जूट और फैब्रिक से बनाएं वर्टिकल पॉकेट गार्डन, बिना ज्यादा खर्च खाली दीवार दिखेगी हरी-भरी

हरे-भरे पेड़-पौधों के बीच बैठकर समय बिताना हर किसी को पसंद होता है। ऐसे में आज के समय में लोग अपने घर की छत या फिर बालकनी में गार्डनिंग कर रहे हैं। हालांकि, कई बार लोगों की बालकनी में इतनी जगह नहीं होती है कि वे फर्श पर गमले रख सकें। इस स्थिति में समझ नहीं आता कि क्या करें? अगर आपके साथ भी यह परशानी आ रही है, तो वर्टिकल पॉकेट गार्डन एक बेहतरीन विकल्प है। यह खाली दीवार को खूबसूरत दिखाने के साथ ही बालकनी को हरा-भरा भी रखता है। अगर आप चाहें, तो इसे लिविंग एरिया में भी बना सकती हैं। नीचे दिए गए लेख में जानें कि जूट और फैब्रिक से वर्टिकल पॉकेट गार्डन (How To Make Vertical Pocket Garden) कैसे तैयार करें? साथ ही, जानें यह क्यों खास और सही है?
जूट और फैब्रिक से वर्टिकल पॉकेट गार्डन क्यों बनाना है सही?
प्लास्टिक या सिरेमिक गमले महंगे होने के साथ-साथ दीवारों पर भारी भी पड़ते हैं। वहीं जूट और फैब्रिक का इस्तेमाल पूरी तरह से इको-फ्रेंडली है। जूट की खुरदरी बनावट पौधों की जड़ों को प्राकृतिक रूप से सांस लेने में मदद करती है और अतिरिक्त पानी को आसानी से सोखकर मिट्टी में नमी बनाए रखती है। वर्टिकल गार्डन उन लोगों के लिए एकदम सही है जो बिना किसी झंझट के अपने घर को एक फ्रेश और वाइब्रेंट लुक देना चाहते हैं।
Image Credit-Shutterstock
वर्टिकल गार्डन बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
इस खूबसूरत पॉकेट गार्डन को बनाने के लिए आपको बाजार से कोई महंगी चीज खरीदने की जरूरत नहीं है। आपके घर में ही ज्यादातर सामान आसानी से मिल जाएगा। नीचे जानें-
- पुराना जूट का बोरा या मजबूत फैब्रिक (जैसे कॉटन या डेनिम का पुराना कपड़ा)
- सिलाई के लिए मजबूत धागा और सुई या सिलाई मशीन
- दीवार पर टांगने के लिए मजबूत हुक या स्क्रू और ड्रिल मशीन
- हल्की और उपजाऊ मिट्टी कंपोस्ट खाद और कोकोपीट का मिश्रण
- छोटे और कम मिट्टी में पनपने वाले पौधे जैसे मनी प्लांट, स्पाइडर प्लांट, सिंगोनियम या सकुलेंट्स
खाली दीवार पर वर्टिकल पॉकेट गार्डन कैसे बनाएं?
अगर आप घर या बालकनी की खाली दीवार को हरा-भरा और खूबसूरत बनाना चाहती हैं, तो वर्टिकल पॉकेट गार्डन तैयार कर सकती हैं। नीचे पढ़ें पूरा तरीका-
Image Credit-ai
- सबसे पहले जूट के बोरे या कपड़े को अपनी दीवार के माप के अनुसार काट लें। अब इस कपड़े पर समानांतर आकार की कई छोटी-छोटी थैलियां या पॉकेट्स सिल लें। ध्यान रखें कि पॉकेट्स का आकार इतना बड़ा होना चाहिए कि उसमें आसानी से मिट्टी और पौधे की जड़ें आ सकें।
- जूट और कपड़ा पानी डालने पर दीवार गीली हो सकती हैं। इसलिए दीवार को नमी से बचाने के लिए पॉकेट्स के अंदर की तरफ एक पुरानी पॉलीथीन या शावर कर्टेन का टुकड़ा सिल दें। इससे दीवार खराब नहीं होगी और पानी पॉकेट के अंदर ही रहेगा।
- अब तैयार किए गए जूट के पॉकेट हैंगिंग को मजबूत हुक की मदद से अपनी बालकनी, लिविंग रूम या घर की किसी धूप वाली खाली दीवार पर टांग दें।
- हर पॉकेट में हल्की खाद युक्त मिट्टी भरें। अब इसमें अपनी पसंद के छोटे इंडोर प्लांट्स या बेल वाले पौधे लगाएं। शुरुआत में पौधों में हल्का पानी छिड़कें ताकि मिट्टी अपनी जगह पर सेट हो जाए।
इसे भी पढ़ें- छोटे गमलों में भी आसानी से उगेंगे ये 5 फलों के पौधे, अपने होम गार्डन के लिए चुनें ये बेस्ट ऑप्शंस
इसे भी पढ़ें- शौक भी और कमाई भी: बागवानी के जरिए घर बैठे महिलाएं कैसे शुरू कर सकती हैं छोटा बिजनेस?
वर्टिकल गार्डन की अच्छी बात यह है कि इसकी देखभाल करना बहुत आसान है। चूंकि यह दीवार पर टंगा होता है, इसलिए यह फर्श पर जगह नहीं घेरता। इसमें ऐसे पौधे लगाएं जिन्हें बहुत ज्यादा धूप या पानी की जरूरत न हो। हफ्ते में एक या दो बार स्प्रे बोतल से पानी का छिड़काव करना पर्याप्त रहता है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-AI
- क्या पॉकेट गार्डन को घर के अंदर टांग सकते हैं?
- हां, इसे खिड़की के पास ऐसी जगह लगाएं जहाँ हल्की धूप और हवा आती हो।
- जूट का कपड़ा पानी से सड़ता क्यों नहीं है?
- जूट हवादार होता है, लेकिन इसकी उम्र बढ़ाने के लिए नीचे ड्रेनेज होल रखें।
- पॉकेट गार्डन के लिए किस तरह की मिट्टी का इस्तेमाल करें?
- कोकोपीट और खाद मिलाकर हल्की मिट्टी तैयार करें ताकि वजन कम रहे।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।