हर बात पर दूसरों की गलती निकालने वाले लोगों की कैसी होती है सोच? एक्सपर्ट से जानें

हर रिश्ते और महफिल में कुछ ऐसे लोग जरूर मिलते हैं, जिन्हें दूसरों के काम, रहन-सहन या स्वभाव में हमेशा कोई न कोई कमी निकालने की आदत होती है। वे छोटी-छोटी बातों पर भी इस तरह आलोचना करते हैं मानो सामने वाले ने कोई बड़ा अपराध कर दिया हो। क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसे लोगों की मानसिकता असल में कैसी होती है? वे क्यों हर वक्त दूसरों में दोष ढूंढते रहते हैं? कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत के अनुसार, यह स्वभाव केवल किसी की आदत नहीं बल्कि कई बार उनके अंदर छिपे मानसिक तनाव का परिणाम होता है। नीचे लेख में जानें ऐसे लोगों की सोच के पीछे का असली सच।
दूसरों की बुराई करने वाले लोगों की सोच कैसे होती है?
अगर आपके आस-पास या आपके ग्रुप में कोई ऐसा व्यक्ति है, जो हर किसी की बुराई करता रहता है, तो ऐसे लोगों से बचने की जरूरत है। नीचे आसान शब्दों में जानें ऐसे लोगों की सोच कैसे होती है?
खुद को बेहतर साबित करने की चाह
हर बात पर दूसरों की गलती निकालने वाले लोग दरअसल खुद को कमतर महसूस करते हैं। इस कमी को छुपाने के लिए वे दूसरों पर उंगलियां उठाते हैं। इन्हें लगता है कि जब वे दूसरों की गलतियां सबके सामने लाएंगे, तो वे खुद अधिक समझदार, श्रेष्ठ और महान साबित हो जाएंगे। यह एक तरह से इनके बचने का तरीका होता है, जिससे वे अपनी कमजोरियों से ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं।

इसे भी पढ़ें- नए शहर में महसूस कर रही हैं अकेलापन? इन 7 तरीकों से बनाएं सच्चे दोस्त
गलतियों को स्वीकार न कर पाने का डर
ऐसे स्वभाव के लोग अपनी खुद की गलतियों और असफलताओं का सामना करने से डरते हैं। इनमें इतनी हिम्मत नहीं होती कि वे अपनी कमियों को स्वीकार कर सकें। इसलिए वे अपनी गलतियों का ठीकरा दूसरों के सिर फोड़ने का आसान रास्ता चुनते हैं। जब वे दूसरों में दोष निकालते हैं, तो इनका ध्यान अपनी गलतियों से हट जाता है और वे मानसिक रूप से यह मान लेते हैं कि वे खुद बिल्कुल सही हैं।
कंट्रोल करने की जिद
दूसरों में कमी निकालने वाले लोग स्वभाव से शक्की और कंट्रोल करने वाले होते हैं। वे चाहते हैं कि इनके आस-पास की हर चीज और हर व्यक्ति इनके हिसाब से ही काम करे। जब कोई व्यक्ति इनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता या अपनी मर्जी से काम करता है, तो वे इसे सहन नहीं कर पाते।
बुराई या आलोचना करना इनके लिए दूसरों पर अपना प्रभाव और नियंत्रण बनाए रखने का एक हथियार होता है, जिससे वे दूसरों को नीचा दिखाकर खुद को ताकतवर महसूस करते हैं।
मन के अंदर की असुरक्षा
कई बार ऐसे लोग अपने जीवन में किसी पुराने धोखे या असफलता की वजह से बहुत असुरक्षित महसूस करने लगते हैं। यह असुरक्षा उनके मन में इतना डर पैदा कर देती है कि वे हर किसी को शक की नजर से देखने लगते हैं।
इन्हें लगता है कि यदि वे सतर्क नहीं रहे या दूसरों की कमियां नहीं पकड़ीं, तो लोग उनका फायदा उठा लेंगे। यही वजह है कि वे हर रिश्ते में और हर परिस्थिति में नुक्स तलाशते रहते हैं ताकि खुद को सुरक्षित रख सकें।

सहानुभूति और समझ की कमी
दूसरों की गलतियां गिनाने वाले लोगों में अक्सर दूसरों के नजरिए को समझने या उनकी भावनाओं की कद्र करने की क्षमता बहुत कम होती है। वे यह भूल जाते हैं कि हर इंसान अलग परिस्थितियों से गुजरता है और गलतियां करना मानवीय स्वभाव है। वे केवल अपने दायरे से सोचते हैं और किसी की मजबूरी या मेहनत को सराहने के बजाय उसकी सिर्फ सामने वाले की कमियों को ही देखना पसंद करते हैं।
ऐसे लोगों से डील करने का तरीका
अगर आपके आस-पास भी ऐसा कोई व्यक्ति है, तो उनकी बातों को दिल से लगाकर खुद को मानसिक रूप से परेशान न करें। यह समझें कि उनकी आलोचना उनकी अपनी मानसिक स्थिति और असुरक्षा का आईना है, न कि आपकी योग्यता का। ऐसे लोगों से बहस करने के बजाय शांत रहें और अपनी सीमाओं को तय करें।
इसे भी पढ़ें- Gen Z के प्यार करने के अंदाज से कंफ्यूज हैं मिलेनियल्स, जानें क्या है वजह?
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit- Magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।