आज के समय में हर कोई ट्र‍िप पर जाता ही है। चाहे ऑफ‍िस का कोई काम हो या घूमने की प्‍लान‍िंग, ट्रैवल तो हम सभी करते ही हैं। ऐसे में होटलों में स्‍टे करना कॉमन है। कई लोग होटल में पहुंचते ही सामान रखते हैं और आराम करने लगते हैं, लेकिन अगर आप किसी होटल, होमस्टे या किराये के कमरे में ठहर रही हैं, तो प्राइवेसी का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी होता है। खासकर ऐसी जगहों पर जहां आप कपड़े बदलती हैं या आराम करती हैं।

दरअसल, हिडन कैमरा हमेशा आसानी से नजर नहीं आता, क्योंकि इसे छोटी चीजों के अंदर या कमरे के किसी कोने में छिपाकर लोग लगा देते हैं। ऐसे में अगर आप भी होटल में स्‍टे करने वाली हैं, तो कुछ आसान तरीकों से ह‍िडेन कैमरे का पता लगा सकती हैं। आइए उन तरीकों के बारे में जानते हैं-

image credit- shutterstock

होटल रूम में ह‍िडेन कैमरा का कैसे पता लगाएं?

अगर आप होटल रूम में ठहरने वाली हैं, तो हम आपको ह‍िडेन कैमरे के बारे में पता करने के 5 आसान तरीके बता रहे हैं।

1. कमरे की अजीब चीजों पर ध्यान दें

कमरे में घुसते ही सबसे पहले आप उन चीजों को ध्यान से देखें जो वहां थोड़ी अजीब या बेकार लग रही हों। जैसे- कोई छोटा इलेक्ट्रॉनिक सामान, दीवार पर लगी घड़ी, चार्जर, स्मोक डिटेक्टर या कोई भी ऐसी ची जिसका रुख सीधे आपके बेड या बाथरूम की तरफ हो। हिडेन कैमरा हमेशा ऐसी जगह ही लगाया जाता है जहा से पूरे कमरे का व्यू साफ द‍िखे। इसलिए रूम में पहुंचते ही एक बार चारों तरफ सरसरी नजर जरूर मार लें।

2. फोन की फ्लैशलाइट से चेक करें

कैमरे का जो लेंस होता है, उस पर रोशनी पड़ते ही वो थेाड़ा-सा चमक जाता है। इसे चेक करने के लिए कमरे की लाइट बंद करके थोड़ा अंधेरा कर लें, फिर अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट ऑन करके संदिग्ध चीजों पर धीरे-धीरे टॉर्च की रोशनी द‍िखाएं। अगर कहीं से छोटी-सी चमक यानी रिफ्लेक्शन दिखे, तो उस जगह को पास जाकर ध्यान से देखें।

3. फोन के कैमरे से IR (इंफ्रारेड) लाइट चेक करें

आपको बता दें क‍ि कई हिडेन कैमरे रात में रिकॉर्डिंग के लिए इंफ्रारेड यानी IR लाइट यूज करते हैं। ये लाइट हमें Naked आंखों से नहीं दिखती, लेकिन फोन के कैमरे में नजर आ जाती हैं। इसके लिए रूम में अंधेरा करें, अपने फोन का कैमरा खोलें और स्क्रीन से संदिग्ध जगहों को चेक करें। अगर स्क्रीन पर कोई रोशनी या टिमटिमाती लाइट दिखे, तो उस चीज को चेक करें।

image credit- magnific

4. Wi-Fi डिवाइस की लिस्ट चेक करें

अगर आप होटल का Wi-Fi इस्तेमाल कर रही हैं, तो नेटवर्क से कनेक्टेड डिवाइसेज की लिस्ट भी चेक करने की कोशिश कर सकती हैं। अगर लिस्ट में कोई अनजान या अजीब डिवाइस दिखे, तो उसके बारे में होटल स्टाफ से पूछ सकती हैं।

5. बेड और बाथरूम के आसपास नजर रखें

होटल रूम में उन जगहों की चेकिंग सबसे पहले करें जहां प्राइवेसी सबसे ज्‍यादा जरूरी होती है। बेड, चेंजिंग एरिया और बाथरूम के पास लगी छोटी-छोटी इलेक्ट्रॉनिक चीजों को गौर से देखें। अगर किसी चीज में छोटा-सा लेंस जैसा छेद दिखे या कोई डिवाइस बेतुकी जगह पर लगा मिले, तो उसे इग्नोर न करें। अगर आपको कोई शक हो तो होटल मैनेजमेंट से बात करें।

अगर हिडेन कैमरा मिल जाए या शक हो तो क्या करें?

अगर आपको पक्का शक है या कमरे में हिडेन कैमरा मिल जाता है, तो सबसे पहले सबूत के तौर पर उसकी फोटो या वीडियो बना लें। इसके बाद तुरंत होटल मैनेजमेंट को इन्फॉर्म करें। मामला गंभीर लगे तो लोकल पुलिस को भी कॉल कर सकती हैं। बस ध्‍यान रहे क‍ि खुद से किसी डिवाइस को तोड़ने या उखाड़ने की गलती न करें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific