क्या आपने कभी सुना है कि कोई ऐसा स्टार हो, जिसकी फिल्में थियेटर में देखने जाने के लिए लड़कियां पार्लर से तैयार होती हों?
एक ऐसा स्टार जिसे फीमेल फैंस खून से खत लिखा करती थीं?
एक ऐसा हीरो जिसकी कार की धूल लड़कियां मांग में सिंदूर समझकर भरा करती थीं?
एक ऐसा सितारा जिसकी तस्वीर ने लड़कियां शादी कर लिया करती थीं?
जी हां, हम बात कर रहे हैं राजेश खन्ना की। राजेश खन्ना को हिंदी सिनेमा का पहला सुपरस्टार कहा जाता है और उन्होंने परदे पर कई रोमांटिक भूमिकाएं निभाईं। एक पुराने इंटरव्यू में जब एक जर्नलिस्ट ने उनसे पूछा था कि वो एक्टिंग में लड़कियों को अट्रैक्ट करने के लिए क्या करते हैं, तो उन्होंने इसका बहुत दिलचस्प जवाब दिया था। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा था?
राजेश खन्ना से पूछा गया था यह सवाल
राजेश खन्ना का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस इंटरव्यू में एंकर उनसे पूछता है, "आप लड़कियों को अट्रैक्ट करने के लिए एक्टिंग में कौन-सा एक्सप्रेशन इस्तेमाल करते हैं?" इसके जवाब में वो हंसते हुए कहते हैं, "पता नहीं पर मुझे लगता है कि शायद मेरी मु्स्कान लड़कियों को पसंद आती है...शायद इसी वजह से वो अट्रैक्ट होती हैं।" इसके बाद वह आंखों से एक एक्सप्रेशन देते हैं और कहते हैं कि गाने के दौरान जब मैं ऐसा करता हूं, तब भी फीमेल फैंस को पसंद आता है। बता दें कि यह इंटरव्यू कश्मीर में उनकी फिल्म आप की कसम के सेट पर हुआ था। इसमें उनके साथ मुमताज नजर आई थीं।
इंटरव्यू में यह भी दिखाया गया है कि कैसे वहां हजारों लोग सिर्फ राजेश खन्ना की एक झलक पाने के लिए मौजूद थे, यहां तक कि कई लोग पेड़ पर चढ़कर उन्हें देख रहे थे। राजेश खन्ना से जब यह सवाल किया गया कि इतने लोगों से घिरे रहना उन्हें कैसा लगता है, तो उन्होंने जवाब में कहा, "मुझे ये सब बहुत पसंद है...यह लोगों को प्यार है।" वहीं मुमताज ने कहा कि ये दिखाता है कि वो दोनों कितने पॉपुलर हैं। राजेश खन्ना ने इस बातचीत में यह भी बताया था कि वो गाने के दौरान सिर्फ लिप सिंक नहीं करते, बल्कि गाना गाते हैं ताकि वो रियल लगे।
इन एक्ट्रेसेस के साथ हिट रही थी राजेश खन्ना की जोड़ी
राजेश खन्ना ने यूं तो परदे पर कई एक्ट्रेसेस के साथ का किया, लेकिन शर्मिला टैगोर और मुमताज के साथ उनकी जोड़ी बहुत हिट रही। राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर ने 70 के दशक में फिल्म आराधना में काम किया था। इस फिल्म के गाने 'रूप तेरा मस्ताना' और 'मेरे सपनो की रानी' लोग आज भी पसंद करते हैं। इसके साथ ही ये दोनों सफर (1970) और अमर प्रेम (1972) जैसी हिट फिल्मों में भी नजर आए थे। बात राजेश खन्ना और मुमताज की जोड़ी की करें तो दोनों ने साथ में लगभग 10 फिल्मों में काम किया है और एक वक्त पर इनकी जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर सफलता की गारंटी बन गई थी। दोनों ने कई रोमांटिक फिल्मों में साथ में काम किया है। इनमें प्रेम कहानी, दुश्मन और सच्चा-झूठा शामिल है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की जिंदगी से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
