लखनऊ के खान-पान की बात ही निराली है। लखनऊ मुगल काल के शासकों और नवाबों का गढ़ रहा है। यहां का फूड कल्चर लखनऊ की समृद्ध विरासत को दर्शाता है। टेस्टी अड्डा में आज रेडियो सिटी की फेमस RJs से लखनऊ के 10 ऐसे फूड आउटलेट्स के बारे में जानते हैं, जहां के स्ट्रीट फूड का स्वाद चखने के बाद आप यहां बार-बार आना चाहेंगी-
मुबीन्स रेस्तरां में स्वाद चखिए निहारी कुल्चे का
रेडियो सिटी की आर जे नाज चौक के अकबरी गेट के सामने स्थित मुबीन्स रेस्तरां पहुंची और यहां की स्पेशेलिटी के बारे में बताया। इस जगह की खासियत यह है कि यहां आपको मुगलई खाने का ऑथेंटिक टेस्ट मिलता है। मुबीन्स का निहारी कुल्चा यहां का स्पेशल आइटम है। निहारी जितना गर्म और क्रिस्पी हो, खाने में उतना ही टेस्टी लगता है। इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले इनके दादाओं के समय से चले आ रहे हैं। यानी इनके दादा जी ने जो मसाले अपने समय में बनाए, उनकी दीवानगी आज भी उसी तरह बरकरार है। यहां का पसंदा भी काफी पसंद किया जाता है। इसकी स्पेशेलिटी यह है कि इसे काफी देर तक मेरिनेट किया जाता है। मैरिनेट करने के बाद इसे काफी देर तक भूना जाता है। इसे शीर माल रोटी के साथ खाने में स्वाद काफी बढ़ जाता है। इस रोटी का रंग नारंगी नजर आता है। इस रोटी को बनाने के लिए मैदे को दूध में काफी देर तक गूंथा जाता है।
नारायण वेज के वेज कबाब हैं लाजवाब
आर जे राशि पहुंची नारायण वेज आउटलेट पर और उन्होंने यहां मिलने वाले सबसे लजीज खाने के बारे में हमें बताया। यहां के वेज कबाब का स्वाद आप चख लें तो आपको लगेगा कि जैसे आप नॉनवेज कबाब्स का ही मजा ले रही हों। यह शॉप 10 साल पुरानी है। यहां वेज कबाब की कीमत महज 15 रुपये है। यहां का मशहूर वेज रोल भी आपको एक बार जरूर टेस्ट करना चाहिए। मैदे की रोटी के अंदर भरे कबाब का स्वाद चखकर आपको मजा आ जाएगा। चना और मसूर की दाल को मिलाकर उसमें कई तरह के मसाले मिलाए जाते हैं और इनसे तैयार होते हैं ये टेस्टी वेज रोल। इनकी कीमत भी सिर्फ 25 रुपये है।
चौक की फेमस राजा ठंडई
चौक की राजा ठंडई की दुकान 80 साल से ज्यादा पुरानी है और यह अपने टेस्टी ड्रिंक्स की वजह से काफी पॉपुलर है। इस शॉप का उद्घाटन खुद अटल बिहारी वाजपेजी जी ने किया था और बॉलीवुड सेलेब्स भी यहां की ठंडई का स्वाद चखने के लिए अक्सर आया करते हैं। इस ठंडई में ढेर सारे ड्राई फ्रूट्स भी होते हैं, आप उनका टेस्टी स्वाद लेते हुए ठंडई का मजा ले सकती हैं।
टुंडे कबाबी का बेहतरीन स्वाद
अमीनाबाद एरिया के नजीराबाद रोड पर स्थित है टुंडे कबाबी। 1905 में हाजी मुराद अली ने इसकी शुरुआत की थी। माना जाता है कि 100 साल पहले जो नवाब साहब हुआ करते थे, उन्हें नॉन वेज काफी पसंद था, लेकिन दांत कमजोर होने की वजह से वह नॉन वेज चबा नहीं सकते थे। इसलिए उन्होंने ऐसे कबाब खाने की ख्वाहिश की, जो मुंह में जाते ही पिघल जाएं। टुंडे कबाबी में मिलने वाले कबाब की खासियत कुछ ऐसी ही है। यहां के कबाब ऊपर से क्रिस्पी और अंदर से पूरी तरह सॉफ्ट हैं। महज 70 रुपये में ये टेस्टी कबाब उपलब्ध हैं। यानी आप यहां आराम से कबाब परांठे का मजा ले सकती हैं। यहां के टंगरी कबाब का भी जवाब नहीं। इसमें लेग पीस के भीतर इस तरह से फिलिंग की जाती है कि इसका स्वाद चखते ही आपका मन संतुष्ट हो जाता है।
प्रकाश कुल्फी में मुंह मीठा कीजिए
अमीनाबाद के इस मार्केट एरिया में प्रकाश कुल्फी की बेहद टेस्टी कुल्फी का मजा आपको जरूर लेना चाहिए। इस कुल्फी की खासियत यह है कि इसे बनाने के लिए 7-8 घंटे का समय लगता है। इसके छोटे पैक की कीमत महज 50 रुपये है। यहां की केसरिया बादाम कुल्फी का स्वाद भी अपने आप में काफी अनूठा है। फालूदे से गार्निश की हुई कुल्फी का स्वाद आपको पूरी तरह से एनर्जेटिक बना देगा। दिलचस्प बात ये है कि यह जगह लखनऊ के सबसे बिजी मार्केट्स में से एक है। यहां की कुल्फी से तरोताजा होकर आप एक बार फिर से शॉपिंग में मशगूल हो सकती हैं।
दस्तरखान में मुगलई खाने का मजा उठाइए
वी एन रोड पर लालबाग में स्थित है दस्तरखान। अगर आप अपने परिवार को एक बेहतरीन डाइनिंग एक्सपीरिएंस कराना चाहती हैं तो यहां जरूर आएं। यहां आप अपनी पूरी फैमिली के साथ मुगलाई शाही खाने का मजा उठा सकती हैं। यहां का एंबियंस भी ऐसा ही है कि यहां आकर आपको मुगलों का शाही वक्त का अहसास होने लगेगा। यहां का मटन भुना और उल्टे तवे का मुगलई पराठा। ये पराठा बहुत क्रिस्पी और सॉफ्ट होता है। मटन भुना में प्याज का बहुत अच्छा फ्लेवर आता है। ये स्पाइसी होने के साथ खाने में सॉफ्ट है। इसके अलावा यहां का चिकन लगन का स्वाद भी बेहतरीन है। ये ड्राई फ्रूट की ग्रेवी से बनता है।
शुक्ला चाट हाउस में खाइए टेस्टी चाट
अगर आपको चाट खाने का शौक है, पानी पूरी की आप दीवानी हैं और भल्ले-पापड़ी भी आपको पसंद हैं तो आपको शुक्ला चाट हाउस में अपना पसंदीदा स्ट्रीट फूड टेस्ट करने के लिए जरूर आना चाहिए। लखनऊ के दिल कहे जाने वाले हजरतगंज में स्थित इस फूडी प्लेस में आप ठंड के दिनों में टेस्टी चाट और टिक्की का मजा ले सकती हैं।
'दाल में काला' में मुगलई डिशेस का स्वाद है कमाल
तुलसी थिएटर के पीछे स्थित है 'दाल में काला' और यह आउटलेट 17 साल पुराना है। अफगानी रोस्टेड यहां की एक स्पेशल डिश है, जिसका स्वाद आपको जरूर चखना चाहिए और यह डिश यहीं की ईजाद की हुई है। यह स्पाइसी नहीं है, लेकिन इसमें हर्ब्स और स्पाइसेस का बेहतरीन स्वाद आता है। साथ ही यहां आपको ऑथेंटिक मुगलई डिशेस का स्वाद चखने को मिलता है।
जैन चाट के दही बड़े हैं अल्टीमेट
नॉवेल्टी के पास स्थित है जैन चाट। चाट का स्वाद जबान पर आते ही मूड बहुत अच्छा हो जाता है। शॉपिंग और सैर-सपाटे के बीच जैन चाट के यहां से भल्ले-पापड़ी, दही-बड़े और टिक्की का स्वाद चखना ना भूलें। यहां की पानी पूरी का स्वाद भी इतना लाजवाब है कि आप यहां बार-बार आने को ललचाएंगी।
वाहिद बिरयानी
अगर आप बिरयानी की शौकीन हैं तो आपको लखनऊ की मशहूर बिरयानी प्लेस वाहिद बिरयानी में जरूर जाना चाहिए। यहां की बिरयानी की खासियत यह है कि इसमें मसालों का स्वाद बहुत कमाल का होता है। इसकी खुशबू से ही आप इसे खाने के लिए क्रेजी हो जाएंगी। यहां खड़े मसाले नहीं, बल्कि पिसे हुए मसाले बिरयानी में डाले जाते हैं। बिरयानी के चावल का फ्लेवर बिल्कुल अनूठा होता है और इसमें जो चिकन मिला होता है, वह भी अलग फ्लेवर का होता है और इन्हें साथ में खाने का मजा और भी ज्यादा बढ़ जाता है।