हैलोवीन का नाम सुनते ही कद्दू से बना डरावना चेहरा, अजीबोगरीब डेकोरेशन और मजेदार पार्टी का ही ख्‍याल आने लगता है। हर साल 31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले इस फेस्‍ट‍िवल पर लोग अपने घरों को अलग-अलग तरीके से डेकोरेट करते हैं और अलग तरह के कपड़े पहनकर पार्टी करते हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि कद्दू का इस्तेमाल सिर्फ डेकोरेशन के लिए ही नहीं बल्कि कई स्वादिष्ट डिशेज बनाने के लिए भी आप कर सकती हैं?

Halloween पर कद्दू से बनाएं ये ड‍िशेज

अगर आप इस हैलोवीन पर घर में छोटी-सी पार्टी रखने वाली हैं, तो कद्दू से बनी कुछ नई रेसिपी ट्राई कर सकती हैं। ये डिशेज खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ आपकी पार्टी के मेन्यू को भी खास बना देंगी। आइए जानते हैं कद्दू से बनने वाली 3 स्वादिष्ट डिशेज की पूरी लिस्ट।

1. हैलोवीन पर बनाएं क्रीमी पंपकिन सूप

अगर आप हैलोवीन पार्टी की शुरुआत किसी लाइट और स्वादिष्ट डिश से करना चाहती हैं, तो क्रीमी पंपकिन सूप सही रहेगा। कद्दू से बना यह सूप थोड़ा मीठा होता है और इसमें काली मिर्च और दूसरे मसाले डालकर इसका स्वाद आप बढ़ा सकती हैं। इसे बनाने के ल‍िए आपको ये चीजें चाह‍िए होंगी-

  • 2 कप कटा हुआ कद्दू
  • 1 छोटा प्याज
  • 1 कप पानी या वेजिटेबल स्टॉक
  • 1 छोटा चम्मच बटर
  • नमक और काली मिर्च स्वाद के अनुसार
  • 2 से 3 बड़े चम्मच दूध या क्रीम
 
image credit- magnific

इसे बनाने के ल‍िए सबसे पहले कद्दू को छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक पैन में बटर गर्म करके प्याज भून लें और फिर कद्दू डाल दें। अब पानी डालकर कद्दू के नरम होने तक पकाएं। इसके बाद इसे ठंडा करके मिक्सर में पीस लें। अब जो पेस्‍ट आने बनाया है, उसे दोबारा पैन में डालें और जरूरत के हिसाब से पानी मिलाएं। आखिर में नमक, काली मिर्च और क्रीम डालकर कुछ मिनट पकाएं। आपका गर्मागर्म पंपकिन सूप तैयार है।

2. पंपकिन पाई से बनाएं हैलोवीन को खास

हैलोवीन पर पंपकिन पाई काफी पसंद की जाने वाली डि‍जर्ट में से एक है। इसमें कद्दू की प्यूरी के साथ दालचीनी जैसे मसाले मिलाए जाते हैं। इसका स्वाद थोड़ा मीठा होता है। अगर आप पार्टी में कुछ मीठा सर्व करना चाहती हैं, तो इसे मेन्यू में शामिल कर सकती हैं। इसे बनाने के ल‍िए आपको ये चीजें चाह‍िए होंगी-

  • 1 कप कद्दू की प्यूरी
  • 1 कप मैदा
  • आधा कप चीनी
  • 2 बड़े चम्मच बटर
  • आधा कप दूध
  • थोड़ी-सी दालचीनी पाउडर
  • 1 अंडा (ऑप्‍शनल)
 
image credit- shutterstock

इसे बनाने के ल‍िए सबसे पहले मैदा और बटर से पाई का बेस तैयार करें। दूसरी तरफ कद्दू की प्यूरी में चीनी, दूध, दालचीनी और अंडा मिलाएं। अगर आप अंडा नहीं खाना चाहती, तो बिना अंडे वाली रेसिपी भी बना सकती हैं। अब इस मिश्रण को पाई के बेस में डालकर पहले से गर्म ओवन में बेक करें। पाई के सेट होने और पकने के बाद इसे ठंडा करके काट लें और सर्व करें। बस ध्यान रखें कि बिना अंडे वाली रेसिपी में सामग्री और बेकिंग का समय अलग हो सकता है।

3. कद्दू के पकौड़े बनाएं

अगर आपको पार्टी में चाय या दूसरे ड्रिंक्स के साथ कुछ स्‍नैक्‍स सर्व करना है, तो कद्दू के पकौड़े ट्राई कर सकती हैं। बाहर से क्र‍िस्‍पी और अंदर से नरम पकौड़े शाम के स्नैक के लिए अच्छे रहेंगे। इन्हें बनाना भी काफी आसान है। इसके लि‍ए आपको ये चीजें चाह‍िए होंगी-

  • 2 कप कद्दू के पतले टुकड़े
  • आधा कप बेसन
  • नमक स्वाद के अनुसार
  • आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • थोड़ा अजवाइन
  • पानी और तेल जरूरत के अनुसार
 
image credit- magnific

इसे बनाने के ल‍िए सबसे पहले बेसन में नमक, लाल मिर्च और अजवाइन मिला दें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें। इसके बाद कद्दू के टुकड़ों को इस घोल में अच्छी तरह लपेटें। इसके बाद गर्म तेल में इन्हें गोल्‍डन और क्रि‍स्‍पी हाेने तक डीप फ्राई करें। इसे आप हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व कर सकती हैं। बस ध्‍यान रखें क‍ि कद्दू के टुकड़े बहुत मोटे न हों, वरना ये अंदर से ठीक से नहीं पकेंगे।

Halloween 2026 पार्टी के लिए कद्दू खरीदते समय ध्यान रखें ये बातें

अगर आप हैलोवीन पार्टी के ल‍िए कद्दू खरीद रही हैं, तो कुछ बातों का ध्‍यान रखें। जैसे-

  • डिशेज बनाने के लिए ऐसा कद्दू लें, जो खाने के लिए सही हो। डेकोरेशन के लिए इस्तेमाल होने वाला हर कद्दू स्वाद और बनावट के लिहाज से अच्छा नहीं होता।
  • काटने और छीलने से पहले कद्दू को साफ पानी से धोएं।
  • सूप या पाई बनाने के लिए कद्दू की प्यूरी पहले से तैयार करके रख सकती हैं।
  • आप इन ड‍िशेज को हैलोवीन थीम के हिसाब से गार्निश करके पार्टी में सर्व कर सकती हैं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific