'भाभी जी घर पर हैं' फेम एक्टर आसिफ शेख की रियल लाइफ फैमिली से मिलें

इंडियन टेलीविजन इंडस्ट्री के बहुत से कलाकार ऐसे हैं, जिन्हें लोग उनके असल नाम से कम और टीवी सीरियल में निभाए गए किरदारों के नाम से ज्यादा पहचानते हैं। ऐसे ही एक अदाकार हैं आसिफ शेख। आसिफ शेख को उनके असल नाम से ज्यादा लोग विभूति नारायण मिश्रा के नाम से अधिक पहचानते हैं।
दरअसल, टीवी का हिट कॉमेडी शो 'भाभी जी घर पर है' दर्शकों का प्रिय सीरियल बन चुका है। बीते 6 वर्षों से आ रहे इस शो ने दर्शकों के दिल में अपनी एक अलग जगह बना ली है। इसके साथ ही इस टीवी सीरियल में मुख्य किरदार निभा रहे आसिफ शेख ने भी अपनी मजेदार एक्टिंग से सभी को अपना फैन बना लिया है।
हालांकि, आसिफ शेख इंडस्ट्री के एक सीनियर एक्टर हैं और अब तक 29 से ज्यादा टीवी सीरियल्स में काम कर चुके हैं। एक्टिंग की फील्ड में आसिफ को 3 दशक का तजुर्बा हो चुका है। टीवी सीरियल्स के साथ ही आसिफ कई बॉलीवुड फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।
'भाभी जी घर पर है' में आसिफ के किरदार विभूति नारायण मिश्रा को बहुत ही शरारती दिखाया गया है, जो घर पर अपनी बीवी से तो डरता है, मगर मोहल्ले की भाभियों पर उसकी नजर रहती है। इस किरदार को आसिफ ने बहुत ही खूबसूरती और मजेदार अंदाज में निभाया है। आसिफ के डायलॉग बोलने के अंदाज को देख कर ही लोगों को हंसी आ जाती है। वैसे असल जीवन में आसिफ अपने इस किरदार से बिल्कुल जुदा हैं। आसिफ एक फैमिली मैन हैं और अपनी वाइफ से बहुत ज्यादा प्यार करते हैं। चलिए आज हम आपको आसिफ की वाइफ और उनके परिवार से मिलवाते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: ये है 'भाभी जी घर पर हैं' फेम मनमोहन तिवारी यानि रोहिताश गौड़ की रियल लाइफ फैमिली
आसिफ शेख की वाइफ
आसिफ शेख की वाइफ का नाम जेबा निगार शेख है। आसिफ उन्हें प्यार से जेबा पुकारते हैं। दोनों की शादी को 25 से अधिक का समय बीत चुका है। इतने सालों में जेबा को बहुत कम ही मीडिया से रू-ब-रू होते हुए देखा गया है, क्योंकि जेबा इंडस्ट्री की चकाचौंध से खुद को दूर रखती हैं। वह एक सिंपल हाउसवाइफ हैं और घर का और बच्चों का ख्याल रखना ही उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है। आसिफ एक लीडिंग मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में यह बात कह चुके हैं कि उन्हें अपनी वाइफ का पूरा सपोर्ट मिलता है। इंटरव्यू में आसिफ ने कहा था, 'काम के सिलसिले में ऐसा कई बार होता है, जब मैं अपने बच्चों और परिवार को पूरा वक्त नहीं दे पाता हूं। मगर मेरी अनुपस्थिति में मेरी वाइफ हमेशा ही परिवार का पूरा ध्यान रखती है और शायद इसलिए मैं बेफिक्र होकर अपना काम अच्छे से कर पाता हूं।'
इसे जरूर पढ़ें: जब साड़ी छोड़ बिकिनी में दिखीं 'अंगूरी भाभी', इतना स्टाइलिश अंदाज देख उड़ गए फैन्स के होश
आसिफ शेख की बेटी
आसिफ शेख की बेटी मरियम शेख बेहद खूबसूरत हैं और शक्ल-सूरत में आसिफ पर गई हैं। मरियम को अपने पिता की तरह एक्टिंग में तो दिलचस्पी नहीं है, मगर वह एक टैलेंट कंपनी में मैनेजर हैं। आसिफ अपनी बेटी के साथ फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम पेज पर तस्वीरें शेयर करते रहते हैं, जिन्हें देख कर पता चलता है कि मरियम किसी एक्ट्रेस की तरह स्टाइलिश और खूबसूरत हैं। (शुभांगी अत्रे की लव स्टोरी पढ़ें)
आसिफ शेख का बेटा
आसिफ शेख एक बेटे के पिता भी हैं। उनके बेटे का नाम अलिजाह शेख है। एक्टिंग में तो उन्हें इंटरेस्ट नहीं है, मगर अलिजहा फिल्म डायरेक्शन में अपना करियर बनाना चाहते हैं और उन्होंने डायरेक्टर माजिद मजीदी को भी असिस्ट किया है।
आसिफ ने एक लीडिंग मीडिया हाउस को दिए अपने पुराने इंटरव्यू में कहा था, ' मैंने स्क्रीन पर कई किरदार निभाए हैं, मगर असल जीवन में काम में व्यस्त होने के चलते एक अच्छे पिता की भूमिका निभाने में असफल रहा हूं। मुझे जब बच्चों के साथ सबसे ज्यादा समय बिताना चाहिए था, तब मैं उनके पास नहीं था। कई-कई दिन हो जाते थे और मैं उनसे मिल भी नहीं पाता था। मगर मेरे बच्चे और परिवार मेरे पेशे को समझते हैं और मेरे काम का सम्मान करते हैं। इसलिए मुझे गर्व होता है कि मुझे इतना प्यारा परिवार मिला है और मेरे बच्चे अब बड़े हो गए हैं, अच्छे-बुरे का फैसला खुद ले सकते हैं।'
एक्टर आसिफ शेख के परिवार के बारे में रोचक बातें जानकर आपको कैसा लगा हमें जरूर बताइएगा। इसी तरह और भी कलाकारों की पर्सनल लाइफ से जुड़ी बातें और परिवार के बारे में जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
Image Credit: Aasif Sheikh/instagram/facebook
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।