Best Oil for Frying Puri: त्योहारों का मौका हो और खाने की थाली में गरमागरम पूड़ियां न हों, ऐसा बहुत कम ही देखने को मिलता है। दिवाली से लेकर छठ पूजा तक, कई खास मौकों पर घरों में पूरियां बनाई जाती हैं, लेकिन स्वाद के साथ सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है। अक्सर लोग इस बात को लेकर उलझन में रहते हैं कि पूरी तलने के लिए कौन सा तेल इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि तेज आंच पर तलने के दौरान तेल जल्दी खराब न हो और खाने का स्वाद भी सही रहे।
NIH की रिसर्च की माने तो, डीप फ्राई करने के लिए ऐसा तेल चुनना बेहतर होता है जो तेज तापमान सह सके और गर्म होने पर जल्दी खराब न हो। आइए जानते हैं पूड़ी तलने के लिए पांच अच्छे ऑप्शन।
पूड़ी तलने के लिए हेल्दी तेल ऑप्शन
त्योहार के सीजन में हर किसी के घरों में पूड़ी बनाई जाती है। ऐसे में आज ही जान लें कि हेल्दी तेल कौन सा है? आइए जानते हैं यहां।
1. राइस ब्रान ऑयल
राइस ब्रान ऑयल यानी चावल की भूसी से निकाला जाने वाला तेल डीप फ्राई करने के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसका स्मोक पॉइंट लगभग 232-232 डिग्री सेल्सियस होता है, इसलिए यह तेज तापमान पर खाना तलने के लिए सही है। यह सेहत के लिए भी अच्छा होता है।
image credit-magnific
2. मूंगफली का तेल
भारतीय रसोई में मूंगफली के तेल का इस्तेमाल लंबे समय से किया जा रहा है। मूंगफली के तेल का स्मोक पॉइंट लगभग 230 डिग्री सेल्सियस होता है। इसमें मोनोअनसैचुरेटेड फैट की अच्छी मात्रा होती है और यह डीप फ्राई करने के लिए उपयुक्त विकल्प है। हालांकि, मूंगफली से एलर्जी वाले लोगों को इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
3. देसी घी
त्योहारों पर जब पूड़ियां देसी घी में बनती हैं तो उसकी खुशबू और स्वाद ही कुछ और होता है। दरअसल, घी में फैट ज्यादा होता है, लेकिन ये दूसरे तेलों के मुकाबले जल्दी खराब नहीं होता। तेज आंच पर भी ये ज्यादा स्थिर रहता है। इसका स्मोक पॉइंट लगभग 230 डिग्री सेल्सियस के आसपास हो सकता है, हालांकि यह घी की गुणवत्ता और उसमें मौजूद नमी व अन्य तत्वों पर निर्भर करता है।
image credit-magnific
4. रिफाइंड ऑलिव ऑयल
ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल आमतौर पर सलाद और हल्का खाना बनाने के लिए किया जाता है, लेकिन रिफाइंड ऑलिव ऑयल को तेज तापमान पर तलने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका स्मोक पॉइंट लगभग 240 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो सकता है। इसमें मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड पाए जाते हैं।
5. एवोकाडो ऑयल
एवोकाडो ऑयल में मोनोअनसैचुरेटेड फैट की अच्छी मात्रा होती है। रिफाइंड एवोकाडो ऑयल का स्मोक पॉइंट लगभग 270 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है, इसलिए यह हाई-हीट कुकिंग के लिए उपयुक्त है। हालांकि, भारत में यह दूसरे विकल्पों की तुलना में महंगा और कम आसानी से उपलब्ध हो सकता है।
image credit-magnific
पूड़ी तलते समय इन बातों का रखें ध्यान?
त्योहार पर पूड़ियां तो सबको पसंद हैं, लेकिन अगर तलने का तरीका गलत हो तो वही स्वादिष्ट पूड़ियां सेहत बिगाड़ सकती हैं।
- तेल को इतना ज्यादा गर्म मत करें कि उसमें से धुआं निकलने लगे। धुआं निकलने का मतलब है तेल खराब होने लगा है।
- पूड़ियां तलते समय आंच को एक जैसा रखें। अगर तेल ठंडा होगा तो पूड़ियां ज्यादा तेल पी लेंगी और अगर बहुत ज्यादा गर्म होगा तो तेल जल्दी खराब हो जाएगा।
- बचे हुए तेल को बार-बार गर्म करके इस्तेमाल करने से बचें। ये सेहत के लिए ठीक नहीं है।
- अगर तेल में से जलने की बदबू आ रही है या उसका रंग काला पड़ गया है तो उसे दोबारा बिल्कुल इस्तेमाल न करें।
सिर्फ अच्छा तेल चुन लेना ही काफी नहीं है। त्योहार पर इस बात का भी ध्यान रखें कि आप कितनी पूड़ियां खा रहे हैं। दिन भर में बहुत ज्यादा तला-भुना खाने से बचें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- ai
