
प्रियंका चोपड़ा से लेकर मीरा राजपूत तक, सेलेब्स के इन 9 मल्टीकलर लहंगों से लें फैशन इंस्पिरेशन
जहां तक लहंगों की बात आती है वहां कई डिजाइन, स्टाइल और कलर हमारा मन मोह लेते हैं। पर पिछले कुछ सालों में मोनोक्रोम, पेस्टल, सॉलिड कलर के लहंगों का चलन ज्यादा देखने को मिला था। हालांकि, अब ये बात पुरानी हो गई है। मौजूदा समय में मल्टीकलर लहंगे अपनी वापसी कर रहे हैं। प्रियंका चोपड़ा, जैकलीन फर्नांडिस, मीरा राजपूत, श्लोका मेहता जैसे सेलेब्स अपने वॉर्डरोब में मल्टीकलर लहंगा लुक्स शामिल कर रहे हैं। तो क्यों न इन मल्टीकलर लहंगों से कुछ इंस्पिरेशन ले ली जाए।

प्रियंका चोपड़ा का मल्टीकलर लहंगा-

मल्टीकलर लहंगों का फैशन दोबारा वापस लाने का कुछ श्रेय तो प्रियंका चोपड़ा को भी जा सकता है। 2018 में अपनी मेहंदी के फंक्शन में प्रियंका चोपड़ा ने अबू जानी संदीप खोसला द्वारा डिजाइन किया हुआ मल्टीकलर लहंगा पहना था जिसके साथ उन्होंने स्टेटमेंट ज्वेलरी लुक लिया था। प्रियंका का ये लहंगा काफी स्टाइलिश था और इसके बाद तो जैसे मल्टीकलर लहंगों की बहार ही आ गई।
अनन्या पांडे का मल्टीकलर लहंगा और गोल्डन ब्लाउज-

जहां बात डिजाइनर अबू जानी संदीप खोसला की हो रही है तो उनका ही डिजाइन किया हुआ ये लहंगा भी देख लीजिए। अनन्या पांडे ने गोटा पट्टी की डिजाइन वाला मल्टीकलर लहंगा स्कर्ट पहना हुआ है। ये लहंगा डिजाइन ब्राइड्समेड लुक के लिए परफेक्ट हो सकता है।
सब्यसाची का डिजाइन किया हुआ कुर्ता और लहंगा-

डिजाइनर सब्यसाची ने अपने कलेक्शन में मल्टीकलर लहंगों को लेकर कई एक्सपेरिमेंट किए हैं और यकीनन नतीजा बेहद आकर्षक है। अब इस कुर्ते और लहंगे के सेट को ही देख लीजिए। स्टेटमेंट इयररिंग्स के साथ मल्टीकलर कुर्ता और लहंगा कॉम्बिनेशन काफी अच्छा लग रहा है।
श्लोका मेहता का सब्यसाची लहंगा-

अगर बात फैशन की हो रही है तो श्लोका मेहता कहां पीछे रह सकती हैं। श्लोका मेहता ने भी सब्यसाची मुखर्जी द्वारा डिजाइन किया हुआ मल्टीकलर लहंगा पहना था। ग्रीन, पिंक, यलो शेड्स में ये लहंगा काफी जंच रहा है। पैचवर्क बॉर्डर, ऑरेंज दुपट्टा और ग्रीन रंग के ब्लाउज के साथ श्लोका ने स्टेटमेंट ज्वेलरी भी पहनी है।
मीरा राजपूत का लुक-

इस लहंगे में मल्टीकलर एम्ब्रॉइडरी की गई है। हालांकि, मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किए इस लंहगे में बेस कलर तो एक ही है, लेकिन जिस तरह से एम्ब्रॉइडरी के साथ इसे मल्टीकलर लुक दिया गया है ये बहुत अच्छा है। इस लंहगे में काफी रोचक थ्रेडवर्क किया गया है। मीरा ने इसके साथ न्यूड लुक वाला मेकअप किया है और साथ ही बहुत एलिगेंट ज्वेलरी पहनी है।
सब्यसाची ब्राइड-

सब्यसाची के 2020 समर कलेक्शन का ये लेटेस्ट क्रिएशन है। मल्टीकलर लहंगा और ब्लाउज यकीनन काफी बेहतरीन लुक दे रहा है। स्कर्ट में पैचवर्क बॉर्डर और मल्टीकलर स्ट्राइप्स का इस्तेमाल हुआ है। इसी के साथ सब्यसाची की डिजाइनर ज्वेलरी भी पहनी गई है।
जैकलीन का मल्टीकलर लहंगा-

डिजाइनर अबू जानी संदीप खोसला ने अपने कलेक्शन में कई मल्टीकलर लहंगे शामिल किए हैं और उनमें से एक है जैकलीन फर्नांडिस का ये लहंगा। इस लुक में इंद्रधनुष के रंगों का इस्तेमाल किया गया है और ट्रांसल्यूसेंट दुपट्टे के साथ जैक्लीन ने इस लुक को पूरा करने के लिए स्टेटमेंट इयररिंग्स भी पहने हैं।
डिजाइनर मल्टीकलर लहंगा लुक-

अबू जानी संदीप खोसला के कलेक्शन का ही ये डिजाइनर मल्टीकलर लहंगा लुक वृंदावन और कृष्ण रासलीला से इंस्पायर्ड है। अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस लंहगे की डिटेल्स शेयर करते हुए इस डिजाइनर डुओ ने बताया था कि ये उनके 2006 के कलेक्शन का हिस्सा रहा है। मल्टीकलर लहंगों का फैशन हमेशा से ही काफी आकर्षक रहा है।
वीरे दी वेडिंग-

डिजाइनर अबू जानी संदीप खोसला ने फिल्म वीरे दी वेडिंग की चारों लीड एक्ट्रेस को मल्टीकलर हंगों वाला लुक ही दिया था। अब खुद ही देख लीजिए कि मल्टीकलर लुक के साथ कितने एक्सपेरिमेंट किए जा सकते हैं।
अगर आपको ये स्टोरी पसंद आई हो तो इसे शेयर जरूर करें और ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।