जानें जनवरी 2025 के पंचांग के अनुसार प्रमुख पर्व और शुभ मुहूर्त। साथ ही, यही भी जाने कि इस माह पड़ने वाले पावन अवसरों की तिथियां, व्रत, त्योहार और विशेष पूजा के लिए शुभ समय क्या रहेगा। पूरे महीने का विस्तृत विवरण लेख पढ़कर प्राप्त करें।
साल 2025 की शुरुआत धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ होगी। यह महीना न केवल नए साल के स्वागत का प्रतीक होगा, बल्कि अनेक महत्वपूर्ण व्रत, त्योहार और धार्मिक आयोजनों से भरा रहेगा। खासतौर पर, इस महीने मकर संक्रांति के साथ महाकुंभ का शुभारंभ होने जा रहा है, जो हर भारतीय के लिए अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव लेकर आएगा। आइए जानते हैं जनवरी 2025 में आने वाले प्रमुख व्रत और त्योहारों की पूरी जानकारी।
जनवरी का पहला प्रमुख व्रत वरद चतुर्थी के रूप में मनाया जाएगा। यह दिन भगवान गणेश की आराधना के लिए समर्पित है। वरद चतुर्थी के दिन भक्त भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और विघ्नों के नाश की कामना करते हैं।
शुभ मुहूर्त: चतुर्थी तिथि की शुरुआत 3 जनवरी 2025 को रात 1:08 बजे होगी और इसका समापन 4 जनवरी को रात 11:39 बजे होगा।
गुरु गोबिंद सिंह जी, सिख धर्म के दसवें गुरु थे, उनकी जयंती 6 जनवरी को मनाई जाएगी। इस दिन सिख समुदाय गुरुद्वारों में कीर्तन, लंगर और प्रभातफेरियों का आयोजन करता है।
वैकुंठ एकादशी का दिन भगवान विष्णु की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। यह दिन भक्तों के लिए स्वर्ग के द्वार खोलने का प्रतीक है। पौष मास में आने वाली इस एकादशी को पुत्रदा एकादशी भी कहते हैं। जो दंपत्ति संतान सुख चाहते हैं, वो इस दिन व्रत रख सकते हैं।
शुभ मुहूर्त : पौष शुक्ल एकादशी तिथि 9 जनवरी 2025 को दोपहर 12:22 बजे शुरू होकर 10 जनवरी को सुबह 10:19 बजे समाप्त होगी।
यह विडियो भी देखें
रोहिणी व्रत जैन धर्म के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन व्रत रखने से सांसारिक सुख और आध्यात्मिक उन्नति की प्राप्ति होती है। भगवान वासुपूज्य की पूजा इस दिन विशेष रूप से की जाती है।
12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई जाएगी, जिसे राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में भी जाना जाता है। स्वामी विवेकानंद का जीवन हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
लोहड़ी का त्योहार मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा में मनाया जाता है, लेकिन अब यह पूरे भारत में धूमधाम से मनाया जाता है। यह त्योहार नई फसल के स्वागत और सर्दियों के समापन का प्रतीक है। लोहड़ी का पर्व परिवार और समाज में प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है।
14 जनवरी को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सूर्यदेव मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इस दिन को गंगा सागर स्नान और दान के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस साल मकर संक्रांति और भी ज्यादा विशेष है क्योंकि इस से ही महाकुंभ मेले का शुभारंभ हो रहा है।
शुभ मुहूर्त: गंगा स्नान और दान का शुभ मुहूर्त 9:03 सुबह से 5:46 शाम तक रहेगा।
सकट चौथ का दिन भगवान गणेश की विशेष पूजा के लिए प्रसिद्ध है। माताएं इस दिन अपने बच्चों की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं। इसे तिल-कुट चौथ के नाम से भी जाना जाता है। शाम के समय गणेश जी की पूजा के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत पूर्ण किया जाता है।
शुभ मुहूर्त- इस दिन चंद्रोदय रात 9:09 बजे होगा।
मौनी अमावस्या के दिन मौन रहकर तपस्या और ध्यान करने का विशेष महत्व है। यह दिन आत्मा की शुद्धि और ध्यान के लिए उपयुक्त माना जाता है। मौनी अमावस्या के अवसर पर गंगा स्नान और दान-पुण्य करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस दिन कुंभ मेला में गंगा स्नान का विशेष महत्व होता है।
शुभ मुहूर्त : मौनी अमावस्या 28 जनवरी को शाम 7:35 बजे शुरू होकर 29 जनवरी को शाम 6:05 बजे समाप्त होगी।
माघ मास की गुप्त नवरात्रि 30 जनवरी से आरंभ होगी। यह नवरात्रि तंत्र साधना और विशेष पूजा-अर्चना के लिए जानी जाती है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा की जाती है।
शुभ मुहूर्त: घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 9:25 से 10:46 तक है।
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
त्योहार | दिन | वार |
वरद चतुर्थी | 3 जनवरी 2025 | शुक्रवार |
गुरु गोबिंदसिंह जयंती | 6 जनवरी 2025 | सोमवार |
वैकुंठ एकादशी , पौष पुत्रदा एकादशी | 10 जनवरी 2025 | शुक्रवार |
रोहिणी व्रत | 11 जनवरी 2025 | शनिवार |
स्वामी विवेकानंद जयंती | 12 जनवरी 2025 | रविवार |
लोहड़ी | 13 जनवरी 2025 | सोमवार |
गंगा सागर स्नान , मकर संक्रांति, महा कुंभ का आरंभ | 14 जनवरी 2025 | मंगलवार |
सकट चौथ | 17 जनवरी 2025 | शुक्रवार |
माघ गुप्त नवरात्रि आरंभ | 30 जनवरी 2025 | गुरुवार |
Image Credit- freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।