ऑफिस में काम के दौर में ईमेल केवल बात करन का जरिया नहीं, बल्कि आपके काम करने के तरीके और व्यक्तित्व का आईना भी है। एक सही और सटीक ईमेल, जहां आपके प्रभाव को बढ़ाता है, वहीं गलत तरीके से लिखा गया ईमेल गलतफहमी पैदा कर सकता है। अक्सर देखा जाता है कि लोग बिना सोचे-समझे लंबे और अस्पष्ट ईमेल भेज देते हैं, जिससे समय की बर्बादी होती है। यदि आप चाहते हैं कि आपके ईमेल का तुरंत और सकारात्मक जवाब मिले, तो आपको कुछ बुनियादी 'ईमेल एटीकेट्स' का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। ऐसे में ये जानना तो बनता है कि ऑफिस में एक असरदार प्रोफेशनल ईमेल कैसे लिखें। इसके लिए हमने एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा की कम्युनिकेशन और कंटेंट मैनेजर रिन्नी माहेश्वरी से भी बात की है। जानते हैं आगे...

ईमेल को प्रभावशाली कैसे बनाएं?

यदि आप प्रभावशाली तरीके से ईमेल लिखना चाहती हैं तो यहां दिए गए तरीके आपके काम आ सकते हैं-

1. सब्जेक्ट लाइन को सफाई से लिखें

ईमेल का सब्जेक्ट लाइन उसका सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।

  • सही जानकारी दें: सब्जेक्ट लाइन ऐसी होनी चाहिए, जिसे देखते ही पाने वाले को विषय का पता चल जाए।
  • भ्रामक शब्दों से बचें: केवल ध्यान खींचने के लिए ऐसे शब्द न लिखें जो ईमेल के अंदर दी गई जानकारी से मेल न खाते हों। गलत सब्जेक्ट लाइन होने पर भविष्य में उस ईमेल को ढूंढना काफी मुश्किल हो जाता है।

2. मुद्दों को बुलेट पॉइंट्स में लिखें

जब आप जानकारी को पैराग्राफ के बजाय बुलेट पॉइंट्स में पेश करें, जिससे उसे पढ़ना और समझना बेहद आसान हो जाता है।

  • मुख्य बातें उभारें: ईमेल के जरूरी बिंदुओं को अलग से हाइलाइट करें।
  • साफ निर्देश दें: यदि आपको ईमेल पाने वाले से किसी खास काम की उम्मीद है, तो उसे भी साफ शब्दों में हाइलाइट करें।

3. एक ही विषय पर ध्यान दें

ईमेल में बहुत अधिक बड़ा लिखने से बचना चाहिए। छोटा ईमेल सही पैटर्न होता है।

  • बात को छोटा रखें: किसी के पास 8-10 पैराग्राफ का लंबा ईमेल पढ़ने का समय नहीं होता।
  • विषयों को न मिलाएं: एक ईमेल में केवल एक ही विषय पर बात करें। उदाहरण के लिए, यदि आप किसी मीटिंग का फॉलो-अप दे रहे हैं, तो उसी में किसी अन्य प्रोजेक्ट या ऑफिस इवेंट की चर्चा न करें।

यह भी पढ़ें- सिर्फ PIN नहीं, इन 3 तरीकों से भी हैक हो सकता है आपका क्रेडिट कार्ड

4. शुरुआत करें आसान

ईमेल की शुरुआत हमेशा अच्छे शब्दों के साथ करें। संदेश लिखने के बाद आप शुरुआत में "आशा है आपका हफ्ता अच्छा रहा" या "शुभकामनाएं" जैसे शब्द जोड़ सकते हैं।

5. टोन और पंक्चुएशन का रखें ध्यान

ईमेल में लिखे शब्दों का लहजा समझना कभी-कभी मुश्किल होता है। पढ़ने वाला व्यक्ति अक्सर अपनी सोच के हिसाब से उसका अर्थ निकाल लेते हैं।

  • इस चिन्ह (!) का कम प्रयोग करें: बहुत अधिक चिन्हों का इस्तेमाल गुस्से या झुंझलाहट का संकेत दे सकता है।
  • इमोजी (Emojis) से पूरी तरह बचें: सहकर्मियों या क्लाइंट्स को भेजे जाने वाले ईमेल में इमोजी का प्रयोग आपकी व्यावसायिकता को कम करता है।

ईमेल भेजने से ठीक पहले दो बातों का विशेष ध्यान रखें

गलत स्पेलिंग या खराब व्याकरण वाला ईमेल आपकी ईमेज को नुकसान पहुंचा सकता है। भेजने से पहले एक मिनट निकालकर पूरे संदेश को दोबारा जरूर पढ़ें।

यदि आप किसी बात से परेशान या असहमत हैं, तो तुरंत ईमेल का जवाब न दें। अगर आपको लिखना ही है, तो पहले उसे किसी वर्ड फाइल में ड्राफ्ट कर लें ताकि गलती से 'सेंड' बटन न दब जाए।

निष्कर्ष

एक बेहतरीन ईमेल लिखना एक कला है जो प्रैक्टिस से आती है। इन छोटे-छोटे ईमेल एटीकेट्स को अपनाकर आप न केवल अपना और दूसरों का समय बचा सकते हैं, बल्कि ऑफिस में अपनी एक जिम्मेदार पहचान भी बना सकते हैं।

यह भी पढ़ें- Gmail का ये 'सीक्रेट बटन' कर देगा कमाल, एक क्लिक में सभी प्रमोशनल मेल्स पहुंच जाएंगे स्पैम फोल्डर में

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific