गर्मी के मौसम में बालों से जुड़ी कई समस्याएं होने लगती हैं। मुख्य रूप से बालों की स्कैल्प का चिपचिपा होना और बालों की स्कैल्प में ज्यादा गर्मी का होना जैसी कई परेशानियां सामने आती हैं। कई बार हम बालों को खूबसूरत बनाने के लिए महंगे हेयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे बाल ज्यादा रूखे और बेजान भी हो सकते हैं। अगर आप बालों में कुछ नेचुरल चीजों का इतेमाल करती हैं तो बाल ज्यादा शाइनी हो सकते हैं। गर्मी में स्कैल्प को ठंडक पहुंचाने के लिए खीरा एक ऐसी सामग्री है जिसका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता है और ये बालों में ज्यादा चमक जोड़ती है। आइए आपको बताते हैं कैसे आप खीरे से बालों को ठंडक पहुंचाने वाला हेयर मास्क तैयार कर सकती हैं और गर्मी के मौसम में बालों को ज्यादा खूबसूरत बना सकती हैं। आइए जानें कैसे तैयार करें खीरे से बना हेयर मास्क।
खीरे के जूस का हेयर मास्क
खीरे के जूस से तैयार हेयर मास्क गर्मी के मौसम में आपकी स्कैल्प को ठंडक पहुंचाने में मदद कर सकता है। इसे आप आसानी से बालों की जड़ों में लगा सकती हैं और ये बालों में नेचुरल शाइन लाने में मदद करता है।
आवश्यक सामग्री
- खीरा- 1
- एलोवेरा जेल-1 चम्मच
कैसे बनाएं हेयर मास्क
- खीरे को अच्छी तरह से छील लें और इसे ब्लेंड करके पेस्ट तैयार करें।
- इसमें 1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं।
- दोनों सामग्रियों को अच्छी तरह से मिलाकर हेयर मास्क तैयार करें।
यह भी पढ़ें- Summer Hair Mask: समर सीजन में स्कैल्प की खुजली और डैंड्रफ से हैं परेशान? आजमा सकती हैं ये एक हेयर मास्क
हेयर मास्क लगाने का तरीका
- बालों को अच्छी तरह से शैंपू से साफ करें और सुखा लें।
- बालों को कंघी से सुलझा लें और हेयर मास्क अप्लाई करें।
- साफ स्कैल्प पर सीधे मास्क लगाएं और 5 मिनट तक मसाज करें।
- 15 से 20 मिनट के लिए मास्क लगाए रखें और फिर ठंडे पानी से धो लें।
- इस हेयर मास्क का इस्तेमाल आप गर्मी के मौसम में हफ्ते में कम से कम दो बार करें।
- इसके इस्तेमाल से स्कैल्प को ठंडक मिलने के साथ बाल भी शाइनी बने रहेंगे।
खीरे, दही और नारियल तेल का हेयर मास्क
अगर गर्मी के मौसम में आपके बाल रूखे और बेजान हो गए हैं तो खीरे और दही का हेयर मास्क बालों में शाइन लाने में मदद करेगा।
आवश्यक सामग्री
- खीरे का गूदा- 2 बड़े चम्मच
- गाढ़ा दही-2 बड़े चम्मच
- नारियल तेल- 1 छोटा चम्मच
यह भी पढ़ें- गर्मी में ज्यादा पसीने से स्कैल्प हो गई है चिपचिपी? गुलाब जल और नींबू का ये हेयर मास्क बालों को बना सकता है शाइनी
हेयर मास्क बनाने और इस्तेमाल का तरीका
- एक बाउल में सभी सामग्रियों को एक साथ मिलाकर हेयर मास्क तैयार करें।
- बालों को अच्छी तरह से सुलझाकर हेयर मास्क लगाएं।
- हेयर मास्क स्कैल्प से लेकर बालों के सिरों तक अच्छी तरह से लगाएं।
- 30 मिनट के लिए हेयर मास्क को लगाकर छोड़ दें। फिर बालों को पानी से अच्छी तरह से धो लें।
- यह हेयर मास्क बालों को नमी प्रदान करता है और स्कैल्प को ठंडक प्रदान करता है।
- इस हेयर मास्क का इस्तेमाल आप सप्ताह में कम से कम एक बार करें।
अगर आप भी बालों को गर्मी में ठंडक प्रदान करना चाहती हैं, तो आप खीरे से बने इन हेयर मास्क का इस्तेमाल कर सकती हैं। वैसे तो इस हेयर मास्क के कोई साइड इफेक्ट नहीं हैं, लेकिन आप इसके इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: freepik.com
