेता है। जब भी राजस्थान का नाम आता है, तो लोग अक्सर जयपुर, उदयपुर और जैसलमेर के किलों और महलों के बारे में ही सोचने लगते हैं, लेकिन अरावली पर्वतमाला की गोद में बसा बूंदी शहर भी अपने शाही ठिकानों के लिए पूरे राजस्थान में प्रसिद्ध है। बूंदी शहर अपनी शानदार नक्शाशीदार बावड़ियों, नीली दीवारों वाले मकानों और पुरानी हवेलियों के लिए जाना जाता है। इन्हें देखने के लिए न सिर्फ भारत बल्कि विदेशों से भी लोग आते हैं।

राजस्थान का बूंदी शहर 

अगर आप भी अक्टूबर के महीने में हल्की गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रही हैं, तो राजस्थान के बूंदी शहर जा सकती हैं। आइए जानते हैं इस शहर और यहां के ट्रिप से जुड़ी कुछ जरूरी बातें-

कम बजट में बनाएं 3 दिन का ट्रिप प्लान

अगर आपका बजट कम है और आप कम खर्चे में किसी खूबसूरत जगह की ट्रिप प्लान करना चाहती हैं, तो केवल 4,000 से 5,000 रुपए में बूंदी का 3 दिन का ट्रिप आसानी से प्लान कर सकती हैं।  

पहला दिन: किला, महल और खूबसूरत झील

बूंदी शहर पहुंचते ही सबसे पहले आप किसी बजट हेरिटेज होमस्टे या गेस्ट हाउस में चेक-इन करें। इसके बाद अरावली की पहाड़ी पर बने तारागढ़ किला और गढ़ पैलेस का दीदार करने के लिए निकल जाएं। यहां स्थित चित्रशाला अपने प्राकृतिक रंगों और आर्ट के लिए दुनिया भर में मशहूर है। इसके बाद ढलती शाम में आप नवल सागर झील देखने जा सकती हैं। इसके किनारे बैठकर खूबसूरत नजारों का लुत्फ उठाएं और रात में वापस अपने होमस्टे आकर रेस्ट करें।

दूसरा दिन: ऐतिहासिक बावड़ियां और लोकल फूड

दूसरे दिन आप रानी जी की बावड़ी देखने जा सकती हैं। पत्थरों पर उकेरी गई इसकी बारीक नक्काशी आपको हैरान कर देगी और यह जगह फोटो सेशन के लिए भी बेस्ट है। इसके बाद आप धाभाई कुंड, 84 खंभों की छतरी और जैत सागर झील के तट पर जा सकती हैं। ये जगहें दिखने में बेहद खूबसूरत हैं जो आपका दिल जीत लेंगी। रात में आप बूंदी शहर के प्रसिद्ध लोकल स्ट्रीट फूड को एक्सप्लोर कर सकती हैं।

तीसरा दिन: वॉटरफॉल और रॉक आर्ट

तीसरे दिन आप भीम लत महादेव वॉटरफॉल और गरदड़ा रॉक पेंटिंग देखने जा सकती हैं। यह जगह शहर से लगभग 35 किलोमीटर दूर है, जो अक्टूबर के मौसम में देखने लायक होती है। यहाँ घूमने के बाद शाम को आप अपनी वापसी की ट्रेन पकड़ सकती हैं।

बजट और खर्चे की पूरी जानकारी

आप यहां पर कम खर्च में खूब एन्जॉय कर सकती हैं। इसके लिए नीचे दी गई बजट और खर्चे की पूरी जानकारी पढ़ें -

  • बूंदी शहर में आपको 600 से 1,000 रुपए प्रति दिन के बजट में खूबसूरत हेरिटेज होमस्टे या गेस्ट हाउस आसानी से मिल जाएंगे।
  • शहर में घूमने के लिए आप स्कूटी रेंट पर ले सकती हैं, जिसका किराया लगभग 400 रुपए प्रति दिन आएगा।
  • यहां खाना बहुत ही सस्ता और स्वादिष्ट है, आप रोजाना 400 से 500 रुपए में अपना मनपसंद खाना खा सकती हैं।

बूंदी शहर कैसे पहुंचें?

अगर आप राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र में स्थित बूंदी शहर जाना चाहती हैं, तो इन माध्यमों से पहुंच सकती हैं -

यहां आने के लिए आप अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन से बूंदी रेलवे स्टेशन तक की ट्रेन टिकट बुक कर सकती हैं। इसके अलावा कोटा जंक्शन भी आ सकती हैं। कोटा भी यहां से काफी नजदीक है। रेलवे स्टेशन से बाहर निकलकर आप कोई कैब या बस लेकर आसानी से बूंदी पहुंच सकती हैं। सबसे नजदीकी एयरपोर्ट जयपुर का सांगानेर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जो यहां से लगभग 200 किलोमीटर दूर है। एयरपोर्ट से सीधे टैक्सी या बस लेकर भी आप बूंदी आ सकती हैं।  

निष्कर्ष:अगर आप भी अक्टूबर के महीने में कम बजट में किसी खूबसूरत और ऐतिहासिक जगह पर घूमना चाहती हैं, तो राजस्थान का बूंदी शहर आपके लिए सबसे बेस्ट ऑप्शन है। यह जगह आर्ट, आर्किटेक्चर और हिस्ट्री से प्यार करने वालों के लिए एकदम परफेक्ट मानी जाती है। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।

(image credit: MAGNIFIC)