कुरकुरे जीरा आलू और भिंडी बनाने के मेरे ये हैक्स, आपके भी आएंगे काम

मेरा नाम सुनीता बंगवाल है और मैं एक हाउसवाइफ हूं। मैं देहरादून से हूं और मुझे हमेशा से फिल्में देखने और घूमने-फिरने का शौक रहा। हालांकि, ये सारे शौक शादी के बाद घर संभालने और बच्चों की देखभाल में घुम हो गए। मैं घर के सारे काम करने में कुशल थी और आज भी हूं मगर एक चीज जो कभी मुझे रास नहीं आई वो खाना बनाना थी। शादी के बाद, बड़ा परिवार मिला तो वो भी करना पड़ा। जब घर के लोग खाने की तारीफ करते तो अच्छा भी लगता था।
मेरे घर में मेरी मां बहुत अच्छा खाना बनाया करती थी, मां ही नहीं घर के सभी लोग खाना अच्छा बनाते लेकिन मैं हमेशा इस एक काम में पीछे रही। आज भी मुझे खाना बनाने का काम उतना नहीं पसंद, लेकिन अपने बच्चों के लिए बहुत चाव से नई डिशेज और पकवान बनाती हूं।
मैंने किसी से खाना बनाना सीखा भी नहीं बस जो आता रहा, जो घर में मां को बनाते देखा वही बनाती रही। मेरे बेटे को नए-एन पकवान बड़े अच्छे लगते हैं तो आज भी वो घर आता है तो मैं पहले ही सारी तैयारी करके रखती हूं। बच्चों के घर आने से पहले ही तय हो जाता है कि उनके लिए क्या बनेगा?
ऐसी कुछ चीजें हैं जो मेरे बच्चों को मेरे हाथ की ही पसंद आती है। तवा फ्राई भिंडी और जीरा आलू ऐसी सब्जियां हैं जो उनके मेनू में हमेशा रहता है। ये सब्जियां ऐसी हैं जिन्हें बनाना सबसे आसान है, लेकिन इन्हें बनाते हुए लोग गला देते हैं। इन 2 सब्जियों बनाते वक्त मैं खास ध्यान रखती हूं और इसलिए इन्हें अच्छे से बना भी पाती हूं।
आज ये दोनों सब्जियां बनाने के कुछ हैक्स मैं आपके साथ शेयर करूंगी। उम्मीद है कि आपको भी ये हैक्स पसंद आएंगे।
फ्राई जीरा आलू बनाने के हैक्स
आलू को उबालने और काटने का तरीका-
- कभी भी एकदम छोटे और बहुत बड़े आलू को साथ में न उबालें। ऐसे में बड़े आलू पकते नहीं और छोटे आलू एकदम से गल जाएंगे।
- मीडियम साइज आलू में बस 3 सीटी लगाएं और उन्हें एक बार चेक जरूर करें। अगर आलू न पकें तो उन्हें सीटी लगाने की जगह गर्म करें और ढककर रख लें।
- आलू को छील लें और फिर उनके बहुत ज्यादा छोटे टुकड़े न करें। आलू को सिर्फ 4 भागों में काटें। अगर आलू बड़े हैं तो उनके 5-6 टुकड़े काफी हैं।
जीरा आलू बनाने का तरीका-
- सबसे पहले कढ़ाही को गर्म करें और फिर उसमें तेल डालकर गर्म करें। इसके बाद जीरा डालकर तुरंत आलू को तेल में डाल दें।
- इन्हें पहले धीमी आंच पर ढक्कन रखकर 2 मिनट पकाएं और उसके बाद तेज आंच पर रखकर इसमें मसाले डालें। नमक एकदम आखिरी में डालें।
- करछी से चलाएं और फिर उन्हें 1 मिनट ढककर धीमी आंच पर पकाएं। आलू को ढककर बहुत देर पकाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ये पहले से उबले हुए होंगे तो और गल जाएंगे।
- मीडियम आंच पर इन्हें कुछ सेकंड्स रखने से ये नीचे से करारे हो जाएंगे। आलू थोड़ा तेल छोड़ने लगेंगे तो समझिए आपका जीरा आलू तैयार हो गया है। बस ऊपर से हरा धनिया डालकर इन्हें प्लेट में निकालकर गर्मागर्म परोसें।
तवा भिंडी बनाने के हैक्स
भिंडी को काटने का तरीका-
- तवा भिंडी बनाने के लिए, सबसे पहले भिंडी को धोकर अच्छे से सुखा लें। आप पेपर टावल से उन्हें पोंछकर भी साफ कर सकती हैं।
- इसके बाद उनके ऊपर और नीचे का थोड़ा पार्ट काटकर अलग कर लें। इसके बाद भिंडी में लंबा चीरा लगाएं। ध्यान रखें कि अगर भिंडी में सही से चीरा नहीं लगेगा तो वो तवे पर अंदर से पक नहीं पाएगी।
तवा भिंडी बनाने का तरीका-
- इसके बाद तवा गर्म करें और उसमें तेल डालें। इसके बाद आप इसमें जीरा या राई कुछ भी डाल सकती हैं। जीरा भूरा होने लगे तो इसमें भिंडी डालकर उसे चला लें।
- इसमें नमक छोड़कर सारे मसाले डालें और धीमी आंच पर 3-4 मिनट पकाएं। जब भिंडी थोड़ी से कुरकुरी होने लगे तो इसमें आखिर में नमक डालकर मिलाएं और मीडियम आंच पर 1 मिनट पकाएं।
- आपकी तवा फ्राई भिंडी बिना गिलगिली हुई एकदम क्रंची और स्वादिष्ट बनेगी।
- मेरे बच्चों को इसके अलावा मेरे हाथ का राजमा, काले चने, आलू पराठा आदि बहुत पसंद आता है। मेरे बेटे को तो हर बार कुछ नया स्वाद चाहिए होता है और इसलिए मैं अक्सर कुछ नया खोजती रहती हूं।
मैं आगे भी ऐसे ही कुछ फूड हैक्स आपके साथ शेयर करती रहूंगी। आशा है आपको मेरे ये हैक्स पसंद आएंगे।
लेखक- सुनीता बंगवाल(देहरादून की रहने वाली सुनीता बंगवाल एक गृहणी हैं। उन्हें घूमने-फिरने और फिल्में देखने का बहुत शौक है। वह घर पर खाली नहीं बैठ सकती हैं, इसलिए अक्सर कोई नई स्किल सीखती रहती हैं।)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।