हाथों की खूबसूरती बढ़ाने में नाखूनों का भी बड़ा रोल होता है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि बदलते मौसम में नाखूनों के किनारे की स्किन सूखकर निकलने लगती है। कभी छोटी-सी खाल बाहर निकली दिखती है, तो कभी उसके फटने से दर्द भी होने लगता है। ऐसे में बार-बार उस स्किन को खींचने या दांतों से काटने का मन करता है, लेकिन ऐसा करने से दर्द और भी बढ़ जाता है।
दरअसल, नाखूनों के आसपास की स्किन निकलने की एक आम वजह ड्राइनेस हो सकती है। बार-बार हाथ धोने, बर्तन साफ करने और लगातार साबुन या क्लीनर का इस्तेमाल करने से भी हाथ ड्राई होने लगते हैं। इसी कारण नाखूनों के पास की स्किन भी निकलती है, लेकिन अच्छी बात तो यह है कि घर पर कुछ आसान तरीकों से इससे राहत पा सकती हैं। बर्तन धोते समय ग्लव्स पहनना, रात में मॉइश्चराइजर लगाना जैसी आदतें आपकी मदद कर सकती हैं। आइए जानते हैं-
image credit- shutterstock
नाखूनों के आसपास की स्किन क्यों निकलती है?
नाखूनों के किनारे की स्किन फटने या बाहर निकलने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। सबसे आम वजहों में स्किन की ड्राइनेस और बार-बार पानी या सफाई वाले प्रोडक्ट्स के संपर्क में आना होता है।
- हाथों को बार-बार धोने या सैनिटाइजर इस्तेमाल करने से स्किन ड्राई हो जाती है।
- लंबे समय तक पानी और डिटर्जेंट के संपर्क में रहने से भी नाखूनों के आसपास की स्किन को नुकसान पहुंच सकता है।
- कुछ साबुन और क्लीनर स्किन का नेचुरल ऑयल कम कर देते हैं।
- नाखूनों के पास निकली खाल को दांतों से काटना या हाथ से खींचने पर भी स्किन और ज्यादा खिंच जाती है।
नाखूनों के आसपास की स्किन की देखभाल के लिए अपनाएं ये तरीके
अगर आप चाहती हैं कि बदलते मौसम में आपके नाखून के आसपास की स्किन खिंचे नहीं और सही सलामत रहे, तो कुछ आसान आदतें अपना सकती हैं।
1. मॉइश्चराइजर या पेट्रोलियम जेली लगाएं
अगर नाखूनों के आसपास की स्किन ड्राई रहती है, तो उसे नमी देना जरूरी है। ऐसे में हाथ धोने के बाद और रात में सोने से पहले हाथों पर मॉइश्चराइजर लगाएं। इसे नाखूनों के किनारों पर भी लगाएं। इससे स्किन में नमी बनी रहती है।
2. गुनगुने पानी में उंगलियां रखें
अगर नाखून के किनारे थोड़ी-सी खाल बाहर निकली हुई है, तो उंगली को कुछ मिनट गुनगुने पानी में रखें। इससे वह नरम हो जाएगी। इसके बाद हाथ को साफ तौलिए से सुखाएं और मॉइश्चराइजर लगाएं। बस ध्यान रखें कि पानी बहुत गर्म न हो, क्योंकि इससे ड्राइनेस और ज्यादा बढ़ सकती है।
image credit- magnific
3. निकली हुई खाल को खींचने से बचें
नाखून के पास निकली स्किन को खींचना ही सबसे बड़ी गलती होती है। ऐसा करने से स्किन और फट सकती है, खून निकल सकता है और इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे में यह गलती न करें।
4. बर्तन धोते समय ग्लव्स पहनें
अगर आप रोज बर्तन धोती हैं या घर की सफाई के लिए क्लीनर इस्तेमाल करती हैं, तो हाथों की सुरक्षा का ध्यान रखें। ऐसे काम करते समय वॉटरप्रूफ ग्लव्स पहन लें। काम खत्म होने के बाद हाथ धोकर अच्छी तरह सुखाएं और क्रीम लगा लें।
कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?
नाखूनों के आसपास की स्किन का निकलना हमेशा सिर्फ ड्राइनेस की वजह से नहीं होता है। अगर उस जगह रेडनेस, सूजन, तेज दर्द, गर्माहट या पस दिखाई दे, तो इसे इग्नोर न करें। अगर परेशानी बार-बार हो रही है या घरेलू देखभाल के बाद भी ठीक नहीं हो रही, तो एक्सपर्ट से जाकर मिल लें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
डिस्क्लेमर (Disclaimer): यह जानकारी केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। किसी भी स्किन एलर्जी, संक्रमण या गंभीर समस्या के मामले में डॉक्टर या डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें।
image credit- magnific
