कंफर्ट नहीं, मुश्किलों में ढूंढ रहे हैं मजा, क्या है यह नया 'Friction Maxxing' ट्रेंड?

मॉडर्न टेक्नोलॉजी ने इंसान का हर काम बेहद आरामदायक और आसान बना दिया है। लोग अब एक क्लिक पर घर बैठे खाना, कपड़े और जरूरत का हर सामान बिना किसी परेशानी के मंगा लेते हैं। लेकिन इतनी सुविधा होने के बावजूद आज के युवा जानबूझकर अपनी जिंदगी में खुद से थोड़ी मुश्किलें और अड़चनें शामिल कर रहे हैं। जी हां, अब लोगों के बीच यह नया ट्रेंड जमकर चर्चा में है। हम बात कर रहे हैं 'फ्रिक्शन मैक्सिंग' की। आइए समझते हैं इस अनोखे ट्रेंड के बारे में -
क्या है 'Friction Maxxing' और क्यों शुरू हुआ यह ट्रेंड?
इस बेहद आसान होती जिंदगी के बीच युवाओं में यह नया और दिलचस्प ट्रेंड वायरल हो रहा है, जिसे 'फ्रिक्शन मैक्सिंग' कहा जा रहा है। फ्रिक्शन मैक्सिंग का सीधा सा मतलब है - जानबूझकर अपने रोजाना के कामों में थोड़ी मुश्किल, रुकावट या शारीरिक-मानसिक मेहनत शामिल करना। यह ट्रेंड मानसिक और शारीरिक ताकत को बढ़ाने और दिमाग को एक्टिव रखने में मदद करता है। जिंदगी में थोड़ी परेशानी और चुनौती शामिल करने से आलस्य दूर होने के साथ-साथ छोटी-छोटी सफलताओं का भी असली आनंद महसूस होता है।

लोग किस तरह अपना रहे हैं यह ट्रेंड?
फ्रिक्शन मैक्सिंग ट्रेंड को अब लोग अपनी दिनचर्या में तेजी से आजमा रहे हैं। इसमें लोग केवल मेहनत और संघर्ष ही नहीं, बल्कि रोजाना की कुछ सामान्य आदतों में बदलाव कर रहे हैं, जिससे वे अपनी फिजिकल और मेंटल हेल्थ को बेहतर बना सकें। लोग इसे अलग-अलग तरीकों से फॉलो कर रहे हैं; जैसे:
- लिफ्ट या एस्केलेटर का इस्तेमाल करने के बजाय जानबूझकर सीढ़ियों से जाना।
- हर छोटी चीज ऑनलाइन ऑर्डर करने के बजाय खुद पैदल जाकर बाजार से सामान खरीदना।
- कैब या बाइक के बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करना और कम दूरी तय करने के लिए पैदल चलना।
- सुबह जल्दी उठने के लिए अलार्म क्लॉक या फोन को बिस्तर से दूर कमरे के दूसरे कोने में रखना।
Friction Maxxing ट्रेंड को फॉलो करने के फायदे -
जानबूझकर किसी कठिन रास्ते या काम को चुनने से अब लोगों को परेशानियां ही नहीं, बल्कि कई शारीरिक और मानसिक फायदे भी मिल रहे हैं:
- लोग स्मार्टफोन और सोशल मीडिया की लत से आसानी से छुटकारा पा रहे हैं।
- फ्रिक्शन मैक्सिंग को अपनाने वाले लोग जानबूझकर हर बार इस्तेमाल के बाद अपने फोन से ऐप्स को लॉगआउट कर देते हैं। ऐसे में जब ऐप खोलने के लिए दोबारा पासवर्ड डालने की मशक्कत करनी पड़ती है, जिससे परेशान होकर लोग ऐप खोलने का विचार ही छोड़ देते हैं।
- मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, जब इंसान जानबूझकर किसी मुश्किल काम को पूरा करता है, तो दिमाग में गहरा अहसास होता है। इससे मेंटल टफनेस बढ़ती है और स्ट्रेस हैंडल करने की हिम्मत मिलती है।
यह भी पढ़ें- क्या है 'Pocketing' रिलेशनशिप ट्रेंड? जानें इसे पहचानने के 4 खास तरीके
सब कुछ ऑनलाइन और आसानी से मिल जाने से भले ही लाइफस्टाइल आरामदायक हो गई हो, लेकिन यह हमारे स्टैमिना को धीरे-धीरे कमजोर भी कर सकती है। इसलिए 'फ्रिक्शन मैक्सिंग' को अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। अगर आप भी अपनी मानसिक व शारीरिक क्षमताओं को फिर से बूस्ट करना चाहती हैं, तो इस वायरल ट्रेंड को जरूर ट्राई कर सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit: magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।