कनेक्टिंग फ्लाइट (Connecting Flight) छूट जाने पर एयरलाइंस की कुछ जिम्मेदारियां होती हैं, जो बहुत कम लोगों को पता होती हैं। उनकी जिम्मेदारियां इस बात पर निर्भर करती हैं कि आपकी टिकट एक ही PNR पर है या आपने अलग-अलग टिकट बुक किए हैं और फ्लाइट लेट होने की वजह क्या है। भारत में DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) के पैसेंजर चार्टर के मुताबिक उड़ान में देरी या कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने के मामलों में ट्रेवल करने वालों के कुछ अधिकार और नियम डिसाइड किए गए हैं। आइए जानते हैं इन्हीं अधिकारों और जरूरी नियमों के बारे में।
सिंगल PNR vs अलग-अलग टिकट का नियम
कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने पर सबसे पहले यह देखा जाता है कि आपकी बुकिंग किस तरह की गई है। अगर दोनों फ्लाइट एक ही टिकट या PNR पर बुक हैं और पहली फ्लाइट की देरी की वजह से आपकी अगली फ्लाइट छूट जाती है, तो एयरलाइंस इस बात की जिम्मेदारी लेती है कि वह आपको बिना किसी एक्स्ट्रा फीस के अगली उपलब्ध फ्लाइट में शिफ्ट कर सके। अगर आपने दोनों फ्लाइट अलग-अलग PNR पर बुक की हैं, तो पहली एयरलाइंस आमतौर पर दूसरी फ्लाइट छूटने की जिम्मेदारी नहीं लेती। ऐसे में दूसरी एयरलाइंस आपको नो-शो (No-Show) मान सकती है और नया टिकट लेने के लिए आपको खुद पैसा खर्च करना पड़ सकता है।
सिंगल PNR पर कनेक्शन छूटने या देरी होने पर मिलती है ये सुविधाएं
सिंगल PNR पर कनेक्शन छूटने या लंबी देरी होने पर एयरलाइंस ट्रेवलर्स को कुछ सुविधाएं देती हैं -
- एयरलाइंस आपको अगली उपलब्ध उड़ान में बिना एक्स्ट्रा फीस के शिफ्ट कर देती है।
- अगर आप खुद से ट्रिप कैंसिल करना चाहती हैं, तो टिकट के नियमों और तय प्रावधानों के अनुसार रिफंड मिल सकता है।
- लंबी देरी या कनेक्शन छूटने के दौरान एयरलाइंस यात्रियों को तय नियमों के मुताबिक फ्री में खाना और रिफ्रेशमेंट देती है।
- अगर अगली फ्लाइट के लिए रात भर इंतजार करना पड़े, जैसे फ्लाइट रात 8:00 बजे से सुबह 3:00 बजे के बीच के समय में शिफ्ट हो जाए, तो तय शर्तों के अनुसार एयरलाइंस होटल की सुविधा भी उपलब्ध करा सकती है।
किन हालातों पर निर्भर करती हैं ये सुविधाएं
ये सुविधाएं और नियम कई बार हालात पर निर्भर करते हैं, जैसे जब देरी एयरलाइंस की वजह से हो जैसे - तकनीकी खराबी, क्रू या ऑपरेशनल कारण या फिर बाहरी कारणों से हो जैसे- मौसम खराब होना, एटीसी या सुरक्षा से जुड़ी स्थिति। इसलिए हर स्थिति में एयरलाइंस के काउंटर से नियम के तहत मिलने वाली सुविधा की पुष्टि जरूर करें।
कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने पर तुरंत क्या करें?
अगर आपकी कनेक्टिंग फ्लाइट छूट जाए, तो घबराने के बजाय कुछ आसान कदमों को उठाएं -
- एयरपोर्ट से बाहर निकलने की बजाय एयरपोर्ट के अंदर ही एयरलाइंस के कस्टमर सर्विस डेस्क या काउंटर्स पर जाएं और स्टाफ से बात करें।
- अगली फ्लाइट में अपनी सीट कंफर्म कराएं और अपने चेक-इन बैगेज (Check-in Baggage) का स्टेटस भी पूछ लें कि वह अगली फ्लाइट में जा रहा है या नहीं।
- मील या होटल वाउचर और फ्लाइट देरी से जुड़े मैसेज या ईमेल रिकॉर्ड अपने पास संभाल कर रखें, ये आगे किसी भी क्लेम या जानकारी के लिए प्रूफ का काम करेंगे।
निष्कर्ष: कनेक्टिंग फ्लाइट छूट जाने पर अक्सर लोग घबरा जाते हैं। ऐसे में एयरलाइन की कुछ जिम्मेदारी होती है, जिसके तहत आपको किसी तरह का कोई नुक्सान नहीं होता है। कुछ नियमों के अनुसार एयरलाइंस आपको फ्री फूड और स्टे जैसी सुविधा भी देती है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
IMAGE CREDIT: MAGNIFIC
