क्या हैं She-Mart योजना ? Budget 2026 में महिलाओं के लिए बड़ा एलान

केंद्रीय बजट 2026–27 में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ‘She Marts’ नामक नई पहल की घोषणा की, जिसका उद्देश्य महिलाओं को केवल ऋण आधारित आजीविका से आगे बढ़ाकर अपने काम की मालकिन बनाना है। यह पहल खासतौर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है।
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि महिलाएं सिर्फ कर्ज लेने वाली न रहें, बल्कि सस्टेनेबल और कम्युनिटी-ओन्ड बिजनेस मॉडल के जरिए नेतृत्व की भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव लखपति दीदी योजना की सफलता से प्रेरित है, जिसने ग्रामीण भारत में लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया है।
क्या है 'She Marts'योजना?
'She Marts' के तहत कम्युनिटी-ओन्ड रिटेल आउटलेट्स स्थापित किए जाएंगे, जिनका संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी उद्यमी करेंगी। इन रिटेल स्टोर्स को क्लस्टर-लेवल फेडरेशन के अंतर्गत विकसित किया जाएगा और इनके लिए नवोन्मेषी तथा बेहतर वित्तीय साधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस मॉडल का सबसे अहम पहलू यह है कि इसमें महिलाएं केवल कर्मचारी या लाभार्थी नहीं, बल्कि स्वामित्व और निर्णय प्रक्रिया का भी हिस्सा होंगी।
यह भी पढ़ें- Budget 2026 Schema for Women: लखपति दीदी योजना से लेकर महिला सम्मान तक, जानें महिलाओं के लिए क्या लेकर आया बजट

लखपति दीदी योजना से जुड़ी है यह पहल
ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित लखपति दीदी योजना का लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू करने में मदद करना है, ताकि वे सालाना कम से कम 1 लाख रुपय की आय अर्जित कर सकें।
इस योजना के तहत महिलाओं को प्लंबिंग, LED बल्ब निर्माण, ड्रोन संचालन और मरम्मत जैसे व्यावहारिक और भविष्य-उन्मुख कौशल सिखाए जा रहे हैं। 'She Marts' इस यात्रा का अगला कदम मानी जा रही है, जहां महिलाएं अपने उत्पादों और सेवाओं को सीधे बाजार से जोड़ सकेंगी।
ग्रामीण और अर्ध-शहरी महिलाओं को मिलेगा नया बाजार
विशेषज्ञों का मानना है कि 'She Marts' से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को एक स्थायी बाजार प्लेटफॉर्म मिलेगा। इससे न सिर्फ उनकी आय बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर महिला नेतृत्व वाले व्यापार मॉडल भी मजबूत होंगे।
View this post on Instagram
महिला-केंद्रित विकास पर सरकार का जोर
अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने कहा कि बजट 2026 के प्रस्ताव महिलाओं, युवाओं, किसानों और निवेश को केंद्र में रखकर तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा,
"हमारी पहली जिम्मेदारी उत्पादकता बढ़ाकर और प्रतिस्पर्धा को मजबूत कर आर्थिक विकास को तेज और टिकाऊ बनाना है।"
यह भी पढ़ें- Nirmala Sitharaman Saree Look: इस साड़ी में दी Budget 2026 की speech, जानें क्या है खास
क्यों अहम है 'She Marts'?
- महिलाएं बनेंगी बिजनेसवुमन, सिर्फ ऋण लेने वाली नहीं।
- कम्युनिटी-आधारित और महिला-नेतृत्व वाला रिटेल मॉडल।
- ग्रामीण महिलाओं के लिए स्थायी आय और बाजार तक सीधी पहुंच।
- आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महिला सशक्तिकरण का मजबूत कदम।
बजट 2026 की यह घोषणा साफ संकेत देती है कि आने वाले वर्षों में महिलाएं भारतीय अर्थव्यवस्था की अगुवाई करती नजर आएंगी, और 'She Marts' इस बदलाव की मजबूत नींव साबित हो सकती है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।