रणबीर कपूर के कजिन और अभिनेता आदर जैन ने अपनी पत्नी अलेखा आडवाणी के साथ आखिरकार अपनी शादी को कानूनी रूप से रजिस्टर करवा लिया है। अपनी शादी के ठीक एक साल बाद कपल ने गणेश चतुर्थी के मौके पर कोर्ट मैरिज की सभी फॉर्मेलिटीज पूरी कीं। इस खास मौके पर परिवार के करीबी लोग भी मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर दोनों की ये तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन्हें फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स का बहुत प्यार मिल रहा है। क्या आपको पता है कि आदर जैन की वाइफ अलेखा आडवाणी कौन हैं? अगर नहीं तो नीचे लेख में पढ़ें-
सोशल मीडिया पर शेयर की मैरिज रजिस्ट्रेशन की तस्वीरें
आदर जैन और अलेखा आडवाणी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कोर्ट मैरिज की खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में दोनों बेहद सिंपल और पारंपरिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वे आधिकारिक डॉक्यूमेंट पर हस्ताक्षर करते दिख रहे हैं, तो दूसरी तस्वीर में वे एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आ रहे हैं।
इस खास पल में आदर की मां रीमा जैन समेत परिवार के चुनिंदा सदस्य मौजूद रहे। तस्वीरों के साथ उन्होंने एक बहुत ही प्यारा और मजेदार कैप्शन लिखा "ट्रायल पीरियड: ओवर... अब कोई रिटर्न नहीं, कोई एक्सचेंज नहीं, और ना ही कोई वापसी आधिकारिक रूप से मिस्टर एंड मिसेज जैन बन चुके हैं।" उन्होंने बप्पा का शुक्रिया अदा करते हुए आगे लिखा कि भगवान गणेश के आशीर्वाद से आखिरकार यह रिश्ता कानूनी रूप से भी पक्का हो गया।
कौन हैं अलेखा आडवाणी?
अलेखा आडवाणी बॉलीवुड अभिनेता आदर जैन की पत्नी हैं, जो कपूर परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह एक उद्यमी और मॉडल हैं। उन्होंने न्यूयॉर्क की कॉर्नेल यूनिवर्सिटी से होटल एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री ली है। अपनी पढ़ाई के बाद, उन्होंने कुछ समय के लिए लॉस एंजिल्स में 'डेलॉइट' कंपनी में कंसलटेंट के रूप में काम किया और मुंबई के 'सोहो हाउस' में भी सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर मुंबई में 'वे वेल'नाम से एक हेल्थ और वेलनेस कम्युनिटी की शुरुआत की, जो मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है। व्यवसाय के साथ-साथ वह विभिन्न फैशन और ज्वैलरी ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग भी करती हैं।
आदर और अलेखा की लव स्टोरी
आदर और अलेखा की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। आदर ने सितंबर 2023 में समुद्र किनारे रोमांटिक अंदाज में अलेखा को प्रपोज किया था। इसके बाद नवंबर 2023 में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते पर मुहर लगाते हुए अलेखा को अपनी जिंदगी का रोशनी बताया था।
आदर जैन का करियर
अगर आदर जैन के फिल्मी करियर की बात करें, तो वे लीजेंड्री फिल्ममेकर राज कपूर के नाती और करीना-करिश्मा के भाई हैं। उन्होंने साल 2017 में यशराज बैनर की फिल्म 'कैदी बैंड' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वे कॉमेडी फिल्म 'हेलो चार्ली' में भी नजर आए थे। अब कानूनी रूप से पति-पत्नी बनने के बाद उनके फैंस उन्हें जीवन की नई पारी के लिए ढेरों बधाइयां दे रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- International Emmy 2026: वीर दास ने रचा इतिहास, तीसरी बार एमी नॉमिनेशन; मानव कौल की सीरीज भी दौड़ में शामिल
इसे भी पढ़ें- Prem Keetanu का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, आफिया सईद के प्यार में टकराएंगे वीर पहाड़िया और अपारशक्ति
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, सेलेब्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- (aadarjain and alekhadvani instagram page)
