हर दुल्हन चाहती है कि शादी के दिन उसका चेहरा खिला-खिला दिखे और तस्वीरों में भी वह सबसे खूबसूरत लगे। इसके लिए कई लड़कियां शादी से पहले बोटॉक्स, फिलर्स या स्किन बूस्टर्स कराने के बारे में सोचती हैं, लेकिन इनमें से कौन-सा ट्रीटमेंट आपके लिए सही रहेगा, यह सिर्फ ग्लो की चाहत से ही आप डिसाइड नहीं कर सकती हैं।
चेहरे पर झुर्रियां हैं, कहीं गड्ढे दिखते हैं या स्किन की रंगत एक जैसी नहीं है, इन सभी परेशानियों के लिए अलग तरीके अपनाए जा सकते हैं। इसलिए बिना सोचे कोई ट्रीटमेंट चुनने के बजाय पहले अपनी स्किन की जरूरत को समझना जरूरी है।
बोटॉक्स, फिलर्स और स्किन बूस्टर्स में से कौन सा सही?
ब्यूटी एक्सपर्ट अमरीश कौर बता रही हैं कि बोटॉक्स, फिलर्स और स्किन बूस्टर्स में से कौन सा सही हाे सकता है? आइए जानते हैं-
Image Credit- Magnific
बोटॉक्स: चेहरे की लकीरों और झुर्रियों के लिए
हंसते समय आंखों के पास दिखने वाली झुर्रियां या माथे की लकीरों को कम करने के लिए एक्सपर्ट बोटॉक्स की सलाह देते हैं। यह चेहरे की मसल्स की एक्टिविटी को कुछ समय के लिए धीमा कर देता है, जिससे झुर्रियां कम नजर आती हैं। बस ध्यान रखें कि बोटॉक्स की गलत मात्रा या गलत जगह इंजेक्शन लगाने से चेहरे के एक्सप्रेशंस अजीब दिख सकते हैं या भौंहों का शेप बिगड़ सकता है।
Image Credit- Magnific
फिलर्स: चेहरे पर भराव लाने के लिए
अगर उम्र या किसी वजह से चेहरे के किसी हिस्से में गड्ढा पड़ गया है या वॉल्यूम कम हो गया है, जैसे आंखों के नीचे छाया बनना, तो वहां पर फिलर्स का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, आंखों के नीचे की हर समस्या फिलर्स से ठीक नहीं होती है। अगर आंखों के नीचे सूजन है, तो फिलर्स लगाने से सूजन और नीले निशान बढ़ सकते हैं।
Image Credit- istock
स्किन बूस्टर्स: स्किन की नमी और चमक के लिए
अगर आपका पूरा फोकस स्किन को गहराई से नमी देना और कुदरती निखार लाना है, तो स्किन बूस्टर्स आपके लिए सही हो सकता है, लेकिन ध्यान रखें कि ये हर समस्या का इलाज नहीं हैं। चेहरे के दाग-धब्बों, मुंहासों या ढीली स्किन के लिए अलग ट्रीटमेंट की जरूरत होती है।
शादी से कितने दिन पहले कराएं ये ट्रीटमेंट?
शादी के ठीक 2-3 दिन पहले कोई भी नया स्किन ट्रीटमेंट कराने की गलती बिल्कुल नहीं करनी चाहिए।
- बोटॉक्स: इसका पूरा असर दिखने में लगभग 2 हफ्ते का समय लगता है।
- फिलर्स: नतीजा जल्दी दिखता है, लेकिन थोड़ी सूजन या नीले निशान ठीक होने में कई दिन लग जाते हैं।
- स्किन बूस्टर्स: इसके लिए अक्सर 1 से ज्यादा सेशन लेने पड़ते हैं।
आपके लिए क्या सही है?
आप अपनी जरूरताें के हिसाब से या एक्सपर्ट की सलाह पर इनमें से कोई भी ट्रीटमेंट करा सकती हैं।
- बोटॉक्स: माथे या आंखों के पास की लकीरों को कम करने के लिए।
- फिलर्स: चेहरे पर भराव या शेप सुधारने के लिए।
- स्किन बूस्टर्स: स्किन में नमी और चमक लाने के लिए।
ध्यान रखें कि हर किसी की स्किन अलग होती है। शादी के ग्लो के चक्कर में एक साथ कई ट्रीटमेंट न कराएं। एक्सपर्ट से सलाह लेकर ही आगे का प्रॉसेस करें। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शिक्षा के उद्देश्य से दी गई है। इसे किसी भी तरह से डॉक्टरी सलाह या मेडिकल ट्रीटमेंट का विकल्प न मानें। शादी या किसी भी मौके से पहले बोटॉक्स, फिलर्स या स्किन बूस्टर जैसा कोई भी ट्रीटमेंट कराने से पहले हमेशा किसी योग्य और सर्टिफाइड डर्मेटोलॉजिस्ट (त्वचा विशेषज्ञ) से परामर्श जरूर लें।
Image Credit- Magnific
