Fri Sep 11, 2026 | Updated 09:31 PM IST

बच्चों को पैसे की समझ कब और कैसे दें? पेरेंट्स जरूर जानें ये बातें

आज के दौर में बच्चों को पैसे की सही समझ देना बेहद जरूरी है। हालांकि, पेरेंट्स अक्सर इस उलझन में रहते हैं कि इसकी शुरुआत कब और कैसे करें? आज के इस लेख में हम एक्सपर्ट के बताए गए तरीकों से सलाह ले सकते हैं।
Updated:- 2026-07-14, 14:31 IST
money management for children

आज के समय में बच्चों को पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ पैसे की सही समझ देना भी बेहद जरूरी है। अक्सर माता-पिता को लगता है कि बच्चे अभी बहुत छोटे हैं, वे पैसों के बारे में क्या समझेंगे? मगर सच यह है कि पैसों की कद्र न सीखने पर बच्चे बड़े होकर फिजूलखर्च करते हैं। अब सबसे बड़ा सवाल आता है कि बच्चों को इस बारे में कब समझाएं? तो आज का यह लेख आपके लिए है। कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत से जानिए बच्चों को किस उम्र में और किन आसान तरीकों से पैसों की सही समझ दी जा सकती है, जिससे वे आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

बच्चे को पैसों के बारे में किस उम्र में समझाएं?

बच्चा जैसे ही गिनती सीखने लगे या बाजार में सामान और पैसों के लेन-देन को समझने लगे, तभी से उन्हें पैसों के बारे में समझाना शुरू कर देना चाहिए। यह कोई मुश्किल काम नहीं है बल्कि आप रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों और आदतों के जरिए खेल-खेल में उन्हें यह सिखा सकती हैं। सबसे पहले उन्हें सिक्कों और नोटों की पहचान कराना सिखाएं।

how to teach money management

इसे भी पढ़ें- Chatgpt पर बढ़ती निर्भरता से बच्चों का दिमाग हो सकता है कमजोर, ऐसे संभालें स्थिति

बच्चों को पैसे की कैसे दें सीख?

बच्चों को ट्रांसपेरेंट गुल्लक लाकर दें, जिससे वे अपनी बचत को आंखों के सामने बढ़ता हुआ देख सकें। उन्हें समझाएं कि जब वे इसमें पैसे बचाएंगे, तभी अपनी पसंद का कोई खिलौना खरीद पाएंगे। साथ ही उन्हें यह बताना बहुत जरूरी है कि कौन सी चीज हमारी जरूरत है और कौन सी चीज सिर्फ हमारी चाहत है। बाजार जाते समय उन्हें कहें कि आज हम सिर्फ जरूरत का सामान खरीदेंगे।

पॉकेट मनी का मतलब बताएं

बच्चा जैसे 8-10 साल का हो, तो उसे हफ्ते या महीने की एक छोटी और बंधी हुई पॉकेट मनी दें। उन्हें खुद तय करने दें कि उन्हें यह पैसा कब और कहां खर्च करना है। अगर वे सारे पैसे एक ही दिन में खत्म कर देते हैं, तो उन्हें दोबारा पैसे न दें ताकि उन्हें अपनी गलती का एहसास हो।

how to teach money management for child

खरीदारी में शामिल करें

जब आप राशन या घर का सामान खरीदने जाएं, तो बच्चों को साथ ले जाएं। साथ ही अगर बच्चा बड़ा है, तो उन्हें 500 रुपये दें और हफ्ते भर की सब्जियां लाने के लिए बोलें। फिर उन्हें कीमतों की तुलना करना सिखाएं कि कौन सा सामान बजट में आ रहा है और कौन सा महंगा है?

पैसे मेहनत से आते हैं इसकी अहमियत समझाएं

बच्चों को समझाएं कि एटीएम या फोन पे, गूगल पे से पैसे जादू से नहीं आते हैं। यह रोज ऑफिस में कड़ी मेहनत करने से आते हैं। कभी-कभी घर के छोटे-मोटे एक्स्ट्रा कामों के बदले उन्हें छोटे इनाम दें, जिससे वे समझें कि पैसा मेहनत से आता है।

how to teach money management for child

ना सुनना सिखाएं

आज के समय में माता-पिता बच्चों के शौक बच्चों के शौक पूरे करने के हर संभव कोशिश करते हैं। अगर आप भी ऐसा करती हैं, तो यह गलत है। बच्चे की हर जिद को तुरंत पूरा न करें। अगर कोई चीज बजट से बाहर है या गैर-जरूरी है, तो प्यार से नहीं कहना और सुनना सिखाएं। साथ ही उन्हें इसका कारण बताएं।

इसे भी पढ़ें- नर्सरी क्लास में है बच्चा, इन 5 एक्टिविटी से बढ़ाएं नॉलेज

अगर आपका बच्चा छोटा है और अभी से उसे पैसों की अहमियत सीखाना चाहती हैं,तो ये एक्सपर्ट के बताए गए तरीके आजमा सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Shutterstock

 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।