साल 2014 में ऋतिक रोशन और सुजैन खान का तलाक देश भर में चर्चा में रहा था। 14 साल की शादी के बाद जब अचानक दोनों के अलग होने की खबर आई, तो सभी हैरान रह गए। कपल ने तलाक के वक्त या उसके बाद मीडिया में एक-दूसरे के खिलाफ कभी कोई स्टेटमेंट नहीं दी और अपने बच्चों के लिए तलाक के बाद कई बार साथ भी दिखाई दिए और दोनों आज भी एक-दूसरे के अच्छे दोस्त हैं। हालांकि, उस वक्त यह बात काफी सुर्खियों में आई कि सुजैन ने ऋतिक से 400 करोड़ रुपये की एलिमनी ली थी। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह बॉलीवुड का सबसे महंगा तलाक था। इन खबरों पर सुजैन या ऋतिक की तरफ से कभी कोई बयान नहीं दिया गया। अब सालों बाद सुजैन खान की बहन फराह खान अली ने इन दावों पर रिएक्ट किया है और इन्हें पूरी तरह से गलत बताया है। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है
400 करोड़ की एलिमनी के दावे को फराह ने बताया गलत
सुजैन खान की बहन और ज्वेलरी डिजाइनर फराह खान अली हाल ही में सीनियर जर्नलिस्ट विक्की लालवानी से बातचीत में इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने कहा है कि सुजैन को पैसों की जरूरत नहीं थी, दोनों का तलाक आपसी सहमति से हुआ था और सुजैन ने कोई एलिमनी नहीं ली थी। उस वक्त इन दोनों के रिश्ते पर लोग कई तरह की बातें कह रहे थे, लेकिन दोनों ने काफी समझदारी से सब कुछ संभाला।
फराह ने कहा,"सबसे पहले मैं साफ कर देना चाहती हूं कि 400 करोड़ की एलमिनी कभी नहीं दी गई थी। मैं सोशल मीडिया पर कई लोगों को ये कहते हुए देखती हूं कि ऋतिक की तरफ से सुजैन की 400 करोड़ रुपये मिले और वो अमीर हो गईं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था। ये सब पूरी तरह झूठ है।"
मेरी बहन गोल्ड डिगर नहीं है
फराह ने यह भी कहा कि उनकी बहन सुजैन खान ने किसी से कुछ नहीं लिया था। वो गोल्ड डिगर नहीं है। हमें हमारी मां ने हमेशा से पैसों या लग्जरी से कहीं ज्यादा रिश्तों को अहमियत देना सिखाया था। फराह ने बताया कि ऋतिक और उनके परिवार वालों से आज भी सुजैन का अच्छा रिश्ता है और वो सब लोग उसे बहुत प्यार करते हैं। उनके बीच कोई कड़वाहट नहीं है।
सुजैन ने इस वजह से नहीं बताया था सच
फराह ने यह भी कहा कि साल 2014 से ये अफवाहें सुर्खियों में हैं और उन्होंने कई बार सुजैन से कहा था कि वो मीडिया में आकर सच बताए, लेकिन उन्होंने हमेशा यह कहकर इंकार कर दिया कि जो लोग उनकी जिंदगी में अहमियत नहीं रखते हैं, वो उनके बारे में क्या सोचते हैं, उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
