Fri Sep 11, 2026 | Updated 08:40 PM IST

बच्चों को सिखाएं श्रीकृष्ण की 5 सीख, Janmashtami 2026 बनेगी और भी खास

Janmashtami 2026 पर बच्चों को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से 5 महत्वपूर्ण जीवन सीखें खेल-खेल में सिखाएं। जानते हैं, इनके बारे में...
Updated:- 2026-08-31, 14:44 IST
janmashtami 2026

सनातन धर्म में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार हर साल बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। बाल गोपाल की नटखट लीलाएं और उनका सौम्य स्वभाव न केवल बड़े-बुजुर्गों को आकर्षित करता है, बल्कि छोटे बच्चों के दिलों को भी छू लेता है। इस जन्माष्टमी 2026 में अगर आप अपने बच्चों को कुछ नया सिखाना चाहते हैं, तो कान्हा की बाल लीलाओं से बेहतर कोई माध्यम नहीं हो सकता। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक दृष्टिकोण से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसमें जीवन प्रबंधन और नैतिक मूल्यों की ढेरों सीख छिपी हुई हैं। 

यदि बच्चों को ये बातें साधारण तरीके से बताई जाएं, तो शायद वे इसमें रुचि न लें, लेकिन इन्हीं बातों को कहानियों, नाटकों और खेल-खेल के जरिए समझाया जाए, तो वे इन अनमोल सीखों को जीवन भर याद रखेंगे। आइए जानते हैं श्रीकृष्ण की उन 5 मुख्य सीखों के बारे में, जो आपके बच्चे के व्यक्तित्व को निखारने में मदद करेंगी...

श्रीकृष्ण की 5 प्रमुख सीखें और उनसे मिलने वाला संदेश

श्रीकृष्ण से जुड़ी कुछ ऐसी लीलाएं हैं, जो बच्चों को बताई जाएं तो उनके जीवन पर भी प्रभाव पड़ सकता है-

1. बिना शर्त सच्ची मित्रता निभाना (सुदामा और श्रीकृष्ण)

आज के डिजिटल युग में बच्चों को सच्चे रिश्तों की समझ होना बहुत जरूरी है। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता इस बात का सबसे अच्छा उदाहरण है। कान्हा ने कभी यह नहीं देखा कि सुदामा गरीब हैं या अमीर। जब सुदामा द्वारका आए, तो राजा होते हुए भी कृष्ण ने नंगे पैर दौड़कर उनका स्वागत किया।

सीख: ऐसे में बच्चों को सिखाएं कि स्कूल या पड़ोस में दोस्तों का चयन उनके धन या कपड़ों से न करें, बल्कि दिल की सच्चाई देखकर दोस्ती निभाएं।

1 - 2026-08-31T141524.805

2. कठिन परिस्थितियों में निडर रहना (गोवर्धन पर्वत की कथा)

जीवन में चुनौतियां हर कदम पर आती हैं। जब देवराज इंद्र के प्रकोप से गोकुल पर मूसलाधार बारिश का संकट आया, तो नन्हे कृष्ण ने अपनी कनिष्ठिका उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर पूरे गांव की रक्षा की थी। यह प्रसंग बच्चों को सिखाता है कि समस्या चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो, हिम्मत और सूझबूझ से उसका सामना करना चाहिए।

सीख: बच्चों में यह भाव जगाएं कि परीक्षा या खेल में हार के डर से घबराने के बजाय उन्हें साहस के साथ प्रयास करते रहना चाहिए।

यह भी पढ़ें- जन्माष्टमी 2026 पर रखें थीम-बेस्ड मटकी डेकोरेशन कंपटीशन, सोसाइटी में बढ़ जाएगी रौनक

3. बांटने की खुशी और उदारता (माखन चोर और फल वाली की कहानी)

श्रीकृष्ण को 'माखन चोर' भी कहा जाता है, लेकिन वे माखन अकेले नहीं खाते थे, बल्कि अपने सभी ग्वाल-बालों और बंदरों में बांटकर खाते थे। इसी तरह, फल बेचने वाली महिला को जब उन्होंने मुट्ठी भर अनाज दिया, तो उनके निश्छल प्रेम से प्रभावित होकर महिला की टोकरी रत्नों से भर गई। केवल अपने बारे में सोचना इंसान को स्वार्थी बनाता है, जबकि अपनी चीजें दूसरों के साथ साझा करने से असीम आनंद मिलता है।

सीख: बच्चों को खिलौने, टिफिन या किताबें अपने सहपाठियों के साथ शेयर करने की आदत डालें।

2 - 2026-08-31T141526.989

4. माता-पिता के प्रति सम्मान और प्रेम (माता यशोदा और कान्हा)

माता यशोदा और बाल कृष्ण के बीच का वात्सल्य भाव संस्कृति की धरोहर है। कान्हा की नटखट शैतानियों के बीच भी अपनी मैया के प्रति उनका अगाध प्रेम हमेशा छलकता रहता था। बच्चों को यह समझ में आना चाहिए कि माता-पिता की डांट के पीछे भी उनका असीम प्यार और भलाई छिपी होती है।

सीख: इस सीख से बच्चों में अपने माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों के प्रति आदर, समर्पण और जुड़ाव की भावना मजबूत होती है।

5. अच्छाई की हमेशा  बुराई पर जीत (कालिया नाग और पूतना वध)

चाहे कालिया नाग के घमंड को चूर करना हो या पूतना और कंस जैसी राक्षसी शक्तियों का अंत, श्रीकृष्ण की हर लीला यह संदेश देती है कि अधर्म और बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न दिखें, अंत में जीत सत्य और धर्म की ही होती है। गलत रास्ता आसान लग सकता है, लेकिन उसका अंजाम हमेशा बुरा होता है।

सीख: बच्चों को हमेशा सच बोलने और किसी के साथ गलत न करने की प्रेरणा दें, ताकि वे मजबूत इंसान बन सकें।

3 (93)

बच्चों को ये सीख कैसे सिखाएं?

कहानियों को केवल सुनाने के बजाय यदि उन्हें गतिविधियों में बदल दिया जाए, तो बच्चे ज्यादा तेजी से सीखते हैं।

  • रात को सोते समय बच्चों को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की रोचक कहानियां सुनाएं। 
  • घर में छोटे-छोटे नाटकों का आयोजन करें। बच्चे को कभी कान्हा तो कभी सुदामा बनने दें। 
  • बच्चों को बाल गोपाल, बांसुरी, मोरपंख या माखन की मटकी के चित्र बनाने को कहें। 
  • सुंदर और रंग-बिरंगी तस्वीरों वाली कॉमिक्स या स्टोरीबुक्स लाकर दें।

निष्कर्ष

यदि हम बचपन से ही अपने बच्चों को खेल-खेल में श्रीकृष्ण की इन 5 अनमोल सीखों से अवगत कराएंगे, तो उनमें दया, साहस, मित्रता और ईमानदारी जैसे मानवीय गुणों का विकास होगा। 

यह भी पढ़ें- Janmashtami 2026 Date & Time: 4 या 5 सितंबर, कब मनाई जाएगी कृष्ण जन्माष्टमी? जानें सही त‍िथ‍ि और शुभ मुहूर्त

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific

FAQ
माता यशोदा और कान्हा के रिश्ते से क्या सीख मिलती है?
यह रिश्ता सिखाता है कि माता-पिता की डांट के पीछे भी प्यार और भलाई छिपी होती है, इसलिए हमेशा उनका सम्मान करना चाहिए।
जन्माष्टमी 2026 कब मनाई जाएगी?
जन्माष्टमी का पावन पर्व 4 सितंबर 2026 को मनाया जाएग।
जन्माष्टमी 2026 पर बच्चों को श्रीकृष्ण के जीवन से क्या सिखाया जा सकता है?
बच्चों को खेल-खेल में सच्ची मित्रता, निडरता, चीजें बांटने की खुशी, माता-पिता का सम्मान और सच्चाई की जीत जैसे जीवन मूल्य सिखाए जा सकते हैं।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।