बालों की देखभाल के लिए ऑयलिंग को बहुत जरूरी माना जाता है। पुराने समय से ही दादी-नानी बालों में तेल लगाने की सलाह देती चली आ रही हैं। यूं कहा जाए कि बालों में तेल लगाना सबसे पुराना और असरदार तरीका माना जाता है। तेल लगाने से बाल जल्दी लंबे, घने और शाइनी हो जाते हैं। हालांकि, लोगों के मन में एक सवाल यह भी जरूर आता है कि बालों में तेल कितनी देर लगाए रखना चाहिए। यही नहीं एक बात जो मन में आती है कि बालों में तेल लगाने के कितनी देर बाद शैंपू करना चाहिए। कुछ लोग रातभर बालों में तेल लगाकर सो जाते हैं, तो कुछ कई घंटों तक तेल बालों में लगाए रखते हैं। यही नहीं कई बार तो लोग बालों में तेल लगाकर कई दिनों तक शैंपू नहीं करते हैं। आइए ब्यूटी एक्सपर्ट रेनू माहेश्वरी से जानें कि आपको बालों में तेल कितनी देर के लिए लगाना चाहिए और कितने दिन में बालों को शैंपू करना चाहिए।

गर्मियों में 20 मिनट के लिए ही तेल लगाना काफी हैं

ब्यूटी एक्सपर्ट रेनू माहेश्वरी बताती हैं कि तेल का काम बालों और स्कैल्प को पोषण देना होता है। जब तेल स्कैल्प पर लगाया जाता है, तो त्वचा और बाल अपनी जरूरत के अनुसार उसे कुछ ही मिनट में अब्सॉर्ब कर लेते हैं।

गर्मियों के मौसम में यह प्रक्रिया काफी जल्दी पूरी हो जाती है। इसलिए गर्मियों में तेल लगाने के लगभग 20 मिनट बाद ही आप शैंपू कर सकती हैं। इस दौरान स्कैल्प उतना तेल सोख लेती है जितना उसे चाहिए होता है और जिससे बालों को पोषण मिल सकता है। अगर आप इसके बाद भी बालों में तेल लगाकर रखती हैं, तो इसका स्कैल्प या बालों के लिए कोई फायदा नहीं होता है।

यह भी पढ़ें- Summer Hair Care: पसीने से चिपचिपे हाे गए हैं बाल? बदल लें हेयर वॉश का ये 1 तरीका

क्या रातभर बालों में तेल लगाकर रखना सही है?

कई लोग सोचते हैं कि रातभर तेल लगाकर रखने से बालों को ज्यादा पोषण मिलेगा, लेकिन ऐसा करना पूरी तरह सही नहीं है। लंबे समय तक तेल बालों में रहने से बालों की जड़ें कमजोर हो सकती हैं। अगर आप दिन में या कई दिनों तक तेल लगाकर रखती हैं तो बालों में धूल-मिट्टी जमा होने लगती है। इस वजह से बाल जल्दी गंदे होने लगते हैं और हेयर फॉल बढ़ जाता है। वैसे तो तेल के पूरे फायदे आपको 20 मिनट में ही मिल जाते हैं, लेकिन आप ज्यादा से ज्यादा एक घंटे तक बालों में तेल लगाए रख सकती हैं।

तेल लगाने से बालों को क्या फायदे मिलते हैं?

  • तेल लगाने से बालों को कई तरह के फायदे मिल सकते हैं। सही तरीके से और सही समय तक तेल लगाने से बालों की सेहत बेहतर होती है।
  • तेल स्कैल्प को आवश्यक नमी और पोषण प्रदान करता है, जिससे बालों की जड़ें मजबूत होती हैं और बालों का झड़ना काफी कम होने लगता है।
  • नियमित रूप से बालों में तेल लगाने से स्कैल्प के ड्राई होने की समस्या कम होने लगती है और बालों का झड़ना कम होने लगता है।
  • बालों में तेल लगाकर हल्की मसाज करने से स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जिससे बालों को पर्याप्त पोषण मिलता है।

बालों में सिर्फ तेल लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सही तरीके से लगाना भी जरूरी है। इसलिए आप बालों में सही तरीके और समय का ध्यान रखते हुए तेल लगाएं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Magnipik.com