शरवरी वाघ बी टाउन इंडस्ट्री में अब अपनी खास जगह बना चुकी हैं। जहां एक तरफ फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के लिए उन्हें खूब तारीफें मिल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी फिल्म 'अल्फा' का ट्रेलर रिलीज हुआ है, जिसमें वो आलिया संग शानदार एक्शन करती नजर आ रही हैं। इसी बीच शरवरी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में आ चुकी हैं। खबरों की मानें तो लगभग 6 साल की डेटिंग के बाद शरवरी और सनी कौशल का ब्रेकअप हो गया है। शरवरी और सनी ने अपने रिश्ते को कभी ऑफिशियल नहीं किया था, लेकिन दोनों की डेटिंग के चर्चे बॉलीवुड के गलियारों में सालों से थे पर अब खबरें आ रही हैं कि दोनों के रास्ते अलग हो गए हैं। चलिए आपको बताते हैं कि क्या है पूरा मामला

शरवरी वाघ और सनी कौशल का हुआ ब्रेकअप?

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो विक्की कौशल के भाई सनी कौशल ने अपनी रूमर्ड गर्लफ्रेंड शरवरी से ब्रेकअप कर लिया है। बताया जा रहा है कि साल 2025 के आखिर में ही दोनों के रास्ते अलग हो चुके हैं। कपल ने कभी अपने रिश्ते को ऑफिशियल नहीं किया था, ऐसे में उन्होंने ब्रेकअप को लेकर भी चुप्पी साधी हुई है।

पिछले कुछ वक्त में 'मुंज्या' और 'महाराज' जैसी फिल्मों ने शरवरी को जबरदस्त सफलता दिलवाई। इधर उनकी फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' में उनकी एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है और यशराज फिल्म्स के साथ उनके कोलाब 'अल्फा' को लेकर भी काफी बज है। ऐसे में कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शरवरी का बढ़ता करियर दोनों के बीच अनबन की वजह बना।

इन वजहों से होने लगी थी लड़ाई

कहा जा रहा है कि ईगो क्लैश और शरवरी की बढ़ती लोकप्रियता की वजह से धीरे-धीरे दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। शरवरी का ऊपर जाता करियर ग्राफ निजी जिंदगी में सनी के लिए काफी असहज हो रहा था और धीरे-धीरे दोनों के बीच दरार बढ़ने लगी। आखिरकार कपल ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया।

जब विक्की कौशल के सामने शरवरी के नाम पर शर्मा गए थे सनी

सनी कौशल और विक्की कौशल कपिल शर्मा शो के एक एपिसोड में नजर आए थे। यहां कपिल ने घुमा-फिराकर कई बार शरवरी को नाम लिया था, जिसे सुनकर विक्की और सनी हंसने लगे थे। कपिल ने सनी से ये भी पूछा कि वैलेंटाइन डे हमेशा 14 'शरवरी' को ही क्यों आता है? इस बात पर सनी शर्मा गए थे।

 


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की जिंदगी से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेंमेंट सेक्शन से।