कर्ली हेयर दिखने में जितने खूबसूरत लगते हैं, इनकी देखभाल करना उतना ही मुश्किल काम होता है। थोड़ी सी लापरवाही या गलत प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कर्ली बालों को रूखा, बेजान और फ्रिजी बना सकता है। अगर आपके भी बाल कर्ली हैं और आप इनकी देखभाल को लेकर अक्सर परेशान रहती हैं, तो चिंता करने के बजाय 'कर्ली गर्ल मेथड' अपना सकती हैं। यह मेथड आपके बालों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यह एक ऐसा हेयर केयर रूटीन है जो घुंघराले बालों को कुदरती रूप से नमी पहुंचाता है और उन्हें उलझने से बचाता है।

कर्ली हेयर के लिए CGM मेथड

कई महिलाएं अपने बालों को नेचुरली खूबसूरत बनाने के लिए अलग-अलग तरह के महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं, लेकिन अब आप आसानी से CGM मेथड अपनाकर अपने बालों की देखभाल कर सकती हैं। आइए जानते हैं इस मेथड के बारे में विस्तार से -  

क्या है कर्ली गर्ल मेथड CGM?

कर्ली गर्ल मेथड घुंघराले बालों को सल्फेट, सिलिकॉन और हानिकारक केमिकल्स से बचाने की एक खास प्रक्रिया है। सीधे और स्ट्रेट बालों की तुलना में कर्ली बाल जल्दी ड्राई हो जाते हैं। ऐसे में CGM मेथड बालों के कुदरती तेल और नमी को लॉक करने में मदद करता है। इस रूटीन में तीन चीजों का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दिया जाता है।

  • सूखे बालों पर बारीक कंघी या ब्रश का इस्तेमाल करना।
  • सल्फेट और सिलिकॉन वाले हैवी शैंपू लगाना।
  • हीट स्टाइलिंग टूल्स जैसे स्ट्रेटनर, ब्लो ड्रायर का प्रयोग करना।

कर्ली गर्ल मेथड फॉलो करने के आसान स्टेप्स

अगर आप भी CGM मेथड शुरू करना चाहती हैं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें -

स्टेप 1: फाइनल वॉश - मेथड शुरू करने से पहले एक बार क्लेरिफाइंग शैंपू का इस्तेमाल करके अपने बाल धोएं। इससे आपके स्कैल्प और बालों में जमा सारा सिलिकॉन और गंदगी अच्छे से साफ हो जाएगी।

स्टेप 2: सल्फेट-फ्री शैंपू - इसके बाद जब भी बाल धोएं, हमेशा सल्फेट-फ्री और जेंटल शैंपू का ही इस्तेमाल करें।

स्टेप 3: सिलिकॉन-फ्री कंडीशनर - बालों को धोने के बाद पर्याप्त मात्रा में सिलिकॉन-फ्री कंडीशनर लगाएं। जब बाल गीले हों और कंडीशनर लगा हो, तभी उंगलियों या चौड़े दांतों वाले कंघे की मदद से बालों को धीरे-धीरे सुलझाएं।

स्टेप 4: स्क्रंचिंग - कंडीशनर से बालों को धोते समय थोड़ा पानी लें और हाथों से बालों को नीचे से ऊपर की तरफ दबाएं।

स्टेप 5: लीव-इन कंडीशनर या जेल - गीले बालों में ही 'लीव-इन कंडीशनर' या 'कर्ल डिफाइनिंग जेल' लगाएं, ताकि आपके कर्ल्स का प्राकृतिक शेप बना रहे।

स्टेप 6: सुखाने का सही तरीका - बालों का पानी सुखाने के लिए साधारण तौलिये की जगह माइक्रोफाइबर टॉवल का इस्तेमाल करें। अगर आपके पास माइक्रोफाइबर टॉवल नहीं है, तो आप किसी पुरानी सूती टी-शर्ट का इस्तेमाल कर सकती हैं। 

कर्ली गर्ल मेथड अपनाने के फायदे

CGM मेथड अपनाने के एक नहीं बल्कि कई फायदे हैं -

  • यह बालों को सही नमी देता है और उन्हें आपस में उलझने से रोकता है।
  • इस रूटीन से आपके घुंघराले बालों का नेचुरल पैटर्न और बाउंस वापस लौट आता है।
  • यह हानिकारक केमिकल्स से बचाकर बालों को कमजोर होकर टूटने से रोकता है। 

निष्कर्ष:अगर आपके बाल भी घुंघराले हैं और आप इनकी सही से देखभाल करना चाहती हैं, तो बाजार के महंगे प्रोडक्ट्स या तरह-तरह के केमिकल ट्रीटमेंट्स लेने के बजाय 'कर्ली गर्ल मेथड' अपनाएं। इस आसान रूटीन से आप बेजान व फ्रिजी बालों से राहत पा सकती हैं और अपने कर्ल्स को चमकदार, सॉफ्ट व खूबसूरत बना सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

(image credit: magnific)