तमिल फिल्मों के मशहूर संगीतकार देवा अब नहीं रहे हैं। करीब 75 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका पूरा नाम देवानेसन चोक्कलिंगम था और लोग उन्हें 'देवा' और 'थेनिसाई थेन्द्रल' के नाम से जानते थे। देवा ने अपने करियर में 400 से ज्यादा फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया था। उनके गानों में ऐसा अंदाज था, जो लोगों को आसानी से याद रह जाता था।
इसके अलावा सुपरस्टार रजनीकांत की कई फिल्मों में भी उनका संगीत सुनने को मिला था। देवा की एक और खास पहचान चेन्नई के 'गाना म्यूजिक' से उनका कनेक्शन था। उन्होंने इस लोक संगीत को फिल्मों के जरिए ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में हम आपको दिवंगत देवा के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं।
देवा का निधन कब और कैसे हुआ?
देवा के निधन की खबर से तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 17 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे चेन्नई के सूर्या अस्पताल में उनका निधन हुआ था। उनके बेटे और संगीतकार श्रीकांत देवा ने उनके निधन की पुष्टि की थी। देवा को आखिरी विदाई देने के लिए सुपरस्टार रजनीकांत भी उनके घर पहुंचे। उनके जाने से संगीत की दुनिया ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसने कई दशकों तक फिल्मों को अपने संगीत से खास बनाया था।
400 से ज्यादा फिल्मों में देवा ने दिया था संगीत
आपको बता दें कि देवा का करियर करीब चार दशक तक चला। इस दौरान उन्होंने साउथ की अलग-अलग भाषाओं की 400 से ज्यादा फिल्मों में संगीत दिया। उनके संगीत से जुड़ी कुछ खास बातें भी जान लें-
- देवा ने करीब चार दशकों तक फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया।
- उन्होंने दक्षिण भारतीय भाषाओं की 400 से अधिक फिल्मों में काम किया।
- देवा सिर्फ संगीतकार ही नहीं थे बल्कि उन्होंने कई गाने अपनी आवाज में भी गाए।
- उनके बनाए फिल्मी संगीत के साथ-साथ कुछ फिल्मों का बैकग्राउंड म्यूजिक भी काफी पसंद किया गया।
रजनीकांत की इन फिल्मों में सुनाई दिया देवा का संगीत
देवा और रजनीकांत की फिल्मों का खास कनेक्शन रहा है। उन्होंने सुपरस्टार की कई फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया था। इनमें कुछ ऐसी फिल्में भी हैं, जिनका संगीत आज भी लोगों को याद है।
- अन्नामलाई: इस फिल्म में रजनीकांत मुख्य भूमिका में थे और इसका निर्देशन सुरेश कृष्णा ने किया था। फिल्म के संगीत ने देवा को दर्शकों के बीच पहचान दिलाने में मदद की।
- बाशा (1995): रजनीकांत की इस फिल्म में देवा का संगीत खास तौर पर पसंद किया गया। फिल्म का 'बाशा, बाशा' बैकग्राउंड म्यूजिक आज भी सबसे पसंद किया जाता है।
- पम्मल के. संबंधम (2002): इस फिल्म के संगीत से भी देवा का कनेक्शन था।
- पंचतंत्रम (2002): इस फिल्म में भी उन्होंने संगीत दिया था।
चेन्नई के 'गाना म्यूजिक' से क्या था देवा का कनेक्शन?
आपको बता दें कि देवा की पॉपुलैरिटी सिर्फ बड़े फिल्मी गानों तक ही नहीं थी। उनका नाम चेन्नई के गाना म्यूजिक से भी जुड़ा हुआ था। दरअसल, गाना चेन्नई की एक खास लोक संगीत शैली है, जिसे आम लोगों की जिंदगी, उनकी बोलचाल और शहर की गलियों से जुड़ा संगीत माना जाता है। इस संगीत का अंदाज आम फिल्मी गानों से अलग होता है। देवा ने इसी शैली के रंगों को फिल्मों के संगीत में जगह दी थी। इससे चेन्नई की इस संगीत परंपरा को बड़े पर्दे के जरिए ज्यादा लोगों तक पहुंचने का मौका मिला।
देवा ने संगीत की शुरुआत कैसे की?
देवा ने बड़े संगीतकार के रूप में पहचान बनाने से पहले संगीत की बारीकियां सीखीं। उन्होंने धनराज मास्टर से पियानो बजाना सीखा। धनराज मास्टर से संगीत सीखने वालों में मशहूर संगीतकार इलैयाराजा का नाम भी शामिल है। इसके अलावा देवा ने जे बी कृष्णा से हारमोनियम पर भारतीय शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली थी। इस तरह उन्होंने अलग-अलग तरह के संगीत सीखा।
यह भी पढ़ें- Madhu Kambikar कौन थीं? 73 साल की उम्र में हुआ निधन, नाना पाटेकर की 'मां' का निभाया था रोल
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
image credit- X/instagram
