अब खूबसूरत दिखने के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा करना भी बेहद जरूरी हो गया है। ऐसे में बता दें कि हमारे मेकअप किट में मौजूद प्लास्टिक ब्रश और केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स न सिर्फ हमारी त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि प्रकृति को भी दूषित कर सकते हैं। अगर आप अपनी ब्यूटी केयर को सस्टेनेबल बनाना चाहती हैं, तो अपने रूटीन में छोटे-छोटे बदलाव करें। जी हां, नेचुरल इंग्रीडिएंट्स और ईको-फ्रेंडली प्रोडक्ट्स अपनाकर एक सेहतमंद और पर्यावरण-अनुकूल मेकअप रूटीन अपना सकती हैं। इसके लिए हमने ब्यूटी एंड मेकअप एक्सपर्ट भारती तनेजा से भी बात की है। जानते हैं आगे...

बैंबू ब्रश को अपनाएं

मेकअप किट में सबसे ज्यादा मेकअप ब्रश होते हैं। इन्हें खरीदते समय ज्यादातर महिलाएं पैसों पर ज्यादा फोकस करती हैं और इसलिए सस्ते प्लास्टिक से बने मेकअप ब्रश का इस्तेमाल करने लगती हैं। बेहतर यही होगा कि आप प्लास्टिक ब्रश के बजाय बैंबू (बांस) से बने मेकअप ब्रश का ही चुनाव करें।

बांस एक बेहतरीन मटेरियल है, क्योंकि यह कटने के बाद बहुत जल्दी वापस बढ़ता है। इसलिए, अब जब भी आपको नया ब्रश खरीदने की जरूरत महसूस हो, तो बैंबू मेकअप ब्रश को ही प्राथमिकता दें।

इसे भी पढ़ें - ऑयली स्किन पर भूलकर भी न लगाएं ये चीजें, बढ़ सकते हैं पिंपल्स

इंग्रीडिएंट्स को न करें नजरअंदाज

मेकअप प्रोडक्ट्स खरीदते समय उसमें इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री (इंग्रीडिएंट्स) पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। कई बार ब्यूटी प्रोडक्ट्स में कई तरह की संदिग्ध सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है, जो आपकी त्वचा और पर्यावरण दोनों के लिए ही हानिकारक होती है। अगर आप पर्यावरण और अपनी स्किन दोनों का ख्याल रखना चाहती हैं, तो नेचुरल या ऑर्गेनिक इंग्रीडिएंट्स से बने मेकअप प्रोडक्ट्स को प्राथमिकता दें। बेहतर यही होगा कि आप किसी भी मेकअप प्रोडक्ट को खरीदते समय हमेशा उसके इंग्रीडिएंट लेबल को ध्यानपूर्वक पढ़ें।

पैकेजिंग पर भी दें ध्यान

जब भी आप मेकअप प्रोडक्ट्स खरीदें, तो उनकी पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दें। आपको ऐसे किसी भी प्रोडक्ट को खरीदने से बचना चाहिए, जिसकी पैकेजिंग प्लास्टिक कंटेनर में की गई हो। प्लास्टिक कंटेनर को रिसाइकिल करना बेहद मुश्किल होता है। इसके बजाय आप ऐसे मेकअप ब्रांड्स के प्रोडक्ट्स को प्राथमिकता दें, जिनकी पैकेजिंग के लिए कांच, एल्युमिनियम, बैंबू या कागज का उपयोग किया जाता है। इन सारी सामग्रियों को रिसाइकिल करने में ज्यादा कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ता।

होममेड मेकअप प्रोडक्ट्स का प्रयोग

अगर आप सच में अपने मेकअप रूटीन को पूरी तरह ईको-फ्रेंडली बनाना चाहती हैं, तो इसका सबसे अच्छा उपाय है कि आप घर पर ही मेकअप प्रोडक्ट्स बनाने का प्रयास करें।

लिपस्टिक से लेकर ब्लशर तक, आप कई तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स को बेहद आसानी से अपने घर में बना सकती हैं। इससे आपको एक साथ कई फायदे होंगे। यह बाजार के प्रोडक्ट्स के मुकाबले काफी सस्ते होंगे और नेचुरल इंग्रीडिएंट्स के इस्तेमाल के कारण यह आपकी स्किन को भरपूर लाभ पहुंचाएंगे। खास बात यह है कि नेचुरल होने के कारण इनके इस्तेमाल से पर्यावरण को भी किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होता है।

इसे भी पढ़ें - एक छोटी सी गलती से टूटने लगे बाल, रुक गई ग्रोथ; मेरे अनुभव से लें सबक 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

प्रस्तुति : गीतांजलि

Images: magnific