स्मिता पाटिल...70 के दशक में करियर की शुरुआत करने वाली खूबसूरत और होनहार अभिनेत्री। इनका करियर और जिंदगी दोनों ही काफी छोटे रहे, पर अपने काम से उन्होंने लोगों के दिलों में खास पहचान बनाई। उनकी पहली फिल्म साल 1975 में आई थी और साल 1986 में उन्होंने इस दुनिया को विदा कह दिया। उनकी कई फिल्में उनके जाने के बाद रिलीज हुई थीं। उनकी निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही। शादीशुदा राज बब्बर से प्यार और शादी करने की वजह से स्मिता पर घर तोड़ने के आरोप लगे। स्मिता पाटिल और राज बब्बर ने साल 1983 में शादी कर ली थी। इसके बाद साल 1986 में बेटे प्रतीक बब्बर के जन्म के बाद स्मिता को कुछ हेल्थ इश्यूज हुए और वो बच नहीं पाईं। वह अक्सर अपने मेकअप आर्टिस्ट से कहा करती हैं कि जब वो इस दुनिया से जाएं, तो उन्हें सुहागन की तरह सजाया जाए। चलिए हमारी खास सीरीज 'फिल्मी गलियारों से' में आज आपको सुनाते हैं यह किस्सा।
मरने के बाद मुझे खूब सजाना...
स्मिता पाटिल की ख्वाहिश थी कि उन्हें मरने के बाद खूब सजाया जाए और उनका अच्छे से श्रंगार करके उन्हें आखिरि विदाई दी जाए। वह अक्सर अपने मेकअप आर्टिस्ट दीपक सावंत से यह बात कहा भी करती थीं। दीपक ने कई इंटरव्यूज में इस बात का जिक्र भी किया है। दीपक सालों से स्मिता के साथ जुड़े थे और उन्हें बहन मानते थे। ऐसे में जब स्मिता की मौत हुई, तो उन्होंने वाकई उन्हें दुल्हन की तरह सजाया। बताया जाता है कि उनकी मां की मेकअप किट से उनका श्रंगार किया गया था।
आखिरी पलों के बारे में राज बब्बर ने कही थी यह बात
राज बब्बर ने रेडिफ को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि आखिरी पलों में घर से अस्पताल तक स्मिता बस उनसे माफी मांगती रहीं। वह स्मिता को समझा रहे थे कि सब ठीक हो जाएगा। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं। स्मिता ने आंखों में आंसू लिए उनकी तरफ देखा और मानो वो सब कह दिया, जो वह कह नहीं पा रही थीं। इसके बाद डॉक्टर ने बताया कि वो कोमा में चली गईं। एक इंटरव्यू में राज बब्बर ने यह भी कहा कि स्मिता संग उनका रिश्ता इसलिए नहीं बना कि उनकी और नादिरा की शादीशुदा जिंदगी में दिक्कतें चल रही थीं। यह बस हो गया। स्मिता की मौत के बाद राज बब्बर अपने परिवार के पास वापस चले गए थे।
'फिल्मी गलियारों से' सीरीज में हम बॉलीवुड सेलेब्स और फिल्मों से जुड़े ऐसे ही दिलचस्प किस्से आप तक पहुंचाते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
