रूखी और बेजान स्किन की वजह से अक्सर महिलाएं परेशान रहती हैं। धूल, धूप, प्रदूषण और दिनभर की भागदौड़ की वजह से स्किन पर बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में स्किन न सिर्फ रूखी और बेजान नजर आती है, बल्कि समय से पहले ही झुर्रियां आने लगती हैं। अगर आप भी इन सभी चीजों से बचने के लिए बाजार के महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कर रही हैं, तो अब फिजूल खर्च के बजाय आप घर पर रहकर कम खर्च में एक बेहतरीन DIY कोकोनट वाटर फेस मिस्ट तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने का तरीका बहुत आसान और सरल है, जिसे आप कुछ ही समय में घर पर तैयार कर सकती हैं। इसमें आपका ज्यादा खर्च भी नहीं लगेगा।

DIY कोकोनट वाटर फेस मिस्ट

त्वचा को गहराई से पोषण देने के लिए और रूखी-बेजान स्किन को मुलायम और खूबसूरत बनाने के लिए आप घर पर कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके कोकोनट वाटर फेस मिस्ट तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैं इस खास मिस्ट के बारे में - 

फेस मिस्ट बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

अगर आप भी चेहरे को नेचुरली सॉफ्ट और खूबसूरत बनाना चाहती हैं, तो इस मिस्ट को बनाने के लिए आपको नीचे दी गई कुछ सामग्रियों की जरूरत पड़ेगी -

  • आधा कप ताजा नारियल पानी
  • 1 बड़ा चम्मच गुलाब जल
  • 1 चम्मच ऑर्गेनिक एलोवेरा जेल
  • 2 से 3 बूंदें विटामिन E ऑयल
  • 2 से 3 बूंदें टी ट्री ऑयल 

फेस मिस्ट बनाने का तरीका

ऊपर बताई गई सभी सामग्रियों का इस्तेमाल करके आप आसानी से होममेड फेस मिस्ट तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने का तरीका बहुत ही आसान है, जिसके लिए आपको कुछ स्टेप्स फॉलो करने होंगे -

  • सबसे पहले एक साफ कटोरे में ताजा नारियल पानी लें।
  • इसमें गुलाब जल और एलोवेरा जेल डालकर अच्छी तरह फेंट लें।
  • जब यह एक अच्छा मिश्रण बन जाए, तो इसमें विटामिन ई ऑयल और टी ट्री ऑयल की कुछ बूंदें मिला दें।
  • अब इस खास मिश्रण को छानकर एक स्प्रे बोतल में भरकर रख दें।
  • आप चाहें तो इसे किसी एयर-टाइट डिब्बे में भी रख सकती हैं।
  • इसके बाद इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें।
  • अब आपका ठंडा-ठंडा कोकोनट फेस मिस्ट बनकर तैयार है।

इस्तेमाल करने का सही तरीका

इस फेस मिस्ट को सही तरीके से इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है ताकि यह स्किन पर सही से असर कर सके। इसे इस्तेमाल करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें -

  • सबसे पहले अपने चेहरे को किसी माइल्ड फेस वॉश की मदद से धो लें। इसके बाद चेहरे और गर्दन पर टोनर के रूप में इस मिस्ट को स्प्रे करें और हल्के हाथों से मसाज करते हुए सेट होने दें।
  • जब भी आप धूप या गर्मी में बाहर जाएं, या ऑफिस के AC की वजह से आपकी स्किन खिंची-खिंची महसूस हो, तो आप तुरंत इस होममेड टोनर मिस्ट का इस्तेमाल कर सकती हैं।
  • यही नहीं, मेकअप करने से पहले और मेकअप हटाने के बाद भी आप इस नेचुरल कोकोनट होममेड मिस्ट का उपयोग कर सकती हैं।  

कोकोनट फेस मिस्ट के फायदे और सावधानियां

कोकोनट फेस मिस्ट के कई फायदे हैं, लेकिन इसके इस्तेमाल के दौरान कुछ जरूरी बातों का खास ध्यान रखें। जैसे -

नारियल पानी में साइटोकिन्स मौजूद होते हैं, जो त्वचा पर उम्र के असर को कम करते हैं। इससे झुर्रियां देर से आती हैं और चेहरा हमेशा जवान नजर आता है।
इस DIY मिस्ट को हमेशा फ्रिज में स्टोर करके रखें। आप इसे हफ्तेभर रोजाना इस्तेमाल कर सकती हैं, लेकिन अगर आप इसका पहली बार इस्तेमाल कर रही हैं, तो चेहरे पर लगाने से पहले हाथों पर पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपको इससे कोई एलर्जी या रिएक्शन नहीं होता है, तो आप इसका इस्तेमाल कर सकती हैं।  

निष्कर्ष: अगर आप भी रूखी और बेजान स्किन को मुआलय और खूबसूरत बनाना चाहती हैं, तो बाजार के महंगे प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने के बजाय आप घर पर कोकोनट फेस मिस्ट तैयार कर सकती हैं। यह असरदार साबित हो सकता है।