'उन्होंने मेरी बहन के साथ बेवफाई...', दिवंगत ओमपुरी पर भड़के अन्नू कपूर, पहले भी कई बार कर चुके हैं एक्टर की आलोचना

अन्नू कपूर ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में दिवंगत अभिनेता ओम पुरी पर अपनी बहन को धोखा देने और उनकी जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया है। ओम पुरी की गिनती हिंदी सिनेमा के वर्सेटाइल एक्टर्स में होती थी, लेकिन उनकी निजी जिंदगी भी हमेशा चर्चा में रही। ओम पुरी ने अन्नू कपूर की बहन से शादी की थी, लेकिन इनकी शादी 8 महीने भी नहीं चल पाई थी। सीमा कपूर की प्रेग्नेंसी के वक्त ओम पुरी किसी और को डेट करने लगे थे। इस पूरे मामले पर अन्नू कपूर पहले भी कई बार ओम पुरी पर भड़ास निकाल चुके हैं और एक बार फिर उन्होंने कड़े शब्दों में दिवंगत अभिनेता ओम पुरी पर इल्जाम लगाए हैं। चलिए आपको बताते हैं क्या है पूरी बात?
ओम पुरी पर फूटा अन्नू कपूर का गुस्सा

ओम पुरी और अन्नू कपूर की बहन सीमा कपूर की शादी 1990 के दशक में हुई थी। इन दोनों की शादी 8 महीने भी नहीं चल पाई थी। उस वक्त ओम पुरी पर इल्जाम लगे थे कि उन्होंने प्रेग्नेंट सीमा कपूर को धोखा दिया और वो किसी और के साथ रिश्ते में आ गए थे। इस बात को लेकर अन्नू कपूर पहले भी कई बार बयान दे चुके हैं। अब हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा, "बेशक अन्नू कपूर एक शानदार और महान कलाकार थे, शायद उनके जैसा कोई कभी न हो, लेकिन यह अलग बात है कि उन्होंने पति बनने के बाद एक महिला यानी अपनी पत्नी से विश्वासघात किया और बस यही से सब गलत हो गया...मैं उस महिला का भाई हूं।" अन्नू कपूर ने ये भी कहा कि ओम पुरी की वजह से उनकी बहन की जिंदगी खराब हो गई, लेकिन सालों बाद जब वो बीमार हो गए, तो मेरी बहन ने उनकी देखभाल की थी और इस बात को लेकर मैं अपनी बहन से नाराज भी हो गया था।
ओम पुरी के निधन के वक्त अन्नू कपूर ने कही थी ये बात

ओम पुरी के निधन के वक्त अन्नू कपूर ने कहा था कि हम उतने पढ़े-लिखे, सभ्य और विनम्र हैं कि उन्हें श्रध्दांजलि दे सकें, इसलिए मैं यही कहूंगा कि भगवान उनकी आत्मा को शांति दे पर मैं अपनी बहन के बारे में सोच रहा हूं क्योंकि उसने बहुत कुछ झेला है। जब उनसे पूछा गया था कि ओम पुरी के निधन पर सीमा कपूर का क्या रिएक्शन था, तो उन्होंने कहा था, "ओम पुरी ने उसे बर्बाद कर दिया...लेकिन अभी हालात यूं है कि उसे उनके पार्थिव शरीर को देखने की भी गुंजाइश नहीं है...इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है?
जर्नलिस्ट नंदिता पुरी से की थी दूसरी शादी
ओम पुरी ने जर्नलिस्ट नंदिता पुरी से दूसरी शादी की थी। बताया जाता है कि एक इंटरव्यू के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी और फिर इनका अफेयर शुरू हुआ। इससे नाराज होकर सीमा कपूर घर से चली गईं, जो उस वक्त प्रेग्नेंट थीं। ओम पुरी और सीमा कपूर एक-दूसरे को 11 साल से जानते थे, लेकिन इनका रिश्ता चल नहीं पाया। अन्नू कपूर ने एक वक्त पर नंदिता का नाम लिए बिना कहा था कि ओम पुरी को दूसरी शादी में परेशान किया जा रहा था और इसलिए वो दोबारा उनकी बहन के पास आना चाहते थे।
बता दें कि अन्नू कपूर इस मामले में पहले भी कई बार ओमपुरी की आलोचना कर चुके हैं और उन पर तीखे आरोप भी लगाए हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।