
बारिश के मौसम में घर में आने वाली मक्खियों से पाना है छुटकारा तो ये 10 टिप्स आजमाएं
मानसून आते ही बारिश के कीड़ों के साथ घर में मक्खियां भी बहुतायत में आ जाती हैं। चाहे आप कितनी भी साफ़ जगह पर क्यों न रहती हों लेकिन मक्खियां हर जगह मौजूद होती हैं। वो खाने की चीज़ों से लेकर लगभग हर एक चीज़ पर उड़ती हैं और कई बार ये आपके बाथरूम से किचन में प्रवेश करके खाने को दूषित भी कर देती हैं। यही नहीं, मक्खियां कई सारे बैक्टीरिया और जर्म्स की वाहक होती हैं जो बीमारी का कारण बनती हैं। भले ही आपको मक्खियां ज्यादा खतरनाक न लगें लेकिन वो कई तरह के संक्रमण फैलाती हैं। इसलिए खासतौर पर बारिश के मौसम में इनसे छुटकारा पाना बहुत जरूरी है। कुछ टिप्स आजमाकर आप इनसे छुटकारा तो पा ही सकती हैं, साथ ही घर को भी साफ़ रख सकती हैं।

मिर्च का स्प्रे

अपने घर और आसपास की मक्खियों से छुटकारा पाने के लिए मिर्च का प्रयोग करें। मिर्च की खुशबू मक्खियों को दूर भगाती है और मक्खियां मिर्च युक्त खाद्य पदार्थों के पास नहीं आती हैं। अपनी पसंद की मात्रा के आधार पर 2 से 3 मिर्च लें और उन्हें मिक्सर में बारीक पीस लें। 3 से 4 कप पानी लें और मिर्च पाउडर को अच्छी तरह से पानी में मिलाएं। इस मिश्रण को एक एयरटाइट कंटेनर में बंद करके 3 दिन के लिए धूप में रख दें। 3 दिन के बाद इस तरल को छान लें और इसे एक स्प्रे बोतल में भरें। इस स्प्रे को घर की उस जगह पर डालें जहां आपको ज्यादा मक्खियां नज़र आ रही हैं।
व्हाइट वाइन

मक्खियों को भगाने के लिए व्हाइट वाइन का इस्तेमाल करना भी एक प्रभावी तरीका है। इसके लिए आप एक लीटर पानी में व्हाइट वाइन मिलाएं और उसमें डिश वॉश लिक्विड की कुछ बूंदें डालें और इस कटोरे को कमरे में रख दें। मक्खियां इसकी तरफ आकर्षित होंगी और इसमें गिरकर मर जाएंगी। आप इसे एक स्प्रे बोतल में भरकर भी छिड़काव कर सकती हैं।
तुलसी की पत्तियां

ऐसा माना जाता है कि तुलसी की महक मक्खियों को पसंद नहीं होती है। घर में मक्खियों से छुटकारा पाने के लिए तुलसी के पौधे को बगीचे में या अपनी बालकनी में लगाएं। आप तुलसी के पत्तों से मक्खियों को मारने वाला स्प्रे भी बना सकती हैं। इसके लिए तुलसी की 10 -12 पत्तियां लें और इन्हें आधे घंटे के लिए गर्म पानी में भिगोएं। पत्तियों को पानी में अच्छी तरह से मिक्स करें। आप पत्तियों को पीसकर भी पानी में मिला सकती हैं। इस पानी को छान लें और मक्खियों वाले स्थान पर स्प्रे करें।
जिंजर स्प्रे

जिंजर स्प्रे पूरी तरह से प्राकृतिक और शक्तिशाली मक्खी विकर्षक है जो बनाने में आसान है। मिर्च और तुलसी के पत्तों की तरह अदरक की तेज गंध भी मक्खियों को दूर भगाती है और उन्हें आपके घर से दूर रखती है। जिंजर फ्लाई विकर्षक बनाने के लिए कटोरी में 4 कप सामान्य पानी और 2 चम्मच बारीक सोंठ का पाउडर या अदरक का पेस्ट डालें। मिश्रण को अच्छी तरह से मिक्स करें ताकि अदरक का एसेंस पानी में अच्छी तरह मिल जाए। इस मिश्रण को छान लें और एक स्प्रे बोतल में डालें। घर में जहां भी मक्खियां इकठ्ठा हों, वहां इस स्प्रे का छिड़काव करें।
एसेंशियल ऑयल

एसेंशियल ऑयल के मिश्रण से स्प्रे बनाना मक्खियों को अपने घर से दूर रखने का एक अच्छा तरीका है। इस स्प्रे को तैयार करने के लिए आपको तेज गंध वाले कुछ तेलों की आवश्यकता होगी जैसे लौंग का तेल, अजवायन का तेल, पेपरमिंट ऑयल, लेमनग्रास ऑयल और दालचीनी का तेल। स्प्रे बनाने के लिए स्प्रे बोतल में प्रत्येक आवश्यक तेल की 10 बूंदें डालें। इसमें 2 कप पानी और और 2 कप सफ़ेद सिरका डालें। सभी सामग्रियों को एक साथ जोर से हिलाते हुए अच्छी तरह से मिक्स करें। इस स्प्रे का इस्तेमाल घर की उस जगह पर करें जहां ज्यादा मक्खियां मौजूद हों।
एप्पल साइडर विनेगर और नीलगिरी का तेल

यह कीट विकर्षक मिश्रण घरेलू मक्खियों के खिलाफ विशेष रूप से प्रभावी है। इसे बनाने के लिए आपको ¼ कप एप्पल साइडर विनेगर और लगभग 60 बूंदें नीलगिरी के तेल की लेनी है। एक स्प्रे बोतल में दोनों सामग्रियों को डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें। घरेलू मक्खियों को भगाने के लिए इस मिश्रण का स्प्रे करें या मक्खियों से बचने के लिए त्वचा पर इसे लगाएं।
कपूर का इस्तेमाल

कपूर की महक मक्खियों को बिल्कुल पसंद नहीं होती है और इसकी महक से वो कोसों दूर भागती हैं। मक्खियों को भगाने के लिए आप कपूर का स्प्रे तैयार करें। इसके लिए 8 -10 कपूर की बॉल्स को पीसकर उसका पाउडर बना लें। इस पाउडर को एक गिलास पानी में अच्छी तरह से मिक्स करें और मक्खियों वाली जगह पर इसको स्प्रे करें। इसके अलावा आप उस जगह पर कपूर जला भी सकती हैं, जहां ज्यादा मक्खियां मौजूद हों।
संतरे के छिलकों का इस्तेमाल

संतरे के छिलकों को सुखाकर जलाने से निकलने वाले धुंए से आप मक्खियों को दूर भगा सकती हैं। इसके लिए आप कम से कम 4 संतरे के छिलकों को धूप में अच्छी तरह से सुखा लें। मक्खियों के आस-पास वाले स्थान पर इन छिलकों को जलाएं और इसमें धुआं होने दें। इस धुंए की महक से मक्खियां दूर भागने लगती हैं।
सिरका और डिटर्जेंट स्प्रे

सफ़ेद सिरका और डिटर्जेंट के स्प्रे से भी मक्खियां दूर भागती हैं। इसके लिए एक कप व्हॉइट वेनेगर को एक चम्मच डिटर्जेंट पाउडर के साथ मिलाएं और इन दोनों सामग्रियों को आधे लीटर पानी में मिक्स करके स्प्रे तैयार करें। इसे स्प्रे बोतल में भरकर अच्छी तरह से मिक्स करें और मक्खियों वाले स्थान पर स्प्रे करें। इस मिश्रण को आप रोज़ पोछा लगते समय फ्लोर पर भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे घर में मक्खियां नहीं आएंगी।
दालचीनी पाउडर का इस्तेमाल

मक्खियों को दालचीनी की महक पसंद नहीं होती है और वो इससे दूर भागती हैं। जिस स्थान पर ज्यादा मक्खियां मौजूद हों वहां दालचीनी पाउडर का छिड़काव करें। इसके छिड़काव से मक्खियों से छुटकारा पाया जा सकता है।