आजकल अधिक्तर लड़कियां मेकअप करती हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि मेकअप लगाने से पहले आपकी स्किन इतनी फ्रेश लगती है और फाउंडेशन लगाने के 20 मिनट बाद ही आपका चेहरा थका हुआ क्यों दिखने लगता है? अब आपके मन में सवाल आ रहे होंगे कि फाउंडेशन में तो कोई गलती नहीं है। आपको बता दें कि कई बार प्रॉब्लम फाउंडेशन से पहले ही शुरू हो जाती है, खासकर जब बेस सही से तैयार नहीं होता है। यूके के आधिकारिक त्वचा विशेषज्ञ संघ और अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (AAD) की रिसर्च के अनुसार, आपको नया फाउंडेशन खरीदने की जरूरत नहीं है, बल्कि आपको अपने मेकअप बेस पर काम करने की जरूरत है।

मेकअप बेस को सही करने के 5 तरीके

अगर मेकअप करने के बाद आपका भी चेहरा थका हुआ लगता है, तो सबसे पहले मेकअप बेस को सही से तैयार करें। यहां जानें तरीका।

1. डिहाइड्रेटेड स्किन पर मेकअप लगाना बंद करें

बेकार मेकअप होने की एक वजह डिहाइड्रेटेड स्किन पर मेकअप लगाना होता है। जब त्वचा ड्राई होती है, तो फाउंडेशन ऊबड़-खाबड़ स्किन पर एक जैसा नहीं लगता और सूखे पैचेज पर जम जाता है। यह दिक्कत मैट या लॉन्ग-लास्टिंग फाउंडेशन के साथ ज्यादा आती है। इसलिए पहले स्किन को फ्रेश, हाइड्रेटेड और प्लम्प रखने के लिए एक सिंपल स्किनकेयर रूटीन बनाएं और बाद में मेकअप शुरू करें।

2. स्किनकेयर और मेकअप को आपस में लड़ने न दें

क्या जब आप स्किनकेयर और प्राइमर लगाने के बाद चेहरे को टच करती हैं, तो छोटे दाने या पपड़ी जैसी दिक्कत दिखती है? इस परेशानी को पिलिंग कहते हैं। यह दिक्कत गलत प्रोडक्ट्स के कॉम्बिनेशन या बहुत ज्यादा प्रोडक्ट लगाने से होती है। जब चेहरे पर ज्यादा प्रोडक्ट्स लगाते हैं, तो लेयर ज्यादा बनती है और ठीक से ब्लेंड नहीं होती। इससे फिनिश खराब हो जाती है। इसलिए मेकअप से पहले सिंपल रूटीन फॉलो करें और कम प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें।

3. फाउंडेशन का सही शेड चुनना सबसे जरूरी है

अगर आपका मेकअप बेस अजीब दिखता है, तो उसकी एक वजह फाउंडेशन शेड भी हो सकता है। ज्यादा लाइट फाउंडेशन चेहरे को पीला कर देता है। ये प्रॉब्लम तब और बढ़ जाती है जब गर्दन और चेहरे के रंग में बहुत ज्यादा फर्क दिखता है। इसलिए अपनी स्किन से मैच करता हुआ फाउंडेशन यूज करना बेहतर होता है।

4. ज्यादा पाउडर लगाना बंद करें

पाउडर लगाने से मेकअप की शाइन कम हो जाती है। यह कंसीलर को सेट करता है और ज्यादा देर तक टिकाने में मदद करता है, लेकिन ज्यादा लगाने से चेहरे की नेचुरल खूबसूरती चली जाती है। अगर चेहरे के ड्राई एरिया पर ज्यादा पाउडर लगाया जाए, तो चेहरा बेजान दिखने लगता है। इसलिए स्मार्ट तरीके से पाउडर सिर्फ वहीं लगाएं जहां जरूरत है।

5. ब्लश और ब्रॉन्जर की सही प्लेसमेंट है जरूरी

बहुत बार हम फाउंडेशन को गलत मान लेते हैं, लेकिन गलती कुछ और होती है। ज्यादा लेयर्स चेहरे के नेचुरल रंग को छिपा देती हैं। फाउंडेशन सेम बेस तो देता है, लेकिन ज्यादा लगाने से चेहरा फ्लैट लगने लगता है। यहीं पर हाइलाइटर, ब्रॉन्जर और ब्लश काम आते हैं। फाउंडेशन के बाद चेहरे पर वापस रंग लाने के लिए इन प्रोडक्ट्स का सही इस्तेमाल करें।

कुल मिलाकर मेकअप के बाद चेहरा डल दिखने की वजह आपका फाउंडेशन नहीं, बल्कि आपका गलत बेस है। ऊपर दी गई इन बातों को ध्यान में रख आप अपने चेहरे को चमका सकती हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।