अगर आप द‍िल्‍ली-एनसीआर में रहती हैं और हर बार वीकेंड पर घूमने के ल‍िए मसूरी, नैनीताल या श‍िमला ही जाने का प्‍लान बनाती हैं, ताे इस बार कुछ अलग जगह की ट्र‍िप प्‍लान कर सकती हैं। दरअसल, हर‍ियाणा में भी एक ऐसी जगह है जहां आपको पहाड़, हर‍ियाली, लेक और शांत माहौल सबकुछ एक साथ म‍िल जाएगा। ये जगह कोई और नहीं बल्‍कि‍ मोरनी ह‍िल्‍स है। पंचकूला जिले में मौजूद मोरनी हिल्स हरियाणा का इकलौता हिल स्टेशन है।

कहां है मोरनी ह‍िल्‍स?

मोरनी ह‍िल्‍स हरियाणा में शिवालिक पहाड़ों की रेंज में बसा हुआ है। यह ह‍िल स्‍टेशन समुद्र तल से करीब 4000 से 4157 फीट की ऊंचाई पर है। यहां की घुमावदार सड़कें, पहाड़ों पर फैली हरियाली और झीलों का नजारा देखने लायक होता है। कुल म‍िलाकर वीकेंड के लिए यह जगह बेस्‍ट और बजट ट्र‍िप हो सकती है। खास बात तो यह है कि यहां बैठकर आप स‍िर्फ पहाड़ ही नहीं देख सकती बल्‍क‍ि ट्रेकिंग करने के साथ-साथ नेचर के बीच भी समय ब‍िता सकती हैं। आइए इसके बारे में जानते हैं-

मोरनी हिल्स की सबसे खास बात क्या है?

मोरनी हिल्स पंचकूला जिले में है और यह हरियाणा का एकमात्र हिल स्टेशन है। यह शिवालिक रेंज की पहाड़ियों में बसा हुआ है। मोरनी गांव पहाड़ी ढलान पर बसा है और यहां से आसपास के पहाड़ों का खूबसूरत नजारा देखने को म‍िलता है। यहां चीड़ के पेड़ों के अलावा नीम, पीपल, जामुन, अमलतास और दूसरे पेड़-पौधे भी द‍िख जाएंगे।

यह भी पढ़ें- Hampi Tour Guide: तुंगभद्रा के किनारे बसा है हम्‍पी, जानें बेस्ट स्टे-फूड ऑप्शंस और टूरिस्ट स्पॉट्स

मोरनी ह‍िल्‍स के ये लेक हैं सबसे सुंदर

मोरनी हिल्स की बात हो और यहां की दो झीलों का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता है। आपको बता दें क‍ि यहां दो बड़ी झीलें हैं, जिन्हें टिक्कर ताल के नाम से जाना जाता है। इन दोनों झीलों के बीच एक छोटा सा पहाड़ भी है। खास बात यह है कि दोनों झीलें अलग-अलग होने के बावजूद इनके पानी का लेवल लगभग एक जैसा रहता है। झीलों के आसपास हरियाली और पहाड़ों का नजारा काफी सुकून पहुंचाने वाला होती है। आप यहां कैंपिंग भी कर सकती हैं।

यह भी पढ़ें- कोडाइकनाल को क्यों कहते हैं 'प्रिंसेस ऑफ हिल स्टेशंस'? जानिए इसका इतिहास

टिक्कर ताल में क्या कर सकते हैं?

अगर आप मोरनी घूमने जा रही हैं तो टिक्कर ताल को अपनी लिस्ट में जरूर रखें। यहां झील के आसपास का माहौल काफी शांत है। आप यहां नेचर के बीच बैठ सकती हैं, आसपास घूम सकती हैं और ट्रेकिंग का मजा भी ले सकती हैं। टिक्कर ताल परिसर में आपको रहने और खाने की सुव‍िधा भी म‍िल जाएगी। यहां लॉग हट्स, कमरे और डॉर्मिटरी जैसे स्टे ऑप्शंस हैं।

मोरनी हिल्स में क्‍या-क्‍या करें?

जो भी लोग मोरनी ह‍िल्‍स जाते हैं, उन्‍हें ये चीजें करना पसंद होता है। जैसे-

  • टिक्कर ताल की झीलों के आसपास घूमना
  • पहाड़ी रास्तों पर ट्रेकिंग करना
  • हरियाली और पहाड़ों के बीच फोटोग्राफी करना
  • नेचर के बीच कैंपिंग का मजा लेना
  • शांत माहौल में टाइम स्‍पेंड करना

पुराने किले और मंदिर भी हैं यहां

अगर आपको घूमने के साथ थोड़ी पुरानी जगहें देखना पसंद है तो मोरनी में इसके लिए भी कई ऑप्‍शन हैं। यहां आपको पुराने किलों के अवशेष देखने को मिलेंगे। टिक्कर ताल के किनारे एक छोटा मंदिर भी है, जिसमें त्रिमूर्ति की प्रतिमा है। यह करीब 12वीं सदी से है।

यह भी पढ़ें- सिर्फ घूमने की जगह नहीं बल्कि 'रिकॉर्ड्स का घर' है तमिलनाडु, ये बातें कर देंगी हैरान

दिल्ली से वीकेंड ट्रिप के लिए कैसी है यह जगह?

मोरनी हिल्स वैसे तो चंडीगढ़ से करीब 45 किलोमीटर और पंचकूला से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर है। जबक‍ि द‍िल्‍ली से 255 से 270 क‍िलोमीटर के आसपास है। ऐसे में आपको दिल्ली से करीब पांच घंटे यहां पहुंचने में लग सकते हैं। अगर आप अपनी कार या कैब से जा रही हैं तो पहाड़ी रास्ते शुरू होने के बाद ड्राइव का मजा भी अलग रहेगा।

मोरनी ह‍िल्‍स में कहां रुक सकते हैं?

अगर आप सिर्फ एक दिन में घूमकर वापस नहीं आना चाहती और रात में भी पहाड़ों का मजा लेना चाहती हैं तो यहां ठहरने के ऑप्‍शन मि‍ल जाएंगे। हरियाणा टूरिज्म का Mountain Quail Tourist Resort मोरनी में है। इसके अलावा टिक्कर ताल में भी कमरे, लॉग हट्स और डॉर्मिटरी की सुविधा है। साथ ही आप टिक्कर ताल में कैंपिंग भी कर सकती हैं।

मोरनी हिल्स जाने से पहले ये बातें याद रखें

पहाड़ों की ट्र‍िप आम जगहों से थोड़ी अलग हो सकती हैं। इसल‍िए यहां जाने से पहले आपको कुछ बातों को जान लेना चाह‍िए-

  • वीकेंड पर जा रही हैं तो सुबह जल्दी निकलना सही रहेगा।
  • पहाड़ी रास्तों पर गाड़ी धीरे और आराम से चलाएं।
  • ट्रेकिंग के लिए कंफर्टेबल जूते पहनें।
  • पानी अपने साथ रखें।
  • झील और पहाड़ी इलाकों में कचरा न फैलाएं।
  • अगर रात रुकने का प्लान है तो स्टे पहले से देख लें।  
  • बार‍िश से बचने के ल‍िए छाता, रेनकोट और एक्‍स्‍ट्रा कपड़े रख लें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Source- https://haryanatourism.gov.in/places_of_interest/morni-and-tikkar-tal/

Image Credit- Haryana Tourism/make my trip