शालीन भनोट और दलजीत कौर को अलग हुए कई साल हो चुके हैं। दोनों का एक बेटा भी है, जो दलजीत के साथ है। दलजीत ने दूसरी शादी भी की थी, लेकिन वो शादी नहीं चली और फिलहाल वो सिंगल हैं। इसी बीच खबर आई कि दलजीत और शालीन दोबारा शादी कर सकते हैं। दरअसल, टीवी एक्टर शालीन भनोट हाल ही में इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की स्क्रीनिंग में पहुंचे थे और वहां उन्होंने पैप्स को पोज भी दिए थे। इन्हीं में से एक वीडियो को एक पैप पेज ने पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा- Shalin Bhanot decided to re-marry with his 1st wife. ये खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और सभी को लगने लगा कि दलजीत और शालीन ने फिर साथ आने का फैसला ले लिया है। अब शालीन ने इस अफवाह पर चुप्पी तोड़ी है और इसे सिरे से नकार दिया है। चलिए आपको बताते हैं कि शालीन ने क्या कहा है?

दलजीत संग दोबारा शादी की खबरों को शालीन ने बताया गलत

शालीन भनोट ने दलजीत संग दोबारा शादी की खबरों पर रिएक्ट किया है। उन्होंने इस वायरल पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, "यह खबर पूरी तरह गलत और मनगढंत है। एक मीडिया पेज के तौर पर यह आपकी प्रोफेशनल जिम्मेदारी है कि आप सिर्फ व्यूज के लिए किसी की निजी जिंदगी के बारे में झूठ फैलाने से पहले तथ्यों को जांच लें। इस पोस्ट को तुरंत डिलीट करें और गलत जानकारी फैलाने के लिए अपने पेज पर माफीनामा पोस्ट करें। इसे एक चेतावनी के तौर पर लें और अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो मुझे आपके और आपकी कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।"

शालीन ने उनके कमेंट के जरिए दलजीत संग दोबारा शादी की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। बता दें कि दलजीत और शालीन की शादी साल 2009 में हुई थी और साल 2014 में उनके बेटे का जन्म हुआ था। एक वक्त पर इनकी गिनती टीवी के पॉपुलर कपल्स में होती थी। दोनों साथ में एक डांस रियलिटी शो में भी नजर आए थे।

यह भी पढ़ें- क्या छोटे परदे पर लौटने वाली है श्वेता तिवारी-रोनित रॉय की जोड़ी? तेज हुई अटकलें, एक और लीड कपल की भी हो सकती है वापसी

दलजीत ने शालीन पर लगाए थे कई इल्जाम


दलजीन और शालीन साल 2015 में अलग हो गए थे। उस वक्त दलजीत ने शालीन पर मारपीट, घरेलू हिंसा और मेंटली टॉर्चर करने के कई इल्जाम लगाए थे। दोनों के बीच लंबा कानूनी विवाद चला था और फिर दोनों ऑफिशियली अलग हो गए थे। दलजीत ने साल 2023 में केन्या के एक बिजनेसमैन से शादी की थी, लेकिन ये शादी एक साल में ही टूट गई। दलजीत ने अपने दूसरे पति पर धोखा देने का इल्जाम लगाया था।

 

यह भी पढ़ें- बरखा बिष्ट से लेकर दलजीत कौर तक, ये टेलीविजन एक्ट्रेस अकेले दम पर कर रही हैं अपने बच्चों की परवरिश


अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही, बॉलीवुड जगत, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी खबरों को पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिंदगी के साथ।