कुल्हड़ वाली चाय का स्वाद ही कुछ अलग होता है। मिट्टी की सोंधी खुशबू, गरमा-गरम चाय और अदरक-इलायची का स्वाद मिलकर इसे खास बना देते हैं। यही वजह है कि लोग घर पर भी चाय की दुकानों जैसी कुल्हड़ चाय बनाना पसंद करते हैं। मगर कई बार सारी सामग्री सही होने के बाद भी चाय में वह स्वाद नहीं आ पाता, जिसकी उम्मीद होती है। इसकी वजह दूध या चायपत्ती ही नहीं, बल्कि चाय बनाने का तरीका भी हो सकता है। खासकर दो छोटी-छोटी गलतियां चाय के स्वाद और कुल्हड़ की खुशबू को खराब कर देता है।

आज के इस लेख में हम आपको घर पर परफेक्ट कुल्हड़ चाय बनाने का सही तरीका और उन 2 गलतियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे करने से बचना चाहिए।

कुल्हड़ वाली चाय बनाते समय न करें ये गलतियां

अगर आप पहली बार में परफेक्ट कुल्हड़ वाली चाय बनाना चाहती हैं, तो इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। नीचे जानें क्या-

कुल्हड़ को पानी में बहुत देर न भिगोएं

कुल्हड़ चाय बनाते समय सबसे जरूरी है कि आप साफ और अच्छी क्वालिटी वाले कुल्हड़ का इस्तेमाल करें। कुल्हड़ को खरीदकर लाने के बाद इसे पानी से केवल एक बार धुलें ताकि धूल-मिट्टी के कण हट जाएं। ध्यान रहे कि कुल्हड़ को बहुत देर तक पानी में डुबोकर न रखें। यह गलती मैंने खुद की, जिससे चाय में सौंधापन न के बराबर आया।

चाय को बहुत देर तक उबालना

कई लोगों को लगता है कि चाय जितनी देर तक उबलेगी, उसका स्वाद उतना ही अच्छा होगा। मगर ऐसा हमेशा नहीं होता है। चायपत्ती को जरूरत से ज्यादा देर तक उबालने पर चाय कड़वी हो सकती है। वहीं, दूध को बहुत तेज आंच पर लंबे समय तक उबालने से उसका स्वाद और बनावट भी बदल सकती है।

घर पर परफेक्ट कुल्हड़ चाय कैसे बनाएं?

घर पर स्वादिष्ट कुल्हड़ चाय बनाने के लिए एक कप दूध, आधा कप पानी, एक से डेढ़ चम्मच चायपत्ती, स्वादानुसार चीनी, थोड़ा कुटा हुआ अदरक और एक छोटी इलायची लें। सबसे पहले पानी में अदरक और इलायची उबालें।

अब चायपत्ती और चीनी डालकर एक-दो मिनट पकाएं। फिर इसमें कुल्हड़ डालें। इसके बाद दूध मिलाएं और धीमी से मध्यम आंच पर चाय को अच्छी तरह पकने दें। जब चाय का रंग और स्वाद सही लगे, तो इसे छान लें।

अब कुल्हड़ या कप में गर्म चाय डालें और तुरंत परोसें। इसके अलावा अगर आप तंदूरी चाय वाला स्वाद चाहती हैं, तो कुल्हड़ को धीमी आंच पर गर्म करें। इसके बाद इसमें चाय छानकर कप में पलटें।

चाय का स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

कुल्हड़ चाय का असली मजा उसकी सादगी में है। इसलिए इसमें बहुत ज्यादा मसाले डालने से बचें। ताजा अदरक, इलायची और अच्छी गुणवत्ता वाली चायपत्ती पर्याप्त हैं। दूध और पानी का अनुपात भी अपने स्वाद के अनुसार रखें। अगर आपको गाढ़ी चाय पसंद है, तो दूध की मात्रा थोड़ी बढ़ा सकती हैं।

सबसे जरूरी बात यह है कि कुल्हड़ चाय बनाने के लिए किसी खास मशीन या महंगे सामान की जरूरत नहीं होती। सही सामग्री, सही समय तक उबाल और साफ कुल्हड़ से आप घर पर भी स्वादिष्ट चाय बना सकती हैं। बस इन दो गलतियों से बचें और हर बार गरमा-गरम कुल्हड़ चाय पिएं।

इस तरीके से आप कुल्हड़ वाली परफेक्ट चाय बना सकती हैं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।

Image Credit-personal image