Kaddu Bhaat Recipe: बिहार और यूपी में छठ का नाम आते ही सबसे पहले जिस प्रसाद की खुशबू याद आती है, वह है कद्दू भात। कद्दू की सब्जी, चना दाल और भात की यह थाली छठ की पहचान मानी जाती है।

अक्सर लोग सोचते हैं कि इसे सिर्फ वही बना सकते हैं, जिनके घर छठ होती है। ऐसा बिल्कुल नहीं है। अगर आपके घर छठ नहीं मनती, तो भी आप इस स्वादिष्ट और सात्विक थाली को अपने किचन में बना सकती हैं। यह पेट के लिए हल्की, बनाने में आसान और स्वाद में एकदम देसी है।

कद्दू की सब्जी के लिए

सबसे पहले कद्दू की सब्जी को बनाने के लिए आप कद्दू से लेकर सेंधा नमक तक ये सामान अलग कर लें।

  • कद्दू या लौकी - 500 ग्राम
  • शुद्ध घी - 2 बड़े चम्मच
  • जीरा - 1 छोटा चम्मच
  • हरी मिर्च - 2
  • सेंधा नमक - स्वाद के अनुसार
  • हल्दी - एक चुटकी
  • हरा धनिया - थोड़ा सा

image credit-gemini

चना दाल के लिए

साथ ही चना दाल बनाने के लिए भी हमे कुछ सामान की जरूरत पड़ेगी। आइए जानते हैं।

  • चना दाल - 1 कप
  • घी - 1 छोटा चम्मच
  • जीरा - 1 छोटा चम्मच
  • हल्दी - एक चुटकी
  • सेंधा नमक - स्वाद के अनुसार

भात के लिए

चावल बनाना तो काफी आसान है इसके लिए आपको बस दो चीजें चाहिए।

  • अरवा चावल - 1 कप
  • पानी - 2 से 3 कप

कद्दू की सब्जी बनाने का तरीका

कद्दू की सब्जी को बनाना काफी आसान है। नीचे दिए गए तरीके को अपनाकर आप आसानी से बना सकती हैं।

  • कद्दू को धोकर छीलें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
  • कड़ाही में घी गर्म करके उसमें जीरा डालें।
  • जीरा चटकते ही हरी मिर्च और कटा हुआ कद्दू डाल दें।
  • अब हल्दी और सेंधा नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
  • कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर पकाएं।
  • कद्दू नरम हो जाए तो जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालें।
  • ऊपर से हरा धनिया डालें, सब्जी तैयार है।

image credit-gemini

ऐसे बनाएं चना दाल

चना दाल को भी आसानी से बनाया जा सकता है। यह तो अक्सर हर किसी के घर में बनती है।

  • चना दाल को धोकर 30 से 60 मिनट के लिए भिगोकर रखें।
  • फिर कुकर में हल्दी, सेंधा नमक और पानी डालकर नरम होने तक पकाएं।
  • अलग पैन में घी गर्म करके जीरा का तड़का लगाएं।
  • इस तड़के को पकी हुई दाल में डाल दें।
  • दाल को ज्यादा पतला न करें, थोड़ी गाढ़ी ही रखें।

भात बनाने का तरीका

चावल तो हर किसी के घर में आए दिन बनता है। नीचे दिए तरीके को फॉलो करें।

  • चावल को अच्छे से धो लें।
  • बर्तन में पानी उबालकर चावल डाल दें।
  • धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक चावल खिले-खिले और नरम न हो जाएं।
  • ज्यादा पानी हो तो निकाल दें।
  • गरम-गरम भात को सब्जी और दाल के साथ परोसें।

क्यों है यह थाली इतनी खास?

इस थाली में प्याज, लहसुन और तेज मसाले नहीं होते। सिर्फ घी, जीरा और सेंधा नमक का सादा स्वाद होता है। यही वजह है कि इसे खाने के बाद भारीपन नहीं लगता। छठ में इसे प्रसाद की तरह खाया जाता है, लेकिन आप इसे किसी भी दिन हल्के और सात्विक भोजन के रूप में बना सकती हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit-gemini