ऑस्कर में भारत की दावेदार मराठी फिल्म 'गोंधळ' 6 भाषाओं में होगी रिलीज, जानें तारीख?

Gondhal Movie Release Date: मराठी थ्रिलर फिल्म 'गोंधल' अब देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। खास बात यह है कि इस फिल्म को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने 18 सितंबर को इसकी घोषणा की थी। अब यह फिल्म 13 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
किन 6 भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म?
महाराष्ट्र की लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन पर आधारित 'गोंधल' में रिश्तों की उलझन, छिपे हुए राज और अपराध की एक रोमांचक कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म को मराठी के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा में भी रिलीज किया जाएगा।
क्या है मराठी फिल्म 'गोंधल' की कहानी?
फिल्म की कहानी महाराष्ट्र के एक गांव में रहने वाली सुमन के इर्द-गिर्द घूमती है। सुमन अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं है और इस रिश्ते से बाहर निकलना चाहती है। अपनी परिस्थितियों से छुटकारा पाने के लिए वह अपने प्रेमी सरजेराव की 'गोंधल' नाम के पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान के प्रति गहरी आस्था का फायदा उठाती है।
कहानी में आगे एक रात होने वाला यह पारंपरिक अनुष्ठान कई रहस्यों को सामने ले आता है। गांव में सत्ता की खींचतान, धोखे और निजी स्वार्थ की परतें खुलने लगती हैं। जिस आयोजन को धार्मिक और पवित्र माना जाता है, वही धीरे-धीरे अपराध और टकराव की वजह बन जाता है। जैसे-जैसे रात आगे बढ़ती है, हालात बिगड़ते जाते हैं और फिल्म के किरदार मुश्किल परिस्थितियों में फंस जाते हैं।
'गोंधल' के डायरेक्टर ने साझा की खुशी
फिल्म 'गोंधळ' के डायरेक्टर संतोष दवखर ने फिल्म की पैन इंडिया रिलीज को लेकर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि फिल्म का ऑस्कर तक पहुंचना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। फिल्म की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि हमारा मकसद शुरू से ही अपनी मिट्टी, उसकी संस्कृति और उसके अनकहे पहलुओं के प्रति ईमानदार रहना था।
'गोंधल' की स्टार कास्ट
फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निशाद भोइर और अनुज प्रभु अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने संभाली है, जबकि अमलेंदु चौधरी ने सिनेमैटोग्राफी की है।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र की गोंधळ रस्म क्या है, जिस पर बनी फिल्म ने ऑस्कर 2026 में बनाई जगह?
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- फिल्म 'गोंधळ' का नाम गोंधळ ही क्यों रखा गया है?
- गोंधळ महाराष्ट्र का एक पारंपरिक लोक-धार्मिक अनुष्ठान है। फिल्म की पूरी कहानी इसी अनुष्ठान की एक रात में घटने वाली घटनाओं पर आधारित है
- 'गोंधळ' को ऑस्कर के लिए किसने चुना है?
- इस फिल्म को फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने 99वें अकादमी अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना है।
- फिल्म 'गोंधळ' किस तरह की फिल्म है?
- 'गोंधळ' एक मराठी थ्रिलर फिल्म है, जिसमें सस्पेंस, रिश्तों की उलझन और ग्रामीण सत्ता-संघर्ष की कहानी दिखाई गई है, न कि सिर्फ भक्ति या लोक-नृत्य पर आधारित कहानी।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।