फिल्मी गलियारों में बॉलीवुड सेलेब्स के लिए फैंस की दीवानगी के किस्से काफी मशहूर रहते हैं। चाहे कोई भी दौर रहा हो, फिल्मी सितारों और उनके चाहने वालों से जुड़ी कई कहानियां मशहूर रही हैं। ऐसी ही एक कहानी मीना कुमारी से जुड़ी है। बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा मीना कुमारी अपनी फिल्मों के साथ ही निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहीं। मीना कुमारी ने फिल्मी परदे पर दर्द भरे किरदार निभाए और उनकी पर्सनल लाइफ भी अकेलेपन और संघर्ष में बीती, इसलिए उन्हें ट्रेजडी क्वीन कहा जाता है। उन्होंने'साहेब बीबी और गुलाम', 'पाकीजा' और 'दिल एक मंदिर' जैसी फिल्मों में काफी संजीदा भूमिकाएं निभाईं। मीना कुमारी को फैंस बहुस पसंद करते थे। उनके लिए फैंस के प्यार का आलम कुछ यूं था कि एक डाकू ने उनसे चाकू से हाथ पर ऑटोग्राफ मांग लिया था। चलिए आपको सुनाते हैं यह दिलचस्प किस्सा।
जब मीना कुमारी को डाकुओं ने घेर लिया था
मशहूर पत्रकार विनोद मेहता ने मीना कुमारी की बायॉग्रफी- 'मीना कुमारी- ए क्लासिक बायोग्राफी' में इस किस्से का जिक्र किया है। बताया जाता है कि मीना कुमारी और उनके पति कमाल अमरोही के फिल्म की शूटिंग के लिए ट्रैवल कर रहे थे और जब वो मध्य प्रदेश के शिवपुरी इलाके से गुजरे, तो उनकी गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया। उन्होंने रातभर वहीं रुकने का फैसला लिया। रात को अचानक कुछ लोग हथियार लेकर वहां पहुंच गए और उन्हें घेर लिया। कहा जाता है कि वो शायद वहां लूटपाट करने के इरादे से ही वहां पहुंचे थे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि गाड़ी में मीना कु्मारी हैं, तो सभी लोग हैरान रह गए और डाकुओं ने अचानक से हथियार छोड़ दिए और उन्हें पूरा सम्मान दिया। यहां तक कि उनसे साथ चलने को कहा और उन्हें रहने का भी इंतजाम किया।
डाकू ने मीना कुमारी से मांगा था हाथ पर ऑटोग्राफ
इस कहानी का अगला पड़ाव काफी दिलचस्प है। मीना कुमारी, उनके पति और पूरी टीम को उन डाकुओं ने रातभर पूरे सम्मान के साथ उनके ठिकाने पर रोका और उनकी खातिरदारी की। इसके बाद सुबह उनक डाकुओं के सरदार ने मीना कुमारी से कहा कि वह उनका बहुत बड़ा फैन है। उसने मीना कुमारी से ऑटोग्राफ मांगा और कहा कि वो चाकू से उसकी हथेली पर ऑटोग्राफ दे दें। मीना कुमारी को डर भी लग रहा था और यह मांग काफी अजीब भी लग रही थी, लेकिन उन्होंने डरते-डरते ऑटोग्राफ दिया। बताया जाता है कि वह उस समय का काफी खूंखार डाकू अमृतलाल था।
यह भी पढ़ें- 'तुम्हें मौत मुबारक हो ! फिर कभी इस दुनिया में कदम मत रखना', अपने दोस्त के निधन पर नर्गिस ने क्यों लिखा था ऐसा खत
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड इंडस्ट्री, सेलेब्स की लाइफ और फिल्मी दुनिया के ऐसे ही अनसुने किस्से जानने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेंमेंट सेक्शन से।
