मौसम बदलने का असर सीधे तौर पर हमारी स्किन पर भी होता है। सर्दियों का मौसम आते ही त्वचा रूखी और बेजान होने लगती है। होंठों और एड़ियों का फटना इस मौसम में काफी आम रहता है। खासतौर पर एड़ियों की त्वचा में रूखापन बढ़ने से उनमें दरारें पड़ने लगती हैं। कई बार ये दरारें इतनी गहरी हो जाती हैं कि चलने-फिरने में दर्द और परेशानी होने लगती है और इसकी वजह से पैर भी रूखे और खराब दिखने लगते हैं। ऐसे में फटी एड़ियों को दूर करने के लिए महिलाएं कई जतन करती हैं। कई बार महंगी क्रीम से भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता है। यहां हम आपको 7 ऐसे घरेलू नुस्खों के बारे में बता रहे हैं, दिन्हें अगर अगर रोज रात को सोने से पहले आजमाएंगी, तो कुछ ही हफ्तों में आपको अंतर दिख सकता है। आइए जानते हैं 7 ऐसे आसान घरेलू उपाय, जिन्हें आप अपने नाइट फुट केयर रूटीन में शामिल कर सकती हैं।
1. एड़ियों पर लगाएं नारियल का तेल
नारियल का तेल त्वचा को मॉइस्चराइज करने में मदद करता है। इसमें मौजूद फैटी एसिड त्वचा की नमी बनाए रखने में सहायक होते हैं। रात को सोने से पहले पैरों को साफ करके अच्छी तरह सुखा लें। अब एड़ियों पर नारियल का तेल लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। नियमित रूप से ऐसा करने से एड़ियों का फटना कम होगा और एड़ियां मुलायम होंगी।
2. शहद से दें पैरों को नमी
शहद को प्राकृतिक ह्यूमेक्टेंट माना जाता है, यानी यह नमी बनाए रखने में मदद करता है। इसके लिए गुनगुने पानी में थोड़ा शहद मिलाएं और उसमें 10-15 मिनट तक पैरों को भिगोकर रखें। इसके बाद पैरों को साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें और मॉइस्चराइजर लगाएं। लगातार कुछ दिनों तक ऐसा करने से आपको फर्क महसूस हो सकता है।
3. शहद और दूध का पेस्ट लगाएं
फटी एड़ियों से राहत पाने के लिए आप थोड़ा सा शहद और गुनगुना दूध मिलाकर पैरों पर लगाएं। इसे कुछ देर रहने दें और लगभग 15-20 मिनट बाद धो लें। इससे भी एड़ियां मुलायम होंगी।
4. एलोवेरा जेल का करें इस्तेमाल
एलोवेरा जेल त्वचा को ठंडक और नमी देने में मदद कर सकता है। अगर आपकी एड़ियों की त्वचा रूखी और खिंची हुई महसूस होती है, तो रात को सोने से पहले उन पर एलोवेरा जेल लगाएं। इसे कुछ देर त्वचा पर रहने दें। संवेदनशील त्वचा होने पर पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
5. शीया बटर से करें मसाज
शीया बटर त्वचा को गहराई से मॉइस्चराइज करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसमें मौजूद फैटी एसिड त्वचा को मुलायम बनाने में मदद करते हैं। रात को सोने से पहले थोड़ी मात्रा में शीया बटर लेकर एड़ियों पर लगाएं। नियमित इस्तेमाल से रूखी त्वचा को राहत मिल सकती है।
6. गुनगुने पानी से पैरों की सिकाई करें
सर्दियों में पैरों की त्वचा को साफ और मुलायम रखने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर सकती हैं। एक टब में गुनगुना पानी लें और उसमें 5-10 मिनट तक पैर रखें। आप इस पानी में थोड़ा सा एप्सम सॉल्ट (Epsom Salt) भी मिला सकती हैं। इसके बाद मुलायम तौलिए से पैरों को थपथपाकर सुखाएं। ध्यान रखें कि पानी बहुत गर्म न हो और पैरों को ज्यादा देर तक भिगोकर न रखें।
7. ग्लिसरीन और मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें
ग्लिसरीन त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद करती है। रात को सोने से पहले पैरों को साफ करके ग्लिसरीन युक्त मॉइस्चराइजर लगाएं। इसके बाद सूती मोजे पहन लें। इससे एड़ियों की त्वचा को रूखेपन से बचाने में मदद मिल सकती है।
डॉक्टर से कब संपर्क करें?
अगर एड़ियों में गहरी दरारें हैं, खून निकल रहा है, सूजन, लालिमा या पस दिखाई दे रही है, तो घरेलू उपायों पर निर्भर न रहें। डायबिटीज या पैरों में संवेदना कम होने की समस्या वाले लोगों को भी फटी एड़ियों का इलाज डॉक्टर की सलाह से करवाना चाहिए।
नोट-किसी भी घरेलू नुस्खे का इस्तेमाल करे से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपको किसी चीज से एलर्जी है, तो उसका भी ध्यान रखें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik, Shutterstock
