भारतीय वायु सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना कई युवाओं का सपना होता है। इसमें फील्ड की अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको ग्रेजुएशन का इंतजार नहीं करना पड़ता है। 12वीं पास करने के तुरंत बाद ही आप वायु सेना का हिस्सा बन सकते हैं। भारतीय वायु सेना युवाओं को योग्यता और रुचि के अनुसार कई बेहतरीन विकल्प देता है। अगर आप वायु सेना में जाने का मन बना रहे हैं, तो यह लेख आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। यहां हम बताने जा रहे हैं कि वायु सेना में करियर कैसे बना सकते हैं। साथ ही इसके लिए प्रक्रिया क्या है?

1. एनडीए (NDA) परीक्षा के जरिए बने ऑफिसर 

12वीं के तुरंत बाद वायु सेना में अफसर बनने का यह सीधा रास्ता है। इसके लिए संघ लोक सेवा आयोग द्वारा साल में दो बार एनडीए परीक्षा आयोजित की जाती है। इसके जरिए थल सेना, जल सेना और वायु सेना के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाता है।

इस परीक्षा के लिए आवेदक की उम्र साढ़े 15 वर्ष से 18.5 वर्ष के बीच होनी चाहिए। लिखित परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को एसएसबी (SSB) इंटरव्यू, मेडिकल जांच और फिर ट्रेनिंग प्रक्रिया पूरी करनी होती है।

इसे भी पढ़ें- Career Break के बाद कैसे करें कमबैक? जानें सक्सेस पाने के 5 टिप्स

2. एयरमेन (ग्रुप 'एक्स' और ग्रुप 'वाई') के रूप में एंट्री

यदि आप ऑफिसर रैंक के अलावा एयरमेन के पदों पर सेवा देना चाहते हैं, तो ग्रुप एक्स और ग्रुप वाई बेहतरीन विकल्प हैं।

  • ग्रुप 'एक्स' तकनीकी कार्यों के लिए होता है, जिसके लिए गणित और भौतिकी विषयों की आवश्यकता होती है। वहीं, ग्रुप 'वाई' गैर-तकनीकी भूमिकाओं के लिए खुला होता है।
  • दोनों ही समूहों के लिए उम्मीदवारों को भारतीय वायु सेना की स्टार(Selection Test for Airmen Recruitment) ऑनलाइन परीक्षा पास करनी होती है, जिसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षण और मेडिकल जांच होती है। इसके लिए अधिकतम आयु सीमा आमतौर पर 21 वर्ष तक होती है।

3. एयरमैन ग्रुप 'वाई' म्यूजिशियन और मेडिकल असिस्टेंट

संगीत या चिकित्सा के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए भी वायु सेना में विशेष अवसर होते हैं।

ग्रुप वाई म्यूजिशियन-संगीत में रुचि रखने वाले युवा जो 10वीं या 12वीं पास हैं और जिनमें संगीत की अच्छी समझ है, वे इसमें आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आयु सीमा 17 से 25 वर्ष के बीच होती है।

ग्रुप वाई मेडिकल असिस्टेंट-चिकित्सा सहायता भूमिकाओं के लिए 10+2 में जीव विज्ञान विषय के साथ पास होना अनिवार्य है। इसके लिए आयु सीमा 17 से 21 वर्ष निर्धारित की गई है।

परीक्षा का पैटर्न और महत्वपूर्ण टिप्स

वायु सेना की इन परीक्षाओं में सफलता पाने के लिए सही रणनीति और कड़ी मेहनत की जरूरत होती है। नीचे जानें-

  • NDA परीक्षा-इसमें मुख्य रूप से गणित और सामान्य योग्यता परीक्षण शामिल होते हैं। GAT में अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे जाते हैं। साथ ही गलत उत्तरों के लिए नेगेटिव मार्किंग भी होती है, इसलिए सावधानी जरूरी है।
  • STAR परीक्षा-एयरमेन पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा में अंग्रेजी, तर्कशक्ति और सामान्य जागरूकता की परख की जाती है।
  • शारीरिक फिटनेस-सभी भर्ती प्रक्रियाओं में लिखित परीक्षा के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और मेडिकल मानकों पर खरा उतरना होता है।

निष्कर्ष

12वीं कक्षा के बाद भारतीय वायु सेना में करियर बनाने के लिए आप समय-समय पर आने वाली आधिकारिक अधिसूचनाओं पर नजर रखें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Shutterstock, Magnific