गर्मी के मौसम में काम-काज से थोड़े समय की फुर्सत लेकर अगर आपने भी कहीं बाहर घूमने जाने का प्लान बना लिया है, तो फिर अपनी चेकलिस्ट भी बना लेनी चाहिए। हालांकी, इसे बनाते समय आपको उसमें क्या-क्या जरूरी चीजें शामिल करनी चाहिए, इसी से जुड़ी जानकारी आज आपको यहां पर मिल रही है। दरअसल, हम आपको 5 ऐसी जरूरी वस्तुओं के बारे में बता रहे हैं, जो कि गर्मियों में घूमने जाने के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती हैं। खास महिलाओं के लिए उपयोगी रहने वाली इन चीजों को आप अपने बैग में आसानी से पैक कर सकेंगी और अपनी यात्रा को सुविधाजनक बना सकेंगी। सर्दियों के मुकाबले गर्मी के मौसम में टहलना अक्सर थोड़ा मुश्किल होता है, क्योंकि तेज धूप और कभी-कभार वाली बारिश यात्रा के अनुभव को खराब कर सकती हैं। ऐसे में जरूरी है, कि आप अपने साथ उन चीजों को जरूर लेकर जाएं, जो आपकी यात्रा में आने वाली इस तरह की बाधाओं को कुछ हद तक कम कर सकें।
गर्मियों में यात्रा पर जाने के लिए काम आएंगी ये 5 जरूरी चीजें
चिपचिप, धूप और बरसात जैसे स्थितियों से भरे मौसम से निपटते हुए अपनी यात्रा को सहज बनाने के लिए आपको अपने साथ क्या-क्या लेकर जाना चाहिए? इसे लेकर आपकी परेशानी को कम करने के लिए हम नीचे कुछ के बारे में जानकारी दे रहे हैं-
- गर्मी का मौसम है, तो जाहिर है कि आप पहाड़ों पर जाएं या फिर समुद्र तटीय इलाकों में थोड़ी-बहुत धूप का सामना तो आपको करना ही पड़ेगा। इससे बचने के लिए सबसे जरूरी है Sunscreen, जो आपकी त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से होने वाली समस्याओं से सुरक्षित रख सकती है।
- अपने चेहरे को धूप और धूल से बचाना हो, सिर ढ़कना हो या फिर अच्छा लुक ट्रेवल लुक पाना हो, एक स्कार्फ आपके इन तीनों कामों क पूरा कर सकता है। ऐसे में गर्मी के मौसम में घूमने जा रही हैं, तो अपने साथ कॉटन से बना स्कार्फ जरूर लेकर जाएं।
- अगर आप किसी ऐसे इलाके में घूमने जा रही हैं, जहां के मौसम का कुछ पता नहीं रहता। यानी कभी भी धूप और बारिश वाला मौसम हो सकता है, तो इसके लिए आपको एक छाता भी रख लेना चाहिए। इसका इस्तेमाल आप बारिश और धूप दोनों से भी बचने के लिए कर सकती हैं।
- एक शानदार लुक और आंखों को तेज धूप से सुरक्षित रखने के लिए Sunglasses भी यात्रा में आपके काफी काम आ सकते हैं। ऐसे में आप किसी अच्छे ब्रांड के UV प्रोटक्शन वाला चश्मा ले सकती हैं, जो बाहर घूमने जाते वक्त आपके काम आ सके।
- गर्मियों के मौसम में अक्सर शरीर में पानी की कमी और कमजोरी से दिक्कतें होती हैं। अगर आप यात्रा में इन समस्याओं से खुद को दूर रखना चाहती हैं, तो अपने साथ कोई एनर्जी ड्रिंक ले जा सकती हैं। वहीं घूमते वक्त ज्यादा-से-ज्यादा पानी भी पीती रहें।
