सावन के सोमवार का व्रत रखने वाले लोग इस दिन खाने-पीने को लेकर काफी सावधानी रखते हैं। व्रत में आम आटा, दाल और कई दूसरी चीजें नहीं खाई जाती हैं, इसलिए हर बार फलाहारी खाने में कुछ नया बनाना मुश्किल हो जाता है।

सावन सोमवार के व्रत में बनाएं 3 तरह के फलाहारी पकौड़े

अगर आप भी सावन के आखिरी सोमवार के व्रत में कुछ ऐसा बनाना चाहती हैं जो खाने में स्वादिष्ट हो और बनाने में ज्यादा मेहनत भी न लगे, तो फलाहारी पकौड़े ट्राई कर सकती हैं। आज हम आपको तीन तरह के फलाहारी पकौड़ों को बनाने के बारे में बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

1. कद्दूकस किए आलू के कुट्टू पकौड़े

अगर आपको क्र‍िस्‍पी और चटपटे पकौड़े खाना पसंद हैं तो आप आलू वाले पकौड़े बना सकती हैं। इसमें आलू को उबालने की जरूरत नहीं पड़ती है बल्कि कच्चे आलू को ग्रेट करके सीधे बैटर में मिलाना होता है।

बनाने का तरीका

सबसे पहले दो से तीन आलू को छीलकर अच्छी तरह से धो लें। अब इन्हें कद्दूकस कर लें। कद्दूकस किए हुए आलू को हाथ से थोड़ा दबाकर उनका एक्‍स्‍ट्रा पानी निकाल दें। अब एक बर्तन में कद्दूकस किए आलू डालें। इसमें जरूरत के हिसाब से कुट्टू का आटा, सेंधा नमक और थोड़ा सा जीरा डाल दें। अगर आप नमक नहीं खाती हैं तो नींबू का रस एड कर सकती हैं। आप चाहें तो इसमें बारीक कटी हरी मिर्च भी डाल सकती हैं।

अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार कर लें। ध्यान रखें कि बैटर बहुत पतला न हो, वरना पकौड़े ठीक से बनने नहीं पाएंगे। अब कड़ाही में तेल गर्म करें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा बैटर तेल में डालें। पकौड़ों को मीडियम फ्लेम पर पलटते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। आपका आलू का फलाहारी पकौड़ा तैयार है। अब पकौड़ों को प्लेट में निकाल लें। इन्हें व्रत वाली हरी चटनी के साथ सर्व करें।

Image Credit- Pinterest/Sarasrajput

ध्यान रखें

अगर आप आलू के फलाहारी पकौड़े बना रही हैं तो कुछ बातों का ध्‍यान रखें। जैसे-

  • आलू को कद्दूकस करने के बाद उसका एक्‍स्‍ट्रा पानी निकालना जरूरी है।
  • बैटर को बहुत पतला न रखें।
  • पकौड़े मीडियम आंच पर ही तलें, ताकि ये अंदर से भी अच्छी तरह से पक सकें।

2. लौकी के फलाहारी पकौड़े

व्रत में अगर आप आलू से कुछ अलग खाना चाहती हैं तो लौकी के पकौड़े भी बना सकती हैं। इसके लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी और इन्हें कुट्टू के आटे के साथ आसानी से तैयार किया जा सकता है।

बनाने का तरीका

सबसे पहले लौकी को छीलकर धो लें। अब इन्‍हें पतले-पतले स्‍लाइस में काट लें। अब एक बर्तन में कुट्टू के आटे का बैटर तैयार करें। इसमें थोड़ा जीरा पाउडर और सेंधा नमक डालकर सभी चीजों को मिला लें। लौकी में पहले से ही पानी होता है, इसलिए बैटर में बहुत ज्‍यादा पापी न डालें। अब कड़ाही में तेल गर्म करें। इसके बाद इस बैटर में लौकी के स्‍लाइस डाल दें। ध्‍यान रहे क‍ि स्‍लाइस में बैटर अच्‍छे से कोट हो जाए। अब एक-एक पीस को गर्म तेल में डालें। पकौड़ों को पलट-पलटकर अच्छी तरह सुनहरा होने तक तल लें। जब पकौड़े बाहर से कुरकुरे हो जाएं तो इन्हें प्लेट में निकाल लें। गर्मागर्म लौकी के पकौड़ों को आप व्रत वाली चटनी या चाय के साथ सर्व कर सकती हैं।

लौकी के पकौड़े के लिए टिप्स

लौकी के पकौड़े बनाते समय आपको कुछ बातों का ध्‍यान रखना चाह‍िए-

  • लौकी काे अच्छी तरह से धो लें।
  • बैटर को बहुत पतला न करें।
  • पकौड़े तलते समय आंच बहुत तेज न रखें।

3. कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के मिक्स पकौड़े

अगर आपको बिना किसी सब्जी के सिंपल पकौड़े बनाने हैं तो कुट्टू और सिंघाड़े के आटे को मिलाकर भी पकौड़े बना सकती हैं। इसे बनाना काफी आसान है।

बनाने का तरीका

इसे बनाने के ल‍िए एक बर्तन में कुट्टू का आटा और सिंघाड़े का आटा लें। दोनों आटे को अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें सेंधा नमक और थोड़ा सा जीरा डाल दें। चाहें तो कटी हुई हरी म‍िर्च, धन‍िया पत्ती और कालीम‍िर्च का पाउडर भी ऐड कर सकती हैं। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। बैटर इतना गाढ़ा होना चाहिए कि चम्मच से उठाने पर आसानी से तेल में डाला जा सके।

अब कड़ाही में तेल गर्म करें। थोड़ा-थोड़ा बैटर लेकर गर्म तेल में डालें। इसी तरह बाकी पकौड़े भी डाल दें। पकौड़ों को बीच-बीच में पलटते रहें और मीडियम आंच पर क्र‍िस्‍पी होने तक तलें। जब पकौड़े अच्छे से तल जाएं तो इन्हें तेल से निकालकर प्लेट में रख दें। आप इन पकौड़ों को फलाहारी चटनी और चाय के साथ सर्व कर सकती हैं।

image credit- pinterest/Whisk Affair

मिक्स आटे के पकौड़े बनाते समय ध्यान रखें

अगर आप म‍िक्‍स आटे के पकौड़े बना रही हैं तो कुछ बातों का ध्‍यान रखना चाह‍िए। जैसे-

  • कुट्टू और सिंघाड़े का आटा अच्छी तरह मिला लें।
  • पानी धीरे-धीरे डालें, ताकि बैटर जरूरत से ज्यादा पतला न हो।
  • पकौड़ों को मीडियम आंच पर ही तलें।
  • बैटर को बहुत देर तक खुला न छोड़ें, पकौड़े बनाते समय ही इस्तेमाल करें।

फलाहारी पकौड़े बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप सावन के साेमवार व्रत के ल‍िए फालाहारी पकौड़े बना रही हैं, तो कुछ बातों का ध्‍यान रखना जरूरी है-

  • आप अपनी व्रत की परंपरा के हिसाब से ही कोई सामग्री लें।
  • अगर आपके यहां व्रत में नमक नहीं खाया जाता तो खटास के ल‍िए नींबू का इस्‍तेमाल करें।
  • पकौड़ों को घी या मूंगफली के तेल में ही तलें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

यह भी पढ़ें- सावन के सोमवार के लिए 4 आसान और स्वादिष्ट फलाहारी रेसिपी

Image Credit- AI